सूजी-मैदा में बार-बार लग रहे हैं कीड़े? जानें वजह और बचाव के तरीके

सूजी और मैदा को लंबे समय तक स्टोर करने पर अक्सर कीड़े लगने की समस्या देखी जाती है। ये ऐसी चीजें हैं, जिनका इस्तेमाल रोज नहीं होता, इसलिए ज्यादातर घरों में ये कई-कई महीनों तक ऐसे ही पड़ी रहती है। ऐसे में, जब कई दिनों बाद हलवा, इडली, समोसे, कचौड़ी और कुकीज बनाने का प्लान होता है, तो बचा हुआ सूजी-मैदा खोजा जाने लगता है। जरूरत के समय जब डिब्बा खोलते हैं, तो इसमें से अजीब-सी गंध आती है या फिर कीड़े-घुन चलते हुए दिखाई देते हैं। ऐसी स्थिति में महिलाओं को समझ नहीं आता और वह इसे फेंक देती है। आप भी अगर सूजी-मैदा के खराब होने की वजह से परेशान हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आएगा। आज के इस आर्टिकल में हम आपको इसके कारण और सही तरीके से स्टोर करने के तरीके बताएंगे।
सूजी और मैदा में कीड़े क्यों लग जाते हैं?
सूजी और मैदा महीनों तक ताजा रहें और उनमें कीड़े न लगें, तो केवल एयरटाइट डिब्बे में रखना ही काफी नहीं होता। इसे स्टोर करने के लिए सही जगह और कुछ घरेलू उपाय फॉलो नहीं किए जाए, तो इसकी वजह से भी इसमें घुन या कीड़े लग जाते हैं।
1- प्लास्टिक पैकेट में लंबे समय तक रखना
कई लोग सूजी और मैदे को डिब्बे में स्टोर करके नहीं रखते। इसे ऐसे ही थैली में बंधे हुए ही छोड़ देते हैं। पैकेट में लंबे समय तक रखने से ये नमी, कीड़े, और फंगस के कारण खराब हो जाते हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि प्लास्टिक में हवा नहीं जाने के कारण अंदर नमी जम जाती है, जिससे सूजी-मैदा गीले और चिपचिपे होते और इसमें घुन या कीड़े लगने लगते हैं।
- क्या करें?- सूजी या मैदा खरीदने के बाद इसे तुरंत मजबूत एयरटाइट डिब्बे में भर दें। इसमें हवा और नमी अंदर नहीं जाएगी, तो कीड़े नहीं लगेंगे।
2- डिब्बे को नमी वाली जगहों पर रखना
इसका दूसरा कारण सही जगह पर स्टोर न करना भी हो सकता है। कई महिलाएं इसे सिंक के पास वाले ड्राअर, खिड़की के नीचे या गैस चूल्हे के पास रखती है। इससे भाप या तापमान में बार-बार बदलाव के कारण डिब्बे के अंदर तक नमी पहुंच जाती है और सूजी और मैदे में घुन लग जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- व्रत में कुट्टू, सिंघाड़ा और साबूदाना ही क्यों खाया जाता है, जानिए इसकी शुरुआत कैसे हुई?
- क्या करें?- इसे आप फ्रिज में रख सकती हैं और चाहें तो किचन में चुल्हे या सिंक से दूर रखें। इससे डिब्बे में आस-पास की सीलन की वजह से नमी नहीं जाएगी।
3- सूखे चम्मच या साफ हाथ का इस्तेमाल न करना
सूजी या मैदे में घुन और कीड़े लगने का एक कारण यह भी हो सकता है। अगर आप यूज करते समय इसमें गीला चम्मच डालती हैं या गीले हाथ से सूजी निकालती हैं, तो इसमें नमी रह जाती है।
- क्या करें? - सूजी या मैदा निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें। अगर डिब्बे में सूजी और मैदा ऊपर तक भरा हुआ है, तो इसे पहले ही किसी अलग बर्तन में निकाल लें और फिर यूज करें।
सूजी और मैदा को घुन और कीड़े से बचाने के लिए आप इसमें तेजपत्ता या लौंग डाल सकती हैं। डिब्बे में 2-3 तेजपत्ते या 4-5 लौंग डालने से कीड़े और घुन लगने की संभावना कम रहती है। इसके अलावा हर 15-20 दिन में एक बार डिब्बा खोलकर जरूर देखें।
इसे भी पढ़ें- सावन में गेहूं के आटे से ऐसे बनाएं कंसार का पारंपरिक प्रसाद, जानें 2 आसान रेसिपी
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit: Magnific, shutterstock
- सूजी और मैदा को कितने समय तक स्टोर किया जा सकता है?
- अगर इन्हें एयरटाइट कंटेनर में ठंडी और सूखी जगह पर रखा जाए, तो ये कई महीनों तक स्टोर किया जा सकता है।
- कैसे पता चलेगा कि सूजी या मैदा खराब हुआ है या नहीं?
- फफूंद जैसी गंध आ रही है, छोटे कीड़े या घुन नजर आ रहे हैं।
- मैदा कितने दिन तक खराब नहीं होता है?
- सही तरीके से रखा जाए, तो 6 से 8 महीने तक खराब नहीं होता।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।