लखनऊ घूमते समय अमीनाबाद से जरूर खरीदें ये 5 चीजें, ट्रिप का मजा होगा दोगुना
-1786433158126.webp)
लखनऊ घूमने जाएं और शॉपिंग न करें, ऐसा हो ही नहीं सकता है। खासकर अगर आपको बाजार घूमकर कपड़े, ज्वैलरी और छोटी मोटी काम की चीजें खरीदनी हैं, तो अमीनाबाद आपके लिए सबसे अच्छी जगह रहेगी। अमीनाबाद लखनऊ के सबसे पुराने और मशहूर बाजारों में से एक है। यहां आपको एक ही जगह पर कपड़े, चिकनकारी के आउटफिट्स, चूड़ियां, ज्वैलरी, फुटवियर्स, किताबें और साथ ही खाने-पीने की कई चीजें मिल जाएंगी।
लखनऊ के अमीनाबाद मार्केट में क्या खरीदें?
खास बात तो यह है कि अमीनाबाद की गलियों में घूमते हुए आपको छोटी और बड़ी कई दुकानें देखने को मिलेंगी। आप यहां अपनी पसंद और बजट के हिसाब से अलग-अलग चीजें देख सकती हैं। तो अगर आप लखनऊ घूमने जा रही हैं तो सिर्फ घूमकर वापस आने के बजाय यहां से कुछ खास चीजें घर भी ला सकती हैं।
चिकनकारी के कपड़े
लखनऊ का नाम आते ही चिकनकारी का ख्याल ही सबसे पहले आता है। अमीनाबाद में आपको कई तरह के चिकनकारी वाले कपड़े मिल जाएंगे। यहां आप अपनी पसंद के हिसाब से चिकनकारी कुर्ती, सूट, टॉप या दूसरे कपड़े खरीद सकती हैं। बस खरीदारी करते समय कपड़े की क्वालिटी और कढ़ाई को चेक जरूर कर लें। क्योंकि अलग-अलग दुकानों पर डिजाइन और काम में फर्क हो सकता है, इसलिए चेक करना जरूरी है।
चूड़ियां और आर्टिफिशियल ज्वैलरी
अगर आपको चूड़ियां पहनना पसंद है तो अमीनाबाद में आप हर डिजाइन की चूड़ियां या आर्टिफिशियल ज्वैलरी खरीद सकती हैं। यहां का गड़बड़झाला मार्केट तो इन्हीं सब चीजों के लिए फेमस है। आप यहां अपनी ड्रेस के हिसाब से अलग-अलग रंगों की चूड़ियां देख सकती हैं। इसके अलावा अमीनाबाद में आर्टिफिशियल ज्वैलरी भी मिलती है। इसलिए अगर आपको बहुत महंगी ज्वैलरी नहीं लेनी है लेकिन कोई सुंदर चीज खरीदनी है तो यहां जरूर खरीदारी करें। इसके अलावा आपको मेकअप के भी सारे सामान यहां मिल जाएंगे।
-1786433331624.webp)
जूती और दूसरे फुटवियर
अमीनाबाद से आप कपड़े और ज्वैलरी के अलावा फुटवियर भी खरीद सकती हैं। बाजार में अलग-अलग तरह के जूते-चप्पल मिलते हैं और ट्रेडिशन लुक पसंद करने वालों के लिए भी यहां कई ऑप्शन मिल जाते हैं। अगर आपने चिकनकारी का सूट या कुर्ती खरीदी है तो उसके साथ पहनने के लिए एक अच्छी जूती भी ले सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Cheapest Footwear Market: इंदौर में इस जगह लगता है फुटवियर का सबसे सस्ता बाजार, हर तरह की वैरायटी मिलेगी कम कीमत में
किताबें
अमीनाबाद सिर्फ कपड़े और ज्वैलरी की शॉपिंग के लिए ही नहीं फेमस है। यहां किताबों का बाजार भी है। अगर आपको किताबें पढ़ने का शौक है तो अमीनाबाद की बुक मार्केट जा सकती हैं, जहां आपको हर तरह की किताबें और नॉवेल मिल जाएगी।
अचार और खाने-पीने की चीजें
लखनऊ घूमने के बाद अगर आप घरवालों के लिए कुछ खाने का सामान ले जाना चाहती हैं तो अमीनाबाद में आपको अचार के भी ढेरों ऑप्शंस मिल जाएंगे। इसके अलावा यहां से आप कई तरह की खट्ठी-मीठी और तीखी नमकीन, मठरी, नमकपारे ले सकती हैं।

अमीनाबाद कैसे जाएं?
अगर आप लखनऊ में हैं तो इन तरीकों से अमीनाबाद पहुंच सकती हैं-
- अमीनाबाद पहुंचने के लिए सबसे पास का मेट्रो स्टेशन केडी सिंह बाबू स्टेडियम (1.2 किमी दूर), हुसैनगंज (लगभग 0.5 किमी) और चारबाग (2.1 किमी) है। मेट्रो स्टेशन से उतरकर आप बाहर से ई-रिक्शा या ऑटो लेकर अमीनाबाद पहुंच सकती हैं।
- इसके अलावा लखनऊ का सेंटर कहे जाने वाले निशातगंज और चारबाग से भी आपको डायरेक्ट टैंपो मिल जाएगी। इसका किराया 10 से 20 रुपये होता है।
- अगर आप अपनी कार से जाना चाहती हैं तो यह भी एक अच्छा ऑप्शन है। बस आप बाजार शुरू होने से पहले ही नगर निगम की ओर से बनाए गए पार्किंग में कार को पार्क कर दें।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के इन बाजारों में मिलेगा शॉपिंग का असली मजा
अमीनाबाद में शॉपिंग करते समय रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप अमीनाबाद में शॉपिंग करने जाने का सोच रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखेंगी तो खरीदारी अच्छे से हो पाएगी। जैसे-
- समय लेकर जाएं: अमीनाबाद एक बड़ा और काफी भीड़भाड़ वाला बाजार है, इसलिए हड़बड़ी में जाने के बजाय आराम से समय निकालकर ही खरीदारी करें।
- दुकानों की तुलना करें: कोई भी चीज पहली ही दुकान से न खरीदें, पहले आसपास की 2-3 दुकानों पर उसकी कीमत और डिजाइन जरूर देख लें।
- क्वालिटी चेक करें: कपड़े, ज्वैलरी और फुटवियर खरीदते समय उसकी क्वालिटी अच्छे से चेक कर लें।
- चिकनकारी की कढ़ाई देखें: अगर आप चिकनकारी के कपड़े खरीद रही हैं, तो कपड़े के फैब्रिक और उस पर हुई कढ़ाई की क्वालिटी को भी चेक कर लें।
- बजट में ढेरों ऑप्शन: अमीनाबाद में केवल महंगी चीजें ही नहीं मिलतीं। यहां कपड़ों से लेकर चूड़ियां, जूती, किताबें और लजीज खाने-पीने की चीजों के भी ढेरों ऑप्शंस हैं।
यह भी पढ़ें- Lucknow Market: आलमबाग में लगता है मंगल मार्केट, आप भी करें एक्सप्लोर
तो अगर आप भी लखनऊ के अमीनाबाद जाना चाहती हैं, तो हमने आपको पूरा गाइड बता दिया है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Pinterest (Khushi/CARMA)/Freepik/AI
- अमीनाबाद बाजार कब बंद रहता है?
- अमीनाबाद का मुख्य बाजार हर गुरुवार को बंद रहता है, इसलिए गुरुवार को न जाएं।
- अमीनाबाद में शॉपिंग के लिए सही समय?
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच जाएं, इस समय भीड़ कम रहती है।
- अमीनाबाद का मशहूर खाना क्या है?
- यहां का फेमस टुंडे कबाबी के कबाब-पराठे और प्रकाश की कुल्फी जरूर ट्राई करें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।