Fri Sep 11, 2026 | Updated 08:04 PM IST

अरावली की पहाड़ी काटकर बना था नीमराना फोर्ट, जानिए राजस्‍थान के इस महल की खासियत

अगर आप दिल्ली या जयपुर के आसपास किसी ऐसी जगह घूमने का प्लान बना रही हैं, जहां इतिहास, शाही ठाठ और खूबसूरत नजारे एक साथ देखने को मिलें, तो राजस्थान का नीमराना फोर्ट आपके लिए बेहतरीन है।
Updated:- 2026-08-03, 19:58 IST
neemrana fort history

हमारे यहां भारत में घूमने-फ‍िरने की कई जगहें हैं। जब भी खूबसूरत राज्यों की बात होती है तो राजस्‍थान का नाम जरूर लि‍या जाता है। राजस्‍थान के बारे में सोचते ही शाही महल, क‍िले, अच्‍छा खाना, इन्‍हीं सब की तस्‍वीर हमारे आंखों के सामने आ जाती हैं। राजस्‍थान में जयपुर का हवा महल और आमेर क‍िला, जोधपुर का मेहरानगढ़ कि‍ला, बीकानेर के जूनागढ़ क‍िला जैसी कई शाही जगहें फेमस हैं।

उन्‍हीं में से एक है अलवर का नीमराना फोर्ट। अरावली की पहाड़‍ियों पर बना यह शानदार क‍िला करीब 560 साल पुराना है। आज इसे एक लग्जरी हेरिटेज होटल में बदल दिया गया है। यहां हर साल हजारों लोग सिर्फ ठहरने ही नहीं, बल्कि इसकी शानदार वास्तुकला, पुराने महल, खूबसूरत बगीचे और शाही माहौल का एक्‍सपीर‍ियंस लेने के ल‍िए भी आते हैं।

अगर आप इतिहास में दिलचस्पी रखती हैं या वीकेंड पर किसी खास जगह घूमना चाहती हैं, तो नीमराना फोर्ट जरूर आपकी लिस्ट में होना चाहिए। आइए जानते हैं इस ऐतिहासिक महल की खास बातें।

neemrana fort history (3)

15वीं सदी में बना था नीमराना फोर्ट

आपको बता दें क‍ि नीमराना फोर्ट राजस्थान के अलवर जिले में है। यह 1464 में बनकर तैयार हुआ था। इस दौरान पहाड़ों को थोड़ा काटना भी पड़ा था। यह किला कभी राजपूत शासक पृथ्वीराज चौहान III के वंशजों की तीसरी राजधानी माना जाता था। कई सदियों तक यह शाही परिवार से जुड़ा रहा और बाद में इसे संरक्षित करके हेरिटेज होटल बना द‍िया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR के पास घूमने की 6 बेस्ट जगहें, एक दिन में हो जाएगी वापसी

अरावली की पहाड़ियों पर बना है यह महल

नीमराना फोर्ट अरावली पर्वतमाला की ढलानों पर बना हुआ है। ये तो आप सभी जानती ही होंगी क‍ि अरावली दुनिया की सबसे पुरानी पहाड़ियों में से एक है। यह किला पहाड़ी की बनावट को ध्यान में रखकर ही बनाया गया है। इसी वजह से दूर से देखने पर यह किला अलग से नहीं दिखता, बल्कि पहाड़ का ही एक हिस्सा लगता है। यही बात इस किले की सबसे बड़ी और खास बात है।

11 मंजिलों में फैला है पूरा किला

यह किला लगभग 10 हेक्टेयर एर‍िया में फैला हुआ है और इसमें 11 अलग-अलग टियर हैं। एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंचने के दौरान आपको कई आंगन, सीढ़ियां, गलियारे, बगीचे और खुले हिस्से देखने को मिलते हैं। पूरा किला घूमने में ही काफी समय लग जाता है।

यह भी पढ़ें- Road Trip From Jaipur: माॅनसून में जयपुर से रोड ट्रिप के लिए बेस्ट हैं ये जगहें, गर्ल्‍स प्‍लान कर सकती हैं ट्र‍िप

अब बन चुका है हेरिटेज होटल

आज नीमराना फोर्ट भारत के सबसे पुराने हेरिटेज रिजॉर्ट्स में गिना जाता है। यहां पर्यटक कमरे बुक करके शाही अंदाज में स्‍टे कर सकते हैं। अगर रुकना नहीं चाहती हैं आप, तो फ‍िक्‍स्‍ड एंट्री फीस देकर दिन में घूमने भी जा सकती हैं।

neemrana fort history (1)

हर कमरा है अलग

इस फोर्ट में 72 कमरे हैं, जो 8 अलग-अलग हिस्सों में बने हुए हैं। खास बात तो यह है कि हर कमरे का नाम, डिजाइन और डेकोरेशन अलग रखा गया है। पुराने महल की खूबसूरती को बरकरार रखते हुए कमरों में कई माॅडर्न फैस‍िल‍िटीज भी दी गई हैं, ताकि मेहमानों को कोई समस्‍या न हो।

यह भी पढ़ें- Rajasthan घूमने का बना रहीं प्‍लान, तो पहलें जान लें रजवाड़ों की धरती से जुड़े ये 5+ दिलचस्प फैक्ट्स

नीमराना फोर्ट में मिलती हैं कई तरह की सुविधाएं

नीमराना फोर्ट सिर्फ ठहरने की जगह नहीं है। यहां आने वाले लोगों के लिए कई तरह की सुविधाएं हैं। जैसे-

  • स्विमिंग पूल
  • हैंगिंग गार्डन
  • स्पा और बॉडी ट्रीटमेंट
  • कॉन्फ्रेंस हॉल
  • पुराने समय की याद दिलाने वाली विंटेज कार राइड
  • एडवेंचर लवर्स के लिए जिप लाइन (Zip Line)

यही वजह है कि यहां फैम‍िली, फ्रेंड्स, बिजनेस ट्रैवलर और कपल्स सभी तरह के लोग पहुंचते हैं।

खाने के भी हैं कई ऑप्‍शन

नीमराना फोर्ट की एक खास बात यह भी है कि यहां खाने के लिए सिर्फ एक ही रेस्टोरेंट नहीं है। महल के अलग-अलग हिस्सों में बैठकर खाने का भी आप एक्‍सपीर‍ियंस ले सकती हैं। यहां आप कई तरह के व्यंजनों का स्वाद ले सकती हैं, जैसे-

  • राजस्थानी खाना
  • इंड‍ियन कुजीन
  • फ्रेंच फूड
  • इटैलियन
  • थाई
  • कॉन्टिनेंटल
  • चाइनीज

त्योहारों और पीक सीजन में तो यहां ट्रेड‍िशनल भारतीय व्यंजन भी खास तौर पर परोसे जाते हैं।

यह भी पढ़ें- Pink City Jaipur History: जयपुर को सब कहते हैं 'पिंक सिटी', पर क्या आप जानते हैं यह गुलाबी शहर कैसे और क्यों बना?

शादी और इवेंट्स के लिए भी है मशहूर

पिछले कुछ सालों में नीमराना फोर्ट डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी काफी ज्‍यादा पॉपुलर हो गया है। रॉयल्टी, सुंदर डेकोरेशन और पहाड़ियों का नजारा शादी को यादगार बना देता है। इसके अलावा यहां कॉर्पोरेट मीटिंग और दूसरे बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

दिल्ली और जयपुर से पहुंचना है आसान

नीमराना फोर्ट दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर स्थित है। इसलिए दिल्ली और जयपुर, दोनों शहरों से आप यहां आसानी से पहुंच सकती है।

  • दिल्ली से दूरी: लगभग 130-135 किलोमीटर
  • जयपुर से दूरी: लगभग 150 किलोमीटर

इसी वजह से यह जगह वीकेंड ट्रिप के लिए काफी पसंद की जाती है।

घूमने का सबसे अच्छा समय

नीमराना फोर्ट घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच का होता है। इस दौरान मौसम भी काफी अच्‍छा रहता है और पूरे किले को आप आराम से देख सकती हैं। मानसून में भी यहां की हरियाली काफी खूबसूरत लगती है, लेकिन बारिश के कारण फिसलन हो सकती है।

Source: https://www.tourism.rajasthan.gov.in/content/rajasthan-tourism/en/tourist-destinations/neemrana-fort-alwar.html

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Incredible India/Neemrana Hotels

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।