Fri Sep 11, 2026 | Updated 10:11 PM IST

लखनऊ का इकलौता मंदिर, जहां एक ही शिवलिंग पर विराजमान है पूरा शिव परिवार

लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित काशीश्वर महादेव मंदिर में एक शिवलिंग पर पूरा शिव परिवार विराजमान है। यह मंदिर 1860 में बनवाया गया था, जो अपनी अनूठी विशेषता के लिए प्रसिद्ध है।
Updated:- 2026-07-27, 08:15 IST
unique Shiva Linga in India Kashishwar Mahadev Temple

लखनऊ के मोहनलालगंज में स्थित काशीश्वर महादेव मंदिर अपनी विशेषता के लिए प्रसिद्ध है। यहां स्थापित लगभग 4 फीट ऊंचे शिवलिंग में ही पूरा शिव परिवार विराजमान माना जाता है। इस शिवलिंग पर प्राकृतिक रूप से बनी लाल धारियों और आकृतियों में माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की छवि साफ दिखाई देती है। इसे साल 1860 में राजा काशी प्रसाद द्वारा बनवाया गया था। नीचे लेख में जानें इस मंदिर की खासियत क्या है? साथ ही जानें यहां कैसे पहुंचे?

काशीश्वर महादेव मंदिर का इतिहास

इस मंदिर का निर्माण 1860 में राजा काशी प्रसाद ने करवाया था और उन्हीं के नाम पर इसका नाम काशीश्वर महादेव पड़ा। यह मंदिर भारतीय स्थापत्य कला और लखनवी नवाबी वास्तुकला के आधार पर बना है। इसमें अष्टकोणीय मतलब 8 कोनों वाली संरचना है। साथ ही इसके चारों ओर आठ छोटे शिवालय बने हुए हैं।

mandir facts mohanlalganj

इस मंदिर का शिखर इतना ऊंचा है कि इसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है। काशीश्वर महादेव प्राचीन मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्थल है।

इसे भी पढ़ें- गुजरात के सोमनाथ मंदिर जाने का बनाएं प्लान, जानें दर्शन का सही समय और लोकेशन

शिवलिंग पर विराजमान है पूरा परिवार

मोहनलालगंज के स्थानीय निवासी रोहित गोस्वामी ने बताया कि शिवलिंग में माता पार्वती, भगवान गणेश व कार्तिकेय की छवि है। शिवलिंग पर बनी लाल धारियों को शिव परिवार की छवि माना जाता है। वहीं इसके अलावा गर्भग्रह में गणेश, मां दुर्गा, सूर्य देव व विष्णु भगवान की मूर्तियां विराजमान हैं।

Shiva temple Mohanlalgunj

जबकि नंदी महाराज गर्भग्रह के बाहर बैठे हैं। इसके इतर उन्होनें बताया कि गांव के अधिकतर लोग रोजाना बाबा के दर्शन के बाद दिनचर्या की शुरूआत करते हैं।

काशीश्वर महादेव मंदिर खुलने और आरती का समय

मंदिर सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है। महाशिवरात्रि और सावन के महीने में यहां भक्तों की भारी भीड़ लगती है। प्रतिदिन शाम को डमरू, नगाड़ों और मंजीरों की थाप पर बाबा का भव्य शृंगार और महाआरती की जाती है। इसके अलावा वह मंदिर के बारे में बताते हुए कहते हैं कि मंदिर का शिखर इतना ऊंचा है, कि पांच किलोमीटर दूर से यह नजर आता है।

काशीश्वर महादेव मंदिर कैसे पहुंचे?

अगर आप इस सावन काशीश्वर महादेव मंदिर के दर्शन करना चाहती हैं, तो आपको लखनऊ चारबाग स्टेशन या रायबरेली स्टेशन आना होगा। यहां से जानें पहुंचने मोहनलालगंज पहुंचने का तरीका-

Kashishwar Mahadev Temple

  • लखनऊ चारबाग स्टेशन से मोहनलालगंज की दूरी 25-30 किलोमीटर है। चारबाग से आटो रिक्शा या बस लेकर यहां पहुंच सकती हैं।
  • रायबरेली स्टेशन से मोहनलालगंज की दूरी 58 किलोमीटर के आस-पास है। यहां आप आटो रिक्शा या बस लेकर पहुंच सकती हैं।
  • मोहनलालगंज मेन रोड से मंदिर की दूरी 740 मीटर है, जहां आप पैदल या वाहन से कुछ मिनट में पहुंच सकती हैं।

इसे भी पढ़ें- वृंदावन के प्रेम मंदिर घूमने जा रही हैं? इन 3 नियमों का जरूर रखें ध्यान

अगर आप भी इस सावन प्राचीन और अनोखे शिव मंदिर के दर्शन करना चाहती हैं, तो मोहनलालगंज में स्थित काशीश्वर महादेव मंदिर जा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit- Rohit Goshwami Page

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।