सिर्फ 15 मिनट में तैयार करें चटपटी लाहौरी आलू की सब्जी, बेहद आसान है इसे बनाना

कई बार रोजाना एक जैसी आलू की सब्जी खाकर मन ऊब जाता है। ऐसे में अगर कुछ ऐसा बनाने का मन हो, जो स्वाद में चटपटा हो और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे, तो लाहौरी आलू की सब्जी एक अच्छा विकल्प है। इस सब्जी की खासियत है इसका मसालेदार स्वाद, हल्की खटास और गाढ़ी चटपटी ग्रेवी। इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर में मौजूद साधारण मसालों और उबले आलू की मदद से आप महज 15 मिनट में इसे तैयार कर सकती हैं। इसे रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोस सकते हैं।
लाहौरी आलू की सब्जी की खासियत क्या है?
लाहौरी आलू की सब्जी का स्वाद सामान्य आलू की रसेदार सब्जी से थोड़ा अलग होता है। इसमें मसालों का ऐसा मेल होता है, जो हर निवाले को चटपटा बना देता है। इसमें खटास के लिए अमचूर या अनारदाना पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं धनिया पाउडर, लाल मिर्च, जीरा और गरम मसाला इसके स्वाद को और बढ़ाते हैं।

Image Credit-ai
इस सब्जी को बनाने के लिए आलू को बहुत ज्यादा गलाने की जरूरत नहीं होती। हल्के उबले आलू को मसालों के साथ पकाने से उनका स्वाद अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाता है।
अगर आप चाहें तो कुछ आलू को चम्मच से हल्का मैश भी कर सकती हैं। इससे ग्रेवी अपने आप गाढ़ी हो जाएगी और उसमें बाजार जैसी बनावट आएगी। इसकी एक और खास बात यह है कि इसे नाश्ते, दोपहर के खाने या डिनर में आसानी से शामिल कर सकती हैं। खासकर जब घर में अचानक मेहमान आ जाएं और कम समय में कुछ स्वादिष्ट बनाना हो, तब यह रेसिपी काम आ सकती है।
इसे भी पढ़ें- Chhath Puja 2026 Kasar Laddu Recipe: मुंह में रखते ही घुल जाता है कसार लड्डू! जानें छठ पूजा के इस प्रसाद की आसान रेसिपी
लाहौरी आलू की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
इस सब्जी को बनाने के लिए बहुत महंगे या अलग से बाजार से मसाले खरीदने की जरूरत नहीं है। रसोई में मौजूद सामान्य सामग्री से ही इसका स्वाद तैयार हो जाएगा।

- 4 मध्यम आकार के उबले हुए आलू
- 2 बड़े चम्मच तेल
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- एक चुटकी हींग
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 बारीक कटा टमाटर
- आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- थोड़ा सा कसूरी मेथी
- बारीक कटा हरा धनिया
- जरूरत के अनुसार पानी
15 मिनट में ऐसे बनाएं लाहौरी आलू की सब्जी
लाहौरी आलू की जल्दी को आप नीचे बताई गई रेसिपी की मदद से इस सब्जी को 15 मिनट में बनाकर तैयार कर सकती हैं। पढ़ें पूरी विधि।
- सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें।
- अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालकर चटकने दें।
- इसके बाद बारीक कटा प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
- अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ सेकेंड तक पकाएं।
- इसके बाद बारीक कटे टमाटर डालें और नरम होने तक भूनें।
- टमाटर जब गल जाएं, तब हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- मसालों को धीमी आंच पर पकाएं, ताकि उनका कच्चापन निकल जाए।
- अब इसमें कटे हुए उबले आलू डालें और मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं।
- आलू को हल्के हाथ से चलाएं, जिससे उन पर मसालों की परत चढ़ जाए।
- अब इसमें थोड़ा पानी डालकर ढक दें और लगभग 3 से 4 मिनट तक पकने दें।
- अगर आपको गाढ़ी ग्रेवी पसंद है, तो कुछ आलू को चम्मच से हल्का मैश कर दें।
- आखिर में अमचूर पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें।
- सभी चीजों को मिलाकर एक मिनट तक पकाएं।
- ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
- चटपटी लाहौरी आलू की सब्जी तैयार है।
सब्जी को स्वादिष्ट बनाने के लिए अपनाएं ये छोटे टिप्स
लाहौरी आलू की सब्जी का असली स्वाद उसके मसालों के संतुलन में छिपा होता है। इसलिए इसे बनाते समय कुछ छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

Image Credit-ai
- अगर आप चाहती हैं कि सब्जी में हल्की चटपटी खटास आए, तो अमचूर पाउडर को आखिर में डालें। इससे उसका स्वाद अच्छी तरह महसूस होगा।
- अगर घर में अमचूर नहीं है, तो थोड़ा अनारदाना पाउडर भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे सब्जी में अलग तरह की खटास आएगी। वहीं कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच हल्का मसलकर डालें। इससे उसकी खुशबू अच्छी तरह निकलती है।
- अगर आप सब्जी को ढाबे जैसा स्वाद देना चाहती हैं, तो उबले आलू को मसालों में डालने से पहले हल्का सा तेल में सुनहरा भून लें। इससे आलू के ऊपर हल्की परत बन जाएगी और मसाले भी अच्छी तरह चिपकेंगे। ध्यान रखें कि मिर्च और खटास अपनी पसंद के अनुसार ही रखें।
इसे भी पढ़ें- ठेकुआ बनाने से पहले जरूर परखें शुद्ध घी की क्वालिटी, जानें पहचानने के आसान घरेलू नुस्खे
अगर आप कम समय में कुछ नया और चटपटा बनाना चाहती हैं, तो लाहौरी आलू की सब्जी जरूर ट्राई करें। इसके लिए न तो ज्यादा सामग्री चाहिए और न ही घंटों रसोई में खड़े रहने की जरूरत है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-ai(main image)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।