Famous Shiva Temple: काशी विश्वनाथ ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के ये शिव मंदिर भी हैं भक्तों के लिए बेहद खास, सावन में आप भी पहुंचें

Famous Shiva Temples In Uttar Pradesh: हिन्दू समाज में सावन का पवित्र महीना खास माना जाता है, क्योंकि इस माह को भगवान शिव को समर्पित माना जाता है।
सावन के पावन महीने में शिव भक्त देश के अलग-अलग पवित्र शिवालयों में दर्शन करने के लिए पहुंचते रहते हैं। देश में स्थित पवित्र शिव मंदिरों का जिक्र होता है, तो उत्तर प्रदेश में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर का जिक्र जरूर होता है।
यह सच है कि काशी विश्वनाथ मंदिर करोड़ों भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है, लेकिन उत्तर प्रदेश की धरती पर काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा अन्य ऐसे कई शिव मंदिर मौजूद हैं, जहां भी भक्तों की लाइन लगी रहती हैं।
इस आर्टिकल में हम आपको उत्तर प्रदेश में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा, अन्य कुछ प्रसिद्ध और पवित्र शिव मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां सावन में दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।
बाल्केश्वर महादेव मंदिर (Balkeshwar Mahadev Mandir)

उत्तर प्रदेश में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के बाद किसी अन्य प्रसिद्ध शिव मंदिर का नाम लिया जाता है, तो उस लिस्ट में बल्केश्वर महादेव मंदिर का नाम जरूर शामिल रहता है। यह पवित्र शिव मंदिर आगरा में स्थित है।
बल्केश्वर महादेव मंदिर के बारे में कहा जाता है कि इसका इतिहास करीब 700 साल पुराना है। कहा जाता है कि आज जिस स्थान पर शिवलिंग स्थापित है, उस स्थान के आसपास बेलपत्र का जंगल हुआ करता था।
सावन के महीने में बाल्केश्वर महादेव मंदिर में रोजाना शिवलिंग का श्रृंगार किया जाता है। सावन के महीने में मंदिर के आसपास मेला भी लगता है। यहां हर भक्त की मुराद पूरी होती है।
इसे भी पढ़ें: Amarnath Yatra: पहली बार अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं, तो इन टिप्स को न करें इग्नोर
मनकामेश्वर महादेव मंदिर (Mankameshwar Mahadev Mandir)

उत्तर प्रदेश का प्रयागराज हिंदुओं के लिए एक पवित्र आस्था का केंद्र है, क्योंकि इस शहर को तीन नदियों का संगम स्थल माना जाता है। इस पवित्र शहर में स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर भी लाखों शिव भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भगवान राम ने माता सीता के साथ जलाभिषेक किया था, इसलिए यहां सावन में सच्चे मन से जलाभिषेक करना शुभ कार्य माना जाता है। माना जाता है कि यहां जो भी सच्चे मन से जलाभिषेक करता है, उसकी सभी मुरादें पूरी हो जाती हैं। सावन में यहां हर दिन हजारों भक्त पहुंचते हैं।
गढ़ मुक्तेश्वर धाम मंदिर (Garhmukteshwar Dham Temple)

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में स्थित गढ़ मुक्तेश्वर धाम मंदिर राज्य के सबसे पवित्र मंदिरों से एक है। गंगा नदी के किनारे स्थित यह शिव मंदिर लाखों भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है। सावन में हर सोमवार को यहां भक्तों की भीड़ लगी रहती है। (मुंबई के पास में स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर)
पौराणिक मान्यता के अनुसार गढ़ मुक्तेश्वर धाम मंदिर के बारे में बोला जाता है कि भगवान शिव ने श्री परशुराम से यहां शिव मंदिर की स्थापना करवाई थी। एक अन्य पौराणिक मान्यता है कि महाभारत काल में यहां युधिष्ठिर ने भी पूजा की थी। यहां कई लोग पिंडदान करने के लिए भी पहुंचते हैं।
गोला गोकर्णनाथ मंदिर (Gola Gokaran Nath Temple)

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में स्थित गोला गोकर्णनाथ मंदिर काफी प्रसिद्ध और पवित्र मंदिर माना जाता है। लखीमपुर खीरी को कई लोग 'छोटा काशी' के नाम से भी जानते हैं। (यहां स्थित है भगवान शिव का अंतिम ज्योतिर्लिंग)
गोला गोकर्णनाथ मंदिर का दर्शन करने हर दिन भारी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। महाशिवरात्रि और सावन के महीने में सबसे अधिक भक्त पहुंचते हैं। इस मंदिर के बारे में कहा जाता है कि जो भी यहां सावन में गंगा जल अर्पण करता है, उसकी सभी मुरादें पूरी हो जाती हैं।
इसे भी पढ़ें: Independence Day Vacation: स्वतंत्रता दिवस पर 1 दिन की छुट्टी लेकर पूरे 5 दिन घूमने का है मौका, ऐसे प्लान बनाएं
इन मंदिरों का भी दर्शन करने पहुंचें
उत्तर प्रदेश में अन्य ऐसे कई पवित्र और प्रसिद्ध शिव मंदिर मौजूद हैं, जहां आप सावन के महीने में दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। इसके लिए आप, कानपुर में स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर, आगरा में स्थित बटेश्वर नाथ मंदिर, गाजियाबाद में स्थित दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर और भदोही में स्थित बाबा गंगेश्वरनाथ धाम भी जा सकते हैं। यहां भी सावन में हर दिन हजारों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह के और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से। अपने विचार हमें आर्टिकल के ऊपर कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।
Image@chalgume,defineplaces
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।