क्रिस्पी पापड़ से बनाएं ये लाजवाब डिशेज, सब पूछेंगे रेसिपी

कुरकुरा और स्वादिष्ट पापड़ भारतीय खाने का अहम हिस्सा है। इसे न सिर्फ साइड डिश के रूप में परोसा जाता है, बल्कि इससे कई तरह की टेस्टी रेसिपीज भी तैयार की जाती है। पापड़ से आप कम समय और कम चीजों से हर किसी को पसंद आने वाली डिशेज बना सकती हैं। चाहे मसाला पापड़ हो, पापड़ चाट या पापड़ की सब्जी, हर रेसिपी में इसका स्वाद और क्रंच इसे स्पेशल बना देता है। पापड़ से बनने वाले व्यंजन के बारे में हमें कुकरी एक्सपर्ट सुषमा के.के. बता रही हैं।
पापड़ लॉलीपॉप
पापड़ की मदद से आप बच्चों के लिए टेस्टी और कुरकुरे लॉलीपॉप भी बना सकती हैं। यह स्नैक न सिर्फ आकर्षक दिखता है, बल्कि बच्चों को बेहद पसंद भी आएगा। यह रेसिपी शाम की छोटी भूख या टिफिन के लिए बेस्ट ऑप्शन है।
सामग्री
4 पापड़, 2 आलू उबले हुए, 1/4 कप पनीर, 1/4 कप गाजर उबली और बारीक कटी, 1/2 कप प्याज, 2 हरी मिर्च, 1 टीस्पून कद्दूकस अदरक, थोड़ा-सा हरा धनिया, 1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर, 1/2 टीस्पून चिली फ्लेक्स, 1/2 टीस्पून ऑरिगेनो, 1/4 टीस्पून गरम मसाला, 1/2 टीस्पून अमचूर पाउडर, स्वादानुसार नमक
अन्य सामग्री : 3 टेबलस्पून मैदा, 1 टेबलस्पून ब्रेड क्रम्ब्स, 1 टीस्पून काली मिर्च पाउडर, कुकिंग ऑयल

विधि
पापड़ को गर्म तवे पर कपड़े से दबाकर सेंकें और चूरा करें। फिर प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया बारीक-बारीक काटें। पनीर कद्दूकस करें और आलू मैश कर लें। अब किसी पैन में एक टेबलस्पून तेल गर्म करके प्याज को पारदर्शी होने तक भूनें। इसमें अदरक मिलाने के बाद गाजर, आलू, हरी मिर्च, पनीर डालकर अलट-पलट करें। फिर लाल मिर्च, ऑरिगेनो, चिली फ्लेक्स मिलाएं और कुछ सेकेंड चलाने के बाद गरम मसाला, अमचूर व नमक मिलाएं। इसके बाद एक टेबलस्पून मैदा व ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं। यह मसाला भुनते-भुनते जब सूखने लगे तो हरा धनिया मिलाएं और एक तरफ रख दें। ठंडा होने पर इन्हें लॉलीपॉप का आकार देकर 30 मिनट के लिए फ्रिज में रखें। फिर मैदा में नमक एवं काली मिर्च मिलाकर पानी से हल्का गाढ़ा घोल बनाएं और एक प्लेट में पापड़ का चूरा फैला लें। तेल गर्म कर लॉलीपॉप्स को पहले मैदा में डिप करें। फिर चारों तरफ से पापड़ का चूरा लपेटकर धीमी-मध्यम आंच पर तलें और स्टिक्स लगाकर सर्व करें।
मसाला कोन
पापड़ की मदद से आप टेस्टी मसाला कोन भी बना सकती हैं। इसमें अपनी पसंद की मसालेदार फिलिंग भरकर कुछ ही मिनटों में क्रिस्पी और चटपटा स्नैक तैयार हो सकता है। इसे बच्चे और बड़े दोनों ही खूब पसंद करेंगे।
सामग्री
5 पापड़, 1 कप अंकुरित दालें (मूंग, मोठ, चोला), 2 उबले हुए आलू, 1 टमाटर, 1 प्याज, 1 छोटी शिमला मिर्च, 1 हरी मिर्च, 1 कप पनीर, धनिए की हरी चटनी, इमली-खजूर की मीठी चटनी, स्वादानुसार सफेद नमक, काला नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च पाउडर, नींबू रस

विधि
पापड़ को गर्म तवे पर दोनों तरफ से कपड़े से दबाकर सेंकें और फिर तुरंत उसे मोड़कर कोन बना लें। कोन को जहां से चिपकाते हैं वहां पर थोड़ी देर दबाए रहें, इससे ठंडा होने पर वह खुलेगी नहीं। इसके बाद दालों को भाप में नरम कर लें। पनीर, आलू, प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, टमाटर बारीक काट लें और इसमें दालें मिला दें। स्वादानुसार मसाले मिलाकर दोनों चटनियां व नींबू रस मिलाएं। पापड़ कोन में भरकर सर्व करें।
पापड़ का पराठा
अगर घर में सब्जी नहीं है या कुछ अलग खाने का मन है, तो पापड़ का पराठा बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। मसालों और क्रिस्पी पापड़ की स्टफिंग से तैयार यह पराठा स्वाद में लाजवाब होता है। इसे आप कुछ ही मिनटों में बनाकर दही, अचार या चटनी के साथ खा सकती हैं।
सामग्री
मुख्य सामग्री : डेढ़ कप आटा, 1/4 कप सूजी, 1/2 टीस्पून अजवाइन, 1/4 टीस्पून नमक, 2 टीस्पून शुद्ध घी
भरावन की सामग्री : 2 पापड़, 1 आलू उबला हुआ, 2 हरी मिर्च, 1/2 टीस्पून अदरक कद्दूकस किया हुआ, थोड़ा-सा हरा धनिया, 1 टीस्पून लाल मिर्च, 1 चुटकी हल्दी, 1/4 टीस्पून गरम मसाला, 1/4 टीस्पून अमचूर, स्वादानुसार नमक, आवश्यकतानुसार शुद्ध घी सेंकने के लिए

विधि
एक परात में सारी मुख्य सामग्री मिलाने के बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटा गूंथें और उसे 20 मिनट के लिए ढककर रख दें। अब भरावन के लिए पापड़ सेंककर चूरा करें, उबला आलू छीलकर मैश करें और हरा धनिया, हरी मिर्च बारीक काट लें। इसके बाद पापड़ के चूरे में आलू सहित सारा भरावन मिलाकर पेड़े बना लें और आटे को गूंथकर एकसार करें। आटे के पेड़े बनाएं और इनको दबाकर कटोरीनुमा आकार दें। इनमें भरावन के पेड़े रखकर बंद करें और हल्के हाथ से परांठे बेलें। गर्म तवे पर दोनों तरफ से घी लगाकर धीमी-मध्यम आंच पर सेंक लें।
मंगोड़ी-पापड़ की सब्जी
जब घर सब्जियां न हो या झटपट कुछ स्वादिष्ट बनाना हो, तब आप मंगोड़ी पापड़ की सब्जी बना सकती हैं। कम मसालों में बनने वाली यह सब्जी स्वाद से भरपूर होती है और रोटी, पराठे या चावल के साथ स्वादिष्ट लगती है।
सामग्री
2 पापड़, 1 कप मंगोड़ी, 1 तेजपत्ता, 1 बड़ी इलायची, 1/2 टीस्पून जीरा साबुत, 1 चुटकी हींग, 2 टीस्पून लाल मिर्च, 1/4 टीस्पून हल्दी, 1 टेबलस्पून धनिया, 1/4 टीस्पून गरम मसाला, 1/4 टीस्पून अमचूर, 1 हरी मिर्च, थोड़ा-सा हरा धनिया, शुद्ध घी

विधि
पापड़ को गर्म तवे पर कपड़े से दबाकर सेंक लें। कड़ाही में 1 टेबलस्पून घी गरम करके मंगोड़ी भूनकर निकाल लें। लाल मिर्च, हल्दी एवं धनिया 1/2 कप पानी में घोल लें। अब कड़ाही में 4 टेबलस्पून घी गर्म करके तेजपत्ता, बड़ी इलायची, जीरे व हींग का छौंक देकर मसाला मिश्रित पानी डालकर भूनें। मसाला जब चिकनाई छोड़ दे, तब मंगोड़ी मिलाएं। इसमें 3 कप पानी डालकर एक उबाल दें और फिर आंच धीमी करके पकने दें। मंगोड़ी जब नर्म हो जाए तो उसमें सिंके पापड़ के टुकड़े, नमक, गरम मसाला व अमचूर मिला दें। इसे 2-3 उबाल आने के बाद सर्व करें।
यह भी पढ़ें- Chawal Papad: 1 कप चावल के आटे से बनेंगे 100 पापड़, बेलने का झंझट खत्म; पढ़ें तरीका
पापड़ के गट्टे
पापड़ के गट्टे एक टेस्टी स्वादिष्ट राजस्थानी व्यंजन है, जिसे पापड़ और मसालेदार दही-बेसन की ग्रेवी से बनाया जाता है। कम सामग्री में बनने वाली यह सब्जी रोटी ही नहीं चावल के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है।
सामग्री
गट्टे के लिए सामग्री: 3 पापड़, 3 टेबलस्पून बेसन, 1/2 टीस्पून लालमिर्च पाउडर, 1 चुटकी हल्दी, 1 चुटकी अजवाइन, 1 बड़ी चुटकी या स्वादानुसार नमक, तेल
ग्रेवी के लिए सामग्री: 2 प्याज, 2 टमाटर, 2 हरी मिर्च, 2 टेबलस्पून काजू, 1 टीस्पून मगज, 1 टेबलस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट, 1/4 टीस्पून साबुत जीरा, 2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर, 1/4 टीस्पून हल्दी, 1 टेबलस्पून धनिया, 1/4 टीस्पून सौंफ, 1/2 टीस्पून कसूरी मेथी, 6 काली मिर्च साबुत, 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी, 1 बड़ी इलायची, 1 तेजपत्ता, 2 टेबलस्पून क्रीम, स्वादानुसार नमक

विधि
गट्टे बनाने के लिए बेसन को बिना तेल के सेंक लें। अब इसमें लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन व नमक डालकर गाढ़ा घोल बना लें। पानी में 2 पापड़ भिगोकर हाथ से दबाकर पानी निकाल दें और एक पापड़ पर बेसन का गाढ़ा घोल फैलाकर सावधानीपूर्वक रोल बना लें। इसी तरह दूसरा भी बना लें। एक फ्राइंग पैन में तेल गर्म करके इन रोल्स को घुमा-घुमाकर धीमी आंच पर सेंककर काट लें। इसके बाद ग्रेवी के लिए प्याज बारीक काटें और गर्म पानी में काजू भिगो दें। फिर टमाटर, हरी मिर्च, मगज एवं काजू का पानी छानकर पीसें और दालचीनी, बड़ी इलाइची, काली मिर्च दरदरी कर लें। इसके बाद कड़ाही में 4 टेबलस्पून तेल गर्म करके तेजपत्ता व जीरा चटकाएं और इसमें दरदरा मसाला-प्याज डालकर भूनें। फिर अदरक-लहसुन पेस्ट मिलाएं। प्याज बादामी होने पर टमाटर मिश्रण डालकर भूनें। इसके बाद लाल मिर्च, हल्दी, धनिया, सौंफ मिलाएं। मसाला जब तेल छोड़ दे तो 1 कप पानी डालकर कसूरी मेथी मिलाएं। बचे हुए पापड़ को सेंककर टुकड़े करें। 3-4 उबाल के बाद पापड़ के गट्टे मिलाएं और ऊपर से पापड़ के टुकड़े, क्रीम डालकर सर्व करें।
यह भी पढ़ें- इन 2 तरीकों से बनाएं चावल और दाल के क्रिस्पी पापड़, महीनों तक स्टोर करने का तरीका भी जान लें
आप भी पापड़ की मदद से इनमें से अपनी पसंद की रेसिपी बना सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Sakhi & magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।