Ujjain Travel: महाकाल दर्शन के बाद जरूर घूमें उज्जैन की ये 5 प्रसिद्ध जगहें

हर साल लाखों श्रद्धालु 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने के लिए मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन जरूर जाते हैं। उज्जैन की यात्रा केवल महाकाल मंदिर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इस शहर के कोने-कोने में अध्यात्म, पौराणिक कथाएं और अद्भुत वास्तुकला समाई हुई है। ऐसे में अगर आप भी उज्जैन जाने का प्लान बना रही हैं, तो महाकाल दर्शन के अलावा बाद आप इन 5 प्रमुख स्थलों का भी भ्रमण कर सकती हैं।
महांकाल मंदिर के आसपास घूमने की 5 जगह
अगर आप भी उज्जैन जा रही हैं, तो नीचे बताई गई इन 5 जगहों पर जरूर जाएं -

1. मंगलनाथ मंदिर
अगर आप उज्जैन महाकाल मंदिर जा रही हैं, तो शिप्रा नदी के किनारे पहाड़ी पर स्थित मंगलनाथ मंदिर भी जा सकती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पवित्र स्थान को मंगल ग्रह (मंगल देव) का जन्मस्थान माना जाता है। जिन लोगों की कुंडली में मंगल दोष या मांगलिक दोष होता है, वे यहां आकर विशेष भात पूजा और शांति अनुष्ठान करवाते हैं। आप महाकाल मंदिर से ऑटो या कैब बुक कर इस मंदिर तक पहुंच सकती हैं।
2. प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर
उज्जैन शहर से थोड़ी दूरी पर स्थित चिंतामन गणेश मंदिर भगवान गणेश के सबसे प्राचीन और सिद्ध रूपों में से एक है। धार्मिक मान्यता है कि यहां श्रद्धापूर्वक दर्शन करने से भक्तों की सभी चिंताएं दूर हो जाती हैं और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। नए काम की शुरुआत या गाड़ी खरीदने पर लोग सबसे पहले यहां आशीर्वाद लेने आते हैं। इस मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको महाकाल मंदिर से लोकल ई रिक्शा मिल जाएगा।
3. ऐतिहासिक गोमती कुंड
महर्षि सांदीपनि आश्रम परिसर स्थित गोमती कुंड एक प्राचीन जलकुंड है। ज्योतिष शास्त्र और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, माना जाता है कि अपने गुरु की सेवा और उनकी इच्छा पूरी करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने सभी पवित्र नदियों के जल को यहां एकत्रित किया था। इस कुंड का पानी आज भी अत्यंत पवित्र माना जाता है। यहां पहुंचने के लिए भी आप रिक्शा कर सकती हैं।

4. इस्कॉन मंदिर
उज्जैन का इस्कॉन मंदिर भी घूमने के लिए एक परफेक्ट जगह हो सकती है। ऐसे में आप महाकाल दर्शन के बाद यहां आ सकती हैं। संगमरमर के पत्थरों से बने इस मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी विराजमान हैं। यहां का शांत वातावरण, हरी-भरी वाटिका और शाम की आरती में होने वाला कीर्तन भक्तों का मन मोह लेता है। आप महाकाल मंदिर से सीधा कैब कर यहां पहुंच सकती हैं।
यह भी पढ़ें- सावन में लखनऊ से ऐसे करें उज्जैन की यात्रा, जानें बेस्ट रूट और पूरा ट्रैवल प्लान
5. भव्य चार धाम मंदिर
उज्जैन के महाकाल मंदिर मार्ग पर स्थित चार धाम मंदिर एक अनोखा और सुंदर धार्मिक स्थल है। इस मंदिर की स्थापना इस सोच के साथ की गई थी कि जो लोग देश के चार मुख्य धामों की यात्रा नहीं कर पाते, वे एक ही स्थान पर चारों धाम के दर्शन कर सकें। इस मंदिर में बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथ पुरी और रामेश्वरम की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। यहां वैष्णो देवी के जैसी गुफा भी मौजूद हैं।
उज्जैन तक कैसे पहुंचें?
उज्जैन जाने के लिए आप अपने घर के किसी भी नजदीकी रेलवे स्टेशन से उज्जैन जंक्शन तक की टिकट बुक कर सकती हैं। इसके अलावा अगर आप हवाई जहाज से जाना चाहती हैं, तो उज्जैन के लिए सबसे नजदीक इंदौर का देवी अहिल्याबाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। आप यहां तक आ सकती हैं, इसके बाद आपको लोकल इंदौर-उज्जैन बस मिल जाएगी या आप कैब भी बुक कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- आखिर क्यों महाकाल को इतनी प्रिय है भस्म? जानिए उज्जैन के श्रृंगार की यह अद्भुत कहानी
उज्जैन केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, इतिहास और आस्था का एक अनोखा संगम है। आप महाकाल के दर्शन के बाद इन जगहों पर जा सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific/pinterest/Ritik/Rudrakshi/Mahesh Dawar Jays
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।