पुष्कर मेला देखने जा रही हैं? राजस्थान की इन 5 जगहों को भी घूम लें, यादगार बन जाएगी ट्रिप

Places to Visit Near Pushkar: अगले 4 दिन में पुष्कर मेला खत्म हो जाएगा। राजस्थान की रंगीन संस्कृति और लोक संगीत का आनंद लेना है, तो यह घूमने का काफी अच्छा मौका है। 17 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित हो रहे इस मेले में देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां आपको राजस्थानी खानपान से लेकर हस्तशिल्प और पारंपरिक गहनों तक बहुत कुछ देखने को मिलेगा, लेकिन क्या आप जानती हैं कि पुष्कर के आसपास भी ऐसी कई जगहें हैं, जहां घूमकर आप अपनी यात्रा को और यादगार बना सकती हैं?
अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ पुष्कर मेले में जा रही हैं, तो अपनी ट्रैवल लिस्ट में आसपास के इन पांच पर्यटन स्थलों को भी शामिल करें।
पुष्कर मेले के पास की 5 सुंदर जगहें
अगर आप पुष्कर मेला घूमने का प्लान कर रही हैं, तो इन 5 जगहों को गलती से भी न छोड़े। यहां पर आपको काफी मजा आएगा और आपकी ट्रिप भी अच्छी हो जाएगी।
1. अजमेर
पुष्कर से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित अजमेर घूमने के लिए अच्छा विकल्प है। यहां धार्मिक आस्था के साथ इतिहास और खूबसूरत नजारों का भी मेल देखने को मिलता है। सबसे पहले आप ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की फेमस अजमेर शरीफ दरगाह जा सकती हैं। यहां अलग-अलग धर्मों के लोग अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं।
इसके बाद अढ़ाई दिन का झोपड़ा देख सकती हैं। यह ऐतिहासिक इमारत अपनी खास इंडो-इस्लामिक वास्तुकला के लिए जानी जाती है। अगर आप दिनभर घूमने के बाद कुछ समय आराम से बिताना चाहती हैं, तो आनासागर झील पहुंचें। यहां पानी के किनारे बैठकर शाम का नजारा देखना और तस्वीरें लेना अच्छा अनुभव हो सकता है।

image credit- ai
2. सांभर झील
अगर आपको आम पर्यटन स्थलों से हटकर कुछ अलग देखना पसंद है, तो सांभर झील को अपनी लिस्ट में जरूर रखें। राजस्थान की यह फेमस खारे पानी की झील अपने दूर तक फैले नमक के मैदानों के लिए जानी जाती है। यहां का नजारा कई बार सफेद रेगिस्तान जैसा दिखाई देता है।
सर्दियों में इस जगह की खूबसूरती और बढ़ जाती है, क्योंकि नवंबर से फरवरी के बीच यहां फ्लेमिंगो समेत कई प्रवासी पक्षियों को देखने का मौका मिलता है। नेचर फोटोग्राफी और पक्षियों को करीब से देखने के शौकीनों के लिए यह जगह खास हो सकती है।

image credit- ai
3. जयपुर
अगर आपके पास पुष्कर मेले के अलावा एक पूरा दिन घूमने के लिए है, तो जयपुर जाने का प्लान बना सकती हैं। गुलाबी नगरी के नाम से मशहूर यह शहर अपने ऐतिहासिक किलों, महलों और बाजारों के लिए दुनियाभर में जाना जाता है।
यहां आप हवा महल की खूबसूरत बनावट देख सकती हैं। इसके अलावा आमेर किला और सिटी पैलेस भी आपकी ट्रैवल लिस्ट में होने चाहिए। अगर आपको खरीदारी पसंद है, तो जौहरी बाजार और बापू बाजार का रुख करें। यहां राजस्थानी जूतियां, लाख की चूड़ियां, पारंपरिक कपड़े और गहने खरीदने के कई विकल्प मिल जाएंगे।

image credit-pinterest ( Explore My Journey)
4. फॉय सागर झील
पुष्कर मेले की चहल-पहल और भीड़ से थोड़ा ब्रेक लेना चाहती हैं, तो अजमेर की फॉय सागर झील जा सकती हैं। इसे अब वरुण सागर के नाम से भी जाना जाता है। इस झील का निर्माण साल 1892 में अंग्रेज इंजीनियर फॉय की देखरेख में कराया गया था। उस समय इसका निर्माण अकाल राहत कार्य के तहत कराया गया था, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके।
-1795151076943.webp)
image credit-ai
5. किशनगढ़
फोटोग्राफी, ऐतिहासिक इमारतों और खूबसूरत लोकेशन को एक्सप्लोर करने का शौक है, तो किशनगढ़ भी जा सकती हैं। इसे मार्बल सिटी के नाम से जाना जाता है। यहां की संगमरमर की मंडियां इस शहर की खास पहचान हैं।
घूमने के लिए आप फूल महल पैलेस जा सकती हैं, जहां राजस्थानी शाही वास्तुकला की झलक देखने को मिलती है। इसके बाद गुंदोलाव झील का रुख कर सकती हैं। झील के आसपास का माहौल और पुराने महलों का नजारा इस जगह को खास बनाता है। अगर आप अपनी ट्रिप में इतिहास और फोटोग्राफी दोनों का आनंद लेना चाहती हैं, तो किशनगढ़ अच्छा विकल्प हो सकता है।

image credit-ai
पुष्कर मेले तक कैसे पहुंचें?
अगर आप पुष्कर मेले में जाने की तैयारी कर रही हैं, तो यहां पहुंचने के लिए सड़क, रेल और हवाई मार्ग का इस्तेमाल कर सकती हैं।
सड़क मार्ग: अजमेर से पुष्कर की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। अजमेर से बस, टैक्सी या निजी गाड़ी के जरिए पुष्कर पहुंच सकती हैं। जयपुर और आसपास के शहरों से भी सड़क मार्ग के जरिए यहां आया जा सकता है।
रेल मार्ग: पुष्कर का नजदीकी रेलवे स्टेशन अजमेर जंक्शन है। देश के कई बड़े शहरों से अजमेर के लिए ट्रेनें मिलती हैं। स्टेशन से आगे टैक्सी या बस से पुष्कर पहुंच सकती हैं।
हवाई मार्ग: किशनगढ़ एयरपोर्ट और जयपुर एयरपोर्ट हवाई यात्रा के विकल्प हैं। एयरपोर्ट से पुष्कर पहुंचने के लिए आगे सड़क मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
यह भी पढ़ें- Ajmer Me Ghumne Ki Jagah: अजमेर ट्रिप में इन खूबसूरत और ऐतिहासिक जगहों को एक्सप्लोर करना न भूलें
पुष्कर ट्रिप पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पुष्कर मेले की ट्रिप करने से पहले इन बातों का जरूर रखें ध्यान, वरना आपका पूरा मूड खराब हो सकता है।
- मेले के दौरान होटल और गेस्ट हाउस की बुकिंग पहले से कर लें।
- अगर अजमेर शरीफ दरगाह जाना है, तो वहां के नियमों और ड्रेस कोड का ध्यान रखें।
- सांभर झील में पक्षियों को देखने के लिए सुबह का समय चुन सकते हैं।
- जयपुर, सांभर और किशनगढ़ को एक ही दिन में घूमने की जल्दबाजी न करें। इनके लिए अलग से समय निकालें।
- सर्दियों में सुबह और रात के समय ठंड हो सकती है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें।
- ऐतिहासिक इमारतों और धार्मिक स्थलों पर फोटोग्राफी करने से पहले वहां के नियम जरूर जान लें।
यह भी पढ़ें- जयपुर के इस किले में आज भी मौजूद है दुनिया की सबसे बड़ी तोप, देखकर रह जाएंगी दंग
पुष्कर मेला राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का शानदार मौका देता है, लेकिन इस ट्रिप को यादगार बनाने के लिए आप आसपास के पर्यटन स्थलों को भी अपनी योजना में शामिल कर सकती हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- pinterest
- पुष्कर मेले में घूमने के लिए कितने दिन पर्याप्त हैं?
- पुष्कर और अजमेर घूमने के लिए 2 दिन रख सकती हैं।
- क्या पुष्कर मेला घूमने के लिए टिकट खरीदना पड़ता है?
- पुष्कर मेले के मुख्य आयोजन में आमतौर पर प्रवेश निःशुल्क रहता है। हालांकि, कुछ विशेष गतिविधियों या सुविधाओं के लिए अलग शुल्क हो सकता है।
- पुष्कर में घूमने का सबसे अच्छा समय कौन सा है?
- अक्टूबर से मार्च के बीच पुष्कर घूमने के लिए मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।