नेचर लवर के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं हैं देश की ये बर्ड सेंचुरी

जब व्यक्ति खुद को अपनी तनावभरी जिन्दगी से हटकर कुछ पल सुकून के बिताना चाहता है तो ऐसे में वह प्रकृति के करीब रहना अधिक पसंद करता है। भारत में भी ऐसी कई जगहें हैं, जो आपको एक अलग ही वातावरण प्रदान करती हैं। उदाहरण के तौर पर, भारत में कई बेहद ही खूबसूरत बर्ड सेंचुरी हैं, जहां पर आप कई तरह की पक्षियों की शानदार उड़ानें, उनकी खूबसूरती और उनकी मधुर धुनों में पूरी तरह डूब सकते हैं।
भारत पक्षियों की एक बड़ी आबादी की मेजबानी करता है। प्रवासी पक्षियों सहित यहां पर पक्षियों की लगभग 1200 प्रजातियां पाई जाती हैं। ऐसे में यहां पर बर्डवॉचिंग का अपना एक अलग ही अनुभव है। अगर आपको भी पक्षियों की चहचहाहट सुनने से लेकर उनकी उड़ान को देखने में आनंद आता है तो आप देश के विभिन्न राज्यों में स्थित बर्ड सैन्चुरी का दौरा कर सकती हैं।
तो चलिए आज इस लेख में हम आपको भारत में स्थित कुछ बेहतरीन बर्ड सैंचुरी के बारे में बता रहे हैं-
भरतपुर बर्ड सैंचुरी , राजस्थान

राजस्थान में स्थित भरतपुर बर्ड सैंचुरी की गिनती भारत के सबसे प्रसिद्ध बर्ड सैंचुरी में होती है। यह सैंचुरी लगभग 29 वर्ग किलोमीटर एरिया को कवर करती है और पक्षियों की लगभग 366 प्रजातियों का घर है। इसके अलावा, यहां पर आपको 379 फूलों की प्रजातियों, मछलियों की 50 प्रजातियों, सांपों की 13 प्रजातियों, छिपकलियों की 5 प्रजातियों, उभयचरों की 7 प्रजातियों और कछुए की 7 प्रजातियों को भी देखने का मौका मिलेगा।
अगर आप यहां पर हैं तो आप हाथी की सफारी या जीप सफारी का लुत्फ अवश्य उठाएं। स्थानीय पक्षियों को देखने के लिए अगस्त से नवंबर का समय काफी अच्छा माना जाता है। वहीं प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए आपको अक्टूबर से फरवरी के बीच आना चाहिए।(इंडिया के टॉप फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन)
सुल्तानपुर बर्ड सैंचुरी, गुरुग्राम

अगर आप एनसीआर में प्रकृति का एक बेहतरीन नजारा देखना चाहते हैं तो ऐसे में सुल्तानपुर बर्ड सैंचुरी अवश्य जाएं। यह सुल्तानपुर बर्ड सैंचुरी गुरुग्राम जिले में स्थित है और पक्षियों की लगभग 250 प्रजातियों का घर है। इस बर्ड सैंचुरी में घूमने का सबसे अच्छा समय सर्दियों में होता है जब बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी यहां आते हैं।
सुल्तानपुर बर्ड सैंचुरी में हर साल 100 से ज्यादा प्रवासी पक्षियों की प्रजातियां ठंड के मौसम में आती हैं। सर्दियों में, साइबेरियन क्रेन, रफ और ब्लैक विंग्ड स्टिल्ट, कॉमन टील, कॉमन ग्रीनशैंक, ग्रेटर फ्लेमिंगो, नॉर्दर्न पिंटेल, येलो वैगटेल, व्हाइट वैगटेल, नॉर्दर्न शोवेलर और रोजी पेलिकन जैसे प्रवासी पक्षियों को देखा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें-गुरुग्राम में आसपास मौजूद इन बेहतरीन जगहों पर वीकेंड को करें पूरी तरह एन्जॉय
चिल्का लेक बर्ड सैंचुरी, ओडिशा

चिल्का लेक(चिलिका लेक से जुड़े रोचक तथ्य)बर्ड सैंचुरी भारत में सबसे लोकप्रिय बर्ड सैंचुरी में से एक है। यह एशिया का सबसे बड़ा इंटरनल सॉल्ट वाटर पॉन्ड है, जो कुछ छोटे द्वीपों से घिरा है। चिल्का लेक बर्ड सैंचुरी में वनस्पतियों और जलीय जीवों की एक बड़ी संख्या को झील के खारे पानी में और उसके आसपास देखा जा सकता है।
यह लैगून प्रवासी मौसम में पक्षियों की 160 प्रजातियों का घर है और इस स्थान पर कैस्पियन सागर, बैकाल झील, अराल सागर और रूस के अन्य दूरदराज के हिस्सों, मंगोलिया, मध्य और दक्षिण पूर्व एशिया, लद्दाख और हिमालय के किर्गिज़ स्टेप्स से पक्षी उड़ते हैं।
पक्षियों और वन्य जीवन के अलावा, चिल्का लेक सैन्चुरी अपने शानदार सूर्योदय और सूर्यास्त के बेहतरीन नजारे के लिए भी जानी जाती है। यहां घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच का है।
कुमारकोम बर्ड सैंचुरी, केरल

केरल के कोट्टायम जिले में स्थित कुमारकोम बर्ड सैंचुरी नेचर लवर्स के बीच काफी प्रसिद्ध है। अभयारण्य केरल के बैकवाटर में स्थित है और 14 एकड़ के क्षेत्र में फैला हुआ है। कुमारकोम बर्ड सैंचुरी में मुख्य आकर्षण कोयल, उल्लू, बगुला, मूरहेन, डार्टर, बगुला, जलकाग, ब्राह्मणी पतंग और बत्तख जैसे पक्षी हैं, साथ ही यहां पर प्रवासी साइबेरियन सारस को भी देखा जा सकता है।
इसके अलावा, लार्क, फ्लाईकैचर, तोता और कुछ अन्य पक्षी अपने-अपने प्रवासी मौसम के दौरान यहां देखे जाते हैं। अगर आप यहां पर प्रवासी पक्षियों को देखना चाहते हैं तो ऐसे में नवंबर से फरवरी के बीच यहां आएं।(दिल्ली के पास वाइल्ड लाइफ सेंचुरी)
इसे भी पढ़ें-केरल के कुमारकोम जिले में घूमने के लिए है एक से एक बेहतरीन जगहें
तो अब आप भी समय मिलने पर इन बर्ड सैंचुरी का दौरा अवश्य करें और अपने अद्भुत अनुभव हमारे साथ शेयर करें।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।