चेन्नई ट्रिप का उठाना है पूरा मजा, तो वहां पर जरूर करें यह चीजें

भारत के महानगरीय शहरों में से एक, चेन्नई अपने समुद्र तटों से लेकर अद्भुत वास्तुकला के साथ सुंदर मंदिरों व कुछ एडवेंचर्स एक्टिविटीज के लिए जाना जाता है। भले ही आप दक्षिण भारत में रहती हों या या नहीं, लेकिन चेन्नई एक ऐसी जगह है जो यकीनन आपकी ट्रेवल बकिट लिस्ट में होना चाहिए। यह एक ऐसा शहर है, जो आपको कई नए बेहतरीन और अविस्मरणीय अनुभव करवाएगा। यहां पर आप हेरिटेज टूर से लेकर शॉपिंग और धार्मिक स्थलों की यात्रा तक, काफी कुछ नया कर सकती हैं। इस शहर की खासियत यह है कि यह हर व्यक्ति की इच्छा और उसकी पसंद को पूरा करता है, भले ही आप धार्मिक प्रवृत्ति की हों या फिर साहसिक। चेन्नई आपको कभी भी निराश नहीं करेगा। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि अगर आप चेन्नई में हैं तो आप किन-किन गतिविधियों का आनंद वहां पर उठा सकती हैं-
बीच पर घूमें
चेन्नई में कई खूबसूरत बीच है जो आपको शहरी भागदौड़ से दूर एक अजब सी शांति का अहसास करवाते हैं। आप सूर्योदय का खूबसूरत नजारा देखने के लिए बीच पर जा सकती हैं। समुद्र तटों पर टहलना अपने दिन की शुरुआत करने के सर्वोत्तम तरीकों में से एक है। आप समुद्र तट पर बैठकर कुछ वक्त आराम कर सकती हैं और परिवार के साथ अच्छा समय बिता सकती है। आप सर्फिंग जैसे वाटर स्पोर्ट का आनंद लेने के लिए कोवलॉन्ग बीच पर जा सकती हैं। वहीं, अगर आप अपने दोस्तों के साथ बीच पर जा रही हैं तो बीच बोर्नफायर के ऑप्शन को भी चुन सकती हैं।
इसे भी पढ़ें:विदेश में नहीं बल्कि भारत में मौजूद है दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप
बर्ड वॉचिंग और जंगल सफारी
अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो आप लायन सफारी के साथ-साथ बर्ड वॉचिंग का अनुभव करने के लिए अरिगनार अन्ना जूलॉजिकल पार्क की यात्रा कर सकती हैं। यह इस क्षेत्र का सबसे बड़ा चिड़ियाघर है जो बिग कैट्स का घर है और यहां पर आपको विभिन्न जीवों की कई प्रजातियों को देखने का मौका मिलेगा। यहाँ एक बच्चों का पार्क भी है जहाँ बच्चे खेल सकते हैं। यह स्थान शहर से केवल 32 किमी की दूरी पर स्थित है।
करें कैम्पिंग
अगर आप कुछ वक्त प्रकृति के निकट बिताना चाहती हैं तो चेन्नई में कैम्पिंग करना भी अच्छा विचार है। आप शहर में और आसपास के कई स्थानों पर जा सकते हैं जो कैम्पिंग के लिए एकदम सही हैं। आप एक तम्बू को पिच कर सकती हैं और खुद को प्रकृति के करीब पा सकती हैं। कैम्पिंग के लिए आप चेम्बरमबक्कम झील, टाडा फॉल्स, नागालपुरम, पुलिकट झील, ममंदूर और पीरमेड वॉटरफॉल आदि जगहों में से किसी एक का चयन कर सकती हैं।
बोटिंग का लें आनंद
मुत्तुकाडु चेन्नई के टॉप अट्रैक्शन में से एक है जो ज्यादातर विभिन्न प्रकार की बोटिंग फैसिलिटीज के लिए पॉपुलर है। रोइंग बोटिंग से लेकर स्पीड बोटिंग और यहां तक कि पैडल बोटिंग तक, आप यहां मुत्तुकाडू में विभिन्न प्रकार की बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। इस स्थान पर नियमित रूप से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी आते हैं।
इसे भी पढ़ें:साउथ इंडिया के किसी पर्यटन स्थल पर घूमने जा रहे हैं तो इन बातों का जरूर रखें ध्यान
मंदिरों में जाएं
चेन्नई शहर के भीतर और आसपास कई मंदिर स्थित हैं, और हर किसी का अपना एक अलग महत्व है। शहर में विभिन्न मंदिर स्थित हैं और उनमें से एक सबसे प्रसिद्ध कपालेश्वर मंदिर है। यह मंदिर 7 वीं शताब्दी में बनाया गया था और ऐतिहासिक दृष्टि से यह काफी महत्वपूर्ण है। मंदिर भगवान शिव को समर्पित है जिन्हें मोर के रूप में देखा जा सकता है। इसके अलावा आप मारुन्देश्वर मंदिर, एकम्बरेस्वरार मंदिर, श्री वडापलानी अंदावर मंदिर, कालिकम्बल मंदिर, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम मंदिर, आदिश्वर मंदिर, महालिंगपुरम अय्यप्पन मंदिर, अरुलमिगु रामनाथेश्वर, चेन्नेकसवा पेरुमल मंदिर, करणीश्वर मंदिर, नवग्रह मंदिर, इस्कॉन मंदिर, वरसिद्धि विनायक मंदिर आदि कई मंदिरों का भी दौरा भी कर सकती हैं।
देखें म्यूजियम्स
किसी भी जगह के इतिहास को जानने का सबसे अच्छा तरीका उस शहर के म्यूजियम में जाना है। और जब आप चेन्नई में हैं, तो आप इस शहर के इतिहास और संस्कृति के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए दक्षिणाचित्र म्यूजियम में जा सकती हैं। यहां पर 4,000 से अधिक कलाकृतियों और 10,00,000 चित्रों के साथ, संग्रहालय स्थानीय संस्कृति के बारे में बहुत कुछ बताता है।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit:(@www.treebo.com,newindianexpress.co)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।