दिवाली पर चाहिए नेचुरल ग्लो? चुकंदर से मिनटों में बनाएं होममेड लिपस्टिक, देखें आसान तरीका

अगर आप द‍िवाली पर होंठों को नेचुरली कलर करना चाहती हैं, ताे घर पर चुकंदर से होममेड ल‍िपस्‍ट‍िक बना सकती हैं। इसे बनाना भी बहुत आसान है।
Updated:- 2026-11-03, 11:53 IST
how to make home lipstick with beetroot

द‍िवाली के मौके पर हर मह‍िला चाहती है क‍ि वह सबसे खूबसूरत द‍िखे। इसके ल‍िए वे नए कपड़े, हेयरस्‍टाइल और मेकअप तक का पूरा ध्‍यान रखती हैं। मेकअप के ल‍िए काजल, आइलाइनर, मस्‍कारा, फाउंडेशन और न जाने क्या-क्‍या चीजें हम खरीदते हैं। ल‍िपस्‍ट‍िक भी उन्‍हीं में से एक है। आमतौर पर हम बाजार से ही ल‍िपस्‍ट‍िक खरीदते हैं, लेक‍िन आप चाहें तो इस बार घर भी नेचुरल ल‍िपस्‍ट‍िक बना सकती हैं।

घर पर न‍ेचुरल ल‍िपस्‍ट‍िक बनाने के ल‍िए आपको चुकंदर की जरूरत पड़ेगी। चुकंदर का लाल रंग होंठों को हल्का गुलाबी या रेड टिंट देने के काम आता है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं है। नारियल तेल और बीवैक्स के साथ चुकंदर पाउडर मिलाकर आप घर पर ल‍िपस्‍ट‍िक बना सकती हैं। आइए इसके बारे में जानते हैं-

how to make home lipstick with beetroot (1)

image credit- ai

चुकंदर की होममेड लिपस्टिक बनाने के लिए क्या चाहिए?

इस लिपस्टिक को बनाने के लिए आपको नीचें बताई गई चीजें चाह‍िए होंगी। ये सामान आपको घर पर या किसी दुकान पर आसानी से मिल सकता है।

  • 1 छोटा चम्मच चुकंदर का पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच नारियल तेल
  • 1 छोटा चम्मच बीवैक्स यानी मधुमक्खी के छत्ते से मिलने वाला मोम
  • विटामिन ई कैप्सूल की कुछ बूंदें (ऑप्‍शनल)

बस ध्यान रखें कि चुकंदर का पाउडर जितना फाइन होगा, लिपस्टिक उतनी ही अच्छी तरह मिल पाएगी।

यह भी पढ़ें- बीच में से टूट गई है आपकी फेवरेट महंगी लिपस्टिक? माचिस की तीली या ड्रायर से ऐसे करें नए जैसा

घर पर कैसे बनाएं चुकंदर की लिपस्टिक?

इसे बनाने के लिए आपको गैस पर ज्यादा देर काम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सबसे पहले एक साफ और सूखे बर्तन में बीवैक्स और नारियल तेल डालें। अब एक बड़े बर्तन में थोड़ा पानी गर्म करें और उसके ऊपर इस मिश्रण वाला छोटा बर्तन रख दें। इसे लो फ्लेम पर तब तक गर्म करें, जब तक बीवैक्स मेल्‍ट न हो जाए। जब दोनों चीजें अच्छी तरह मिल जाएं, तो गैस बंद कर दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके चुकंदर का पाउडर मिलाएं। इसे लगातार चलाती रहें, ताकि गुठली न पड़े।

आप चाहें तो इसमें विटामिन ई कैप्सूल की कुछ बूंदें भी मिला सकती हैं। अब इसे एक साफ और सूखे छोटे डिब्बे में डाल दें और कुछ देर के ल‍िए ठंडा होने दें। जब यह पूरी तरह से ठंडा हो जाएगा तब ल‍िपस्‍ट‍िक की तरह बन जाएगा। इस तरह आपकी घर पर बनी चुकंदर वाली लिपस्टिक तैयार हो जाएगी।

how to make home lipstick with beetroot (2)

image credit- magnific

होंठों पर कैसे लगाएं यह लिपस्टिक?

इस होममेड लिपस्टिक को लगाने के लिए उंगली या साफ लिप ब्रश का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आपको लाइट शेड पसंद है, तो इसकी एक पतली सी लेयर ही लगाएं। थोड़ा डार्क शेड चाहिए, तो जरूरत के हिसाब से दोबारा लगा सकती हैं।
दिवाली के दिन यह शेड लाइट मेकअप पर खूब अच्‍छा लगेगा।

होममेड ल‍िपस्‍ट‍िक का इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

चुकंदर से बनी लिपस्टिक घर पर तैयार होती है, इसलिए इसे इस्‍तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्‍यान रखना होगा। जैसे-

  • पहली बार लगाने से पहले होंठों के पास थोड़ी मात्रा लगाकर पैच टेस्‍ट जरूर करें।
  • जलन, खुजली या सूजन लगे, तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें।
  • इसे बनाने के लिए साफ और सूखे बर्तन का ही इस्तेमाल करें।
  • इसमें पानी या ताजा चुकंदर का रस न मिलाएं, क्योंकि इससे ल‍िपस्‍टि‍क जल्‍दी खराब हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- DIY Lipstick:सूख गई है लिक्विड लिपस्टिक तो उसे फेंकने की बजाय नारियल तेल की मदद से दोबारा करें ऐसे इस्तेमाल

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी और होममेड लिपस्टिक बनाने के तरीके केवल सामान्य जानकारी और सौंदर्य देखभाल (Beauty Care) के उद्देश्य से प्रस्तुत किए गए हैं। त्वचा और होंठों की संवेदनशीलता हर व्यक्ति में अलग हो सकती है। किसी भी प्राकृतिक सामग्री का उपयोग करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। यदि आपको किसी सामग्री से एलर्जी, खुजली या जलन महसूस होती है, तो इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और स्किन स्पेशलिस्ट (Dermatologist) की सलाह लें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।