Expert Tips: घर पर बने इन हेयर स्प्रे से बालों को करें नेचुरली स्ट्रेट

स्ट्रेट बालों का फैशन काफी समय से ट्रेंड में है। मार्केट में बालों को स्ट्रेट करने के लिए बहुत सारे ब्यूटी प्रोडक्ट्स आते हैं। इतना ही नहीं, कई हेयर ट्रीटमेंट और इलेक्ट्रॉनिक मशीनों का भी बालों को स्ट्रेट करने के लिए प्रयोग किया जाता है। मगर यह सभी चीजें बालों को कुछ समय के लिए स्ट्रेट लुक तो दे देती हैं, मगर इसके साथ ही बालों में तरह-तरह की समस्या भी शुरू हो जाती है।
इन समस्याओं से बचने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों को आजमा सकती है। यह उपाय आपके बालों को स्थायी रूप से स्ट्रेट नहीं करेंगे, मगर कुछ समय के लिए और कुछ हद तक इनकी मदद से आप अपने बालों को स्ट्रेट लुक दे सकती हैं। इन नुस्खों के बारे में जानने के लिए हमने ब्यूटी एक्सपर्ट पूनम चुग से बात की। वह कहती हैं, 'आप घर पर कुछ हेयर स्प्रे तैयार कर सकती हैं। इससे बालों को स्ट्रेट लुक दिया जा सकता है। हालांकि, इनका इस्तेमाल करके आप मशीन या हेयर ट्रीटमेंट जितना असर बालों में नहीं देख पाएंगी, फिर भी आपके वेवी हेयर कुछ हद तक स्ट्रेट नजर आने लगेंगे।'
पूनम जी हमें इन हेयर स्प्रे को बनाने की विधि भी बताती हैं-
इसे जरूर पढ़ें: बालों को लंबा और घना बनाते हैं ये 3 विटामिन्स, जरूर करें डाइट में शामिल

ऑयल हेयर स्प्रे
कुछ तेल ऐसे होते हैं, जिनका प्रयोग करने से बालों में स्ट्रेट लुक आता है। पूनम बताती हैं, 'कैस्टर ऑयल और बादाम का तेल बालों को स्ट्रेट करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, यह नुस्खा केवल एक्सट्रीम ड्राई बालों वाली महिलाओं को ही आजमाना चाहिए।'
सामग्री
- 1 कप गर्म पानी
- 10 ड्रॉप्स कैस्टर ऑयल/ बादाम का तेल
- 1 चम्मच एलोवेरा जेल
विधि
- आपको सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करना है।
- इस पानी में बादाम का तेल या कैस्टर ऑयल डालें।
- इसके बाद 1 चम्मच एलोवेरा जेल डालें।
- अब इस मिश्रण को ठंडा होने पर स्प्रे बॉटल में भर लें।
- फिर आप सूखे हुए बालों में इस स्प्रे का इस्तेमाल करें।
- अगर आपके बाल वेवी हैं, तो उनमें थोड़ा बहुत स्ट्रेट लुक आ जाएगा।
सावधानी- अगर आपके बाल ऑयली हैं, तो आप इसमें नींबू का रस जरूर मिक्स करें। ऐसा करने पर आपके बाल और अधिक ऑयली नहीं होंगे।
लौंग का हेयर स्प्रे
बालों के विकास के लिए लौंग बहुत ही फायदेमंद होती है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि ब्यूटी एक्सपर्ट पूनम चुग बता रही हैं। वह कहती हैं, 'लौंग बालों को कई तरह से फायदा पहुंचाती है। बालों को लंबा करने के साथ ही यह काफी हद तक बालों को स्ट्रेट लुक(बिना हीटिंग के बालों को स्ट्रेट करें)भी दे सकती है। लेकिन कर्ली बालों पर इसका इस्तेमाल करने पर बाल स्ट्रेट नहीं होंगे। यह केवल वेवी बालों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।'
सामग्री
- 1 बड़ा चम्मच लौंग
- 1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल
विधि
- रातभर पानी में लॉन्ग को भिगो कर रखें।
- सुबह इस पानी में एलोवेरा जेल मिक्स करें।
- अब इस मिश्रण को एक स्प्रे बॉटल में भर लें।
- फिर आप इस होममेड हेयर स्प्रे का इस्तेमाल बालों में कर सकती हैं।
सावधानी- बाल अगर एक्सट्रीम ऑयली हैं, तो इस स्प्रे में आप नींबू का रस जरूर मिक्स करें और अगर एक्सट्रीम ड्राई हैं, तो बादाम के तेल की 10 ड्रॉप डालें।
इसे जरूर पढ़ें: 'कोकोनट मिल्क' से बालों को इस तरह घर पर दें प्रोटीन ट्रीटमेंट

शुगर और कॉफी का हेयर स्प्रे
बालों को इंस्टेंट स्ट्रेट लुक देना हो या फिर कोई स्टाइल बनानी हो, पूनम जी द्वारा बताया गया यह स्प्रे आप यूज कर सकती हैं। पूनम जी कहती हैं, 'चीनी स्टिकी होती है, इस स्प्रे को बालों में लगाने से वह थोड़े से कड़े जरूर हो जाते हैं, मगर काफी हद तक स्ट्रेट भी नजर आते हैं।'
सामग्री
- 1 छोटा चम्मच चीनी
- 1 छोटा चम्मच कॉफी
- 1 कप पानी
- 1 छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
विधि
- एक पैन में पानी डालें और गर्म करें।
- फिर इसमें चीनी और कॉफी डालें।
- एक उबाल आने पर गैस को बंद कर दें।
- फिर आप पानी को ठंडा होने दें।
- इसके बाद एलोवेरा जेल डालें।
- अब आप इस मिश्रण को एक स्प्रे बॉटल में भर लें।
- सूखे बालों में इस स्प्रे का इस्तेमाल करें।
सावधानी- इस स्प्रे का इस्तेमाल करने से पहले बालों को सुलझा लें। अब इस स्प्रे को बालों में डालें, साथ-साथ बालों में कंघी(बालों में कंघी करने का सही तरीका)भी करते जाएं। स्प्रे के बालों पर सूख जाने के बाद कंघी न करें, ऐसा करने पर बाल टूट सकते हैं।
नोट- एक्सपर्ट द्वारा बताए गए इन होममेड हेयर स्प्रे का इस्तेमाल आप तब ही करें, जब आपको ऐसा करना सही लगे और इसकी जरूरत हो। आप चाहें तो पहले किसी हेयर एक्सपर्ट से परामर्श भी कर सकती हैं।
यह हेयर ब्यूटी हैक्स अच्छे लगे हों, तो आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।