पैरों का कालापन दूर करने के लिए आजमाएं ये होममेड स्क्रब, जानें तरीका

साफ-सुथरे पैर ना सिर्फ देखने में अच्छे लगते हैं बल्कि यह आपकी पर्सनैलिटी को खास बनाते हैं। हालांकि, चेहरे की तुलना में महिलाएं पैरों का उतना ख्याल नहीं रख पाती हैं। खास कर गर्मियों में त्वचा की खूबसूरती बनाए रखने के लिए महिलाएं तरह-तरह की चीजों का उपयोग करती रहती हैं, लेकिन बात जब पैरों का ख्याल रखने की आती है तो वह यहां सिर्फ कैमिकल युक्त क्रीम का ही इस्तेमाल करती हैं। बता दें कि गर्मियों में ज्यादातर महिलाएं स्लीपर या फिर सैंडल पहनना पसंद करती हैं। यह पहनने में भले ही आरामदायक हो, लेकिन धूप की वजह से पैरों की रंगत चली जाती है।
घर में मौजूद ऐसी कई चीजें होती हैं जिसका इस्तेमाल आप स्क्रब बनाने के लिए कर सकती हैं। इन होममेड स्क्रब की मदद से आप पैरों के कालेपन को दूर कर सकती हैं। होममेड में इस्तेमाल होने वाले इंग्रेडिएंट्स पूरी तरह से नैचुरल है, जो बिना किसी नुकसान के पैरों की खूबसूरती बनाए रखने में मदद करते हैं। यही नहीं हफ्ते भर इन होममेड स्क्रब को इस्तेमाल करने के बाद आपको फर्क खुद ब खुद नजर आने लगेगा।
दालचीनी पाउडर और चीनी से बनाएं स्क्रब

पैरों के जिद्दी काले दाग या फिर टैनिंग से छुटकारा पाना चाहती हैं तो दालचीनी से बने इस होममेड स्क्रब का इस्तेमाल जरूर करें। आइए जानते हैं दालचीनी होममेड स्क्रब कैसे बनाया जा सकता है।
सामग्री
- चीनी- 2 चम्मच
- दालचीनी- 3 से 3 चुटकी
- शहद- 1 चम्मच
- गुलाब जल- 2 चम्मच
विधि
- एक बाउल में चीनी और दालचीनी को मिक्स कर दें, अब इसमें शहद और गुलाब जल(गुलाब जल का इस्तेमाल) मिक्स कर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें। अगर यह पेस्ट ज्यादा गाढ़ा हो जाये तो आप इसमें थोड़ा गुलाब जल और मिक्स कर दें। और अब स्क्रब बनकर तैयार है, अब आप इसे अपने पैरों पर अप्लाई करें और धीरे-धीरे स्क्रब करें। उंगलियों और एड़ियों के ऊपर वाले हिस्से पर अच्छी तरह स्क्रब करें।
- आप चाहें तो इस होममेड स्क्रब को पेडिक्योर के दौरान भी इस्तेमाल कर सकती हैं। पैरों के लिए इसे नॉर्मल स्क्रब की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
- नहाने से एक घंटे पहले स्क्रब करें और फिर इसे साफ तौलिये से पोंछ दें। स्क्रब करने के तुरंत बाद पैरों पर साबुन ना लगाएं।
इसे भी पढ़ें:Expert Tips: काली एड़ियों की सफाई करने के आसान तरीके
बची हुई चायपत्ती और नारियल तेल से बनाएं स्क्रब

बची हुई चायपत्ती का इस्तेमाल कई तरीके से किया जाता है, लेकिन अगर आप पैरों के लिए स्क्रब तैयार कर रही हैं तो इसके साथ कुछ अन्य इंग्रेडिएंट्स को भी मिक्स करें। आइए जानते हैं बची हुई चायपत्ती का इस्तेमाल स्क्रब के रूप में कैसे कर सकते हैं।
सामग्री
- बची हुई चायपत्ती- 2 चम्मच
- कॉफी पाउडर- 1 चम्मच
- नारियल तेल- 1 चम्मच
विधि
- सबसे पहले बची हुई चायपत्ती को दो बार पानी में अच्छी तरह धो लें। ऐसा करने से चीनी और दूध के कण अच्छी तरह धुल जाएंगे।
- अब एक बाउल में चायपत्ती लें और इसके साथ कॉफी पाउडर और नारियल तेल(नारियल तेल का इस्तेमाल) को मिक्स करें। कुछ लोग बची हुई चायपत्ती को पीस लेते हैं, लेकिन कॉफी पाउडर मिक्स करने के बाद इसका इस्तेमाल स्क्रब के रूप में करने से सहूलियत होगी।
- सबसे आखिर में इस मिश्रण में नारियल तेल मिक्स कर दें। ध्यान रखें कि तेल को अधिक मात्रा में मिक्स ना करें, सिर्फ एक चम्मच।
- जिन लोगों की स्किन ड्राई है वह इस स्क्रब का इस्तेमाल पैरों की रंगत निखारने के लिए कर सकते हैं। नारियल तेल होने की वजह से यह पैरों को मॉइश्चराइज भी करेगा।
इसे भी पढ़ें:चेहरे पर इन 2 चीजों से करेंगी क्लींजिंग तो मिलेगा मेकअप जैसा ग्लो
समुद्री नमक और एसेंशियल ऑयल से बनाएं स्क्रब

समुद्री नमक के कई फायदे होते हैं, लेकिन आप इसका इस्तेमाल स्क्रब बनाने के लिए भी कर सकती हैं। वहीं एसेंशियल ऑयल इन दिनों स्किन केयर रूटीन का मुख्य हिस्सा बन गया है। आइए जानते हैं इससे पैरों के लिए स्क्रब कैसे बना सकते हैं।
सामग्री
- समुद्री नमक- 2 चम्मच
- एसेंशियल ऑयल- 6 से 7 बूंद
विधि
- इन दोनों इंग्रेडिएंट्स को मिक्स कर दें। अगर आप इसे पेस्ट का फॉर्म देना चाहती हैं तो इसमें थोड़ा गुलाब जल मिक्स कर दें।
- नहाने से पहले इससे अपने पैरों को स्क्रब करें। आप चाहें तो बीच में एक दिन छोड़कर भी इस स्क्रब को अपने पैरों पर इस्तेमाल कर सकती हैं।
- ध्यान रखें कि स्क्रब करने के तुरंत बाद साबुन का इस्तेमाल ना करें। स्क्रब करने के बाद सिर्फ नॉर्मल पानी से ही पैरों को धोयेंगी।
पैरों का कालापन और डेड स्किन से राहत पाने के लिए आप इन होममेड स्क्रब को कभी भी ट्राई कर सकती हैं। वहीं इस होममेड स्क्रब को बनाने के लिए नेचुरल इंग्रेडिएंट्स का इस्तेमाल किया गया है, जिसका कोई साइड इफेक्ट्स नहीं हैं, लेकिन फिर भी इन्हें इस्तेमाल करने से पहले एक बार टेस्ट जरूर कर लें। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।