बारिश में स्कैल्प को ऑयली होने से बचाएंगे ये घरेलू उपाय

मानसून में पसीना और उमस के कारण शैंपू के दूसरे दिन ही स्कैल्प ऑयली और बाल चिपचिपे होने लगते हैं। नतीजा डैंड्रफ और स्कैल्प से जुड़ी कई दूसरी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। ऐसे मौसम में बालों को हेल्दी रखने के लिए क्या उपाय अपनाएं? इस बारे में ब्यूटी एंड हेयर एक्सपर्ट कनिका टंडन बता रही हैं।
बारिश में स्कैल्प को ऑयली होने से कैसे बचाएं?
शैंपू करने के तुरंत बाद भले ही आपके बाल अच्छे लगते हैं, लेकिन जैसे-जैसे दिन खत्म होता जाता है बाल हैवी और गंदे नजर आने लगते हैं। कारण स्कैल्प में जमा तेल केवल बालों की जड़ों तक सीमित नहीं रहता वह धीरे धीरे बाल के नीचे तक आ जाता है, जिससे बाल दिखने में चिपचिपे लगने लगते हैं। ये समस्याएं बारिश के मौसम में वातावरण में नमी और उमस अधिक होने के कारण ज्यादा होती हैं। इसलिए, इस मौसम में बालों का खास ख्याल रखना होता है।

- स्कैल्प में न लगे कंडीशनर- कंडीशनर लगाते वक्त ध्यान रहे कि वह स्कैल्प में न लगे, केवल बाल और बाल के निचले हिस्से में ही लगे। इससे स्कैल्प अपेक्षाकृत कम ऑयली होगा।
- बालों को गीला न रहने दें- शैंपू करने के बाद अक्सर जल्दबाजी के चक्कर में लोग बालों को गीला ही छोड़ देते हैं, इससे बाल ज्यादा टूटते हैं। इसलिए कोशिश करें कि बाहर जाने से पहले नेचुरल तरीके से बालों को सुखा कर लें।
- ऑयलिंग कम करें- इस मौसम में बालों की ऑयलिंग जरूरी है, लेकिन ज्यादा आयलिंग बालों को नुकसान पहुंचाती है। कई लोग रात भर तेल लगाकर छोड़ देते हैं, इससे बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचता है। इसलिए, शैंपू करने से दो घंटे पहले तेल लगाने की सलाह दी जाती है ताकि स्कैल्प में तेल कम जमा हो। यही नहीं तेल लगाकर किसी पसीने वाली जगह पर भी न जाएं। इसके साथ ही ध्यान रहे कि तेल बालों की जड़ों में नहीं, बालों के निचले हिस्से पर ही लगे।
- हल्का तेल लगाएं- मानसून में भारी तेल लगाने से परहेज करना चाहिए। बादाम और कैस्टर ऑयल भारी होने के कारण बालों से चिपके रहते हैं। इसलिए, हल्के और एंटीफंगल गुण वाले जोजोबा या टी ट्री ऑयल लगाने की सलाह दी जाती है।
ऑयली स्कैल्प के लिए ये उपाय भी हैं लाभकारी
ब्यूटी एंड हेयर एक्सपर्ट कनिका टंडन बताती हैं कि मानसून में उमस की वजह से बालों में तेल की दिक्कत ज्यादा होती है। दरअसल, इस मौसम में बालों में तेल पैदा करने वाले ग्लैंड एक्टिव हो जाते हैं और बाहर के पसीने को भी सोखकर स्कैल्प को चिपचिपा कर देते हैं। जिससे डैंड्रफ, स्कैल्प से पपड़ी आना, फंगल इंफेक्शन और सिरोसिस जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। इसलिए, कोशिश करें कि बालों में ज्यादा ऑयलिंग न करें और अगर करें तो पसीने को बालों में सोखने न दें। इसके अलावा, ऑयल फ्री शैंपू का इस्तेमाल करें और कुछ घरेलू उपाय अपनाएं।

- स्कैल्प ऑयली न हो इसके लिए एलोवेरा जेल, मुल्तानी मिट्टी में दो बूंद टी ट्री ऑयल मिलाकर बालों पर लगाएं और कुछ देर बाद धो लें। इससे स्कैल्प का तेल काफी हद तक कम हो जाता है। आप चाहें तो केवल टी ट्री ऑयल और एलोवेरा जेल भी मिलाकर लगा सकती हैं।
- शैंपू करने के बाद पानी में एप्पल साइड विनेगर का एक ढक्कन मिलाएं और इससे बाल धो लें। इससे भी स्कैल्प कम ऑयली होगा।
- एलोवेरा जेल में एक चम्मच तुलसी, एक चम्मच आंवला और एक चम्मच रीठा पाउडर मिलाकर बालों में लगा लें। कुछ देर रखने के बाद इसे धो लें।
यह भी पढ़ें- इन 3 चीजों से घर पर बनाएं डैंड्रफ-फ्री स्कैल्प स्क्रब, बचेगा पार्लर का खर्च
यह भी पढ़ें- बारिश के मौसम में स्कैल्प पर जम रही हैं डैंड्रफ की पपड़ियां? अपनाएं ये 5 असरदार टिप्स
ये उपाय बालों में तेल को कम करने में मदद कर सकते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
Image Credit: magnific.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।