महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट से नहीं, अलसी के इन फेस पैक से बढ़ाएं चेहरे की चमक

आपने मां को अलसी के बीजों को पराठे के आटे से लेकर ब्रेकफास्ट पुडिंग तक, हर चीज में इस्तेमाल करते हुए देखा होगा। क्या आपको पता है कि ये छोटे-छोटे बीज न सिर्फ आपकी सेहत के लिए अच्छे हैं, बल्कि स्किन के लिए भी इनके कई फायदे हैं। जी हां, अलसी के बीज म्यूसिलेज से भरपूर होते हैं, जो त्वचा की नेचुरल नमी को बनाए रखते हैं। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड स्किन की इलास्टिसिटी को बेहतर बनाता है। साथ ही इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण एक्ने की समस्या को कम करते हैं। इसलिए, आज हम आपको अलसी के बीजों से बने कुछ फेस पैक के बारे में बता रहे हैं, जिससे त्वचा पर बेदाग निखार आ सकता है। इसकी जानकारी डॉ. साक्षी गुलाटी, डर्मेटोलॉजिस्ट, सूरी हॉस्पिटल, कानपुर, ब्यूटी कंसल्टेंट अर्पिता शर्मा पारे, मुंबई ने शेयर की है।
एग-फ्लैक्स सीड्स फेस मास्क
इस फेस पैक को लगाने से त्वचा ग्लोइंग और जवां बनी रहती हैं। अलसी के बीजों में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं। साथ ही अंडा पोर्स को छोटा करता है और एक्स्ट्रा ऑयल को कम करके चेहरे की चिपचिपाहट को कंट्रोल करता है।

सामग्री
- एक टेबलस्पून फ्लैक्स सीड्स पाउडर
- एक अंडा
विधि
बाउल में अंडा फेंटें और इसमें अलसी के बीजों का पाउडर मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे-गर्दन पर अच्छी तरह लगाएं और सूखने पर धो दें। महीने में दो बार यह पैक लगाएं, कुछ ही दिनों में त्वचा पर निखार दिखाई देने लगेगा।
फ्लैक्स सीड्स-दही फेस मास्क
स्किन को फ्रेश लुक देने के लिए आप इस फेस पैक को लगा सकती हैं। फ्लैक्स सीड्स त्वचा को नमी देते हैं। साथ ही दही में मौजूद लैक्टिक एसिड डेड स्किन को हटाता है, टैनिंग को कम करता है और चेहरे पर निखार लाता है।
सामग्री
- एक टेबलस्पून फ्लैक्स सीड पाउडर
- एक टीस्पून दालचीनी पाउडर
- एक टेबलस्पून दही
विधि
बाउल में तीनों चीजें अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे-गर्दन पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो दें। महीने में दो बार इसे लगाएं, कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगेगा।
फ्लैक्स सीड्स-हनी फेस मास्क
अगर आप चेहरे पर बेदाग निखार चाहती हैं तो इस फेस पैक को लगाएं। इसमें मौजूद शहद त्वचा को पोषण देकर काले धब्बों को हटाता है। इसके अलावा, यह डेड स्किन सेल्स को धीरे-धीरे बाहर निकालता है, जिससे त्वचा में निखार आता है।

सामग्री
- 2 टीस्पून लेमन जूस
- 2 टेबलस्पून ऑर्गेनिक हनी
- 1 टेबलस्पून फ्लैक्स सीड्स (रातभर पानी में भीगे हुए)
विधि
सीड्स को हाथ से मसलकर शहद-लेमन जूस मिला लें। इसे चेहरे-गर्दन पर लगाएं और सूखने पर धो दें। हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें- Flax seeds Face Pack: चेहरे पर नजर आएगी चमक लगाएं फ्लैक्स सीड्स से बने ये फेस पैक
फ्लैक्स सीड्स-एलोवेरा फेस मास्क
एलोवेरा में विटामिन ए, सी, ई के साथ ही एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटीइंफ्लेमेटरी गुण और कई तरह के मिनरल्स पाए जाते हैं। इन चीजों की मौजूदगी के कारण एलोवेरा को स्किन के लिए अच्छा माना जाता है।
सामग्री
- एक टेबलस्पून फ्लैक्स सीड पाउडर
- एक टेबलस्पून फ्रेश एलोवेरा जेल
- कुछ बूंदें गुलाबजल
विधि
बाउल में दोनों चीजें मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे पर लगाएं और सूखने पर धो दें। हफ्ते में एक बार यह पैक लगाएं, जल्द ही त्वचा दमकने लगेगी।
इन फेस पैक से आप भी त्वचा को ग्लोइंग बना सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह भी पढ़ें- चेहरे के लिए अलसी का ऐसे करें इस्तेमाल, दाग धब्बे भी होंगे साफ और फेस बनेगा चमकदार
डिस्क्लेमर: किसी भी तरह की एलर्जी या त्वचा संबंधी किसी समस्या से परेशान लोग यह फेस पैक इस्तेमाल करने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें। पैच टेस्ट के बाद ही पैक ट्राई करें।
लेखक- वंदना अग्रवाल
Image Credit: magnific.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।