नारियल के छिलके से घर पर बनाएं हेयर डाई, जानें सफेद बालों पर लगाने का आसान तरीका

DIY Coconut Husk Hair Dye: बालों को कलर करने के लिए बाजार में कई तरह की हेयर डाई और कलर मौजूद हैं। मगर कई बार लोग इसमें मौजूद केमिकल से होने वाले नुकसान से बचने के लिए नेचुरल हेयर डाई या कलर का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। अगर आप भी अपने बालों को नेचुरल तरीके से कलर से करना चाहती हैं, तो नारियल का छिलका का उपयोग कर सकती हैं। आमतौर पर नारियल का इस्तेमाल खाने, तेल और बालों की देखभाल के लिए किया जाता है, लेकिन इसके छिलके को भी बेकार समझकर फेंकने की जरूरत नहीं है। इससे घर पर रंगीन अर्क तैयार करने की कोशिश की जा सकती है। हालांकि, इसका रंग हर बाल पर एक जैसा नहीं आता और सफेद बाल पूरी तरह काले होने की गारंटी नहीं है।
नारियल के छिलके में कैसे होता है रंग?
नारियल के बाहरी रेशेदार छिलके में प्राकृतिक रंग देने वाले कुछ वनस्पति यौगिक मौजूद होते हैं। पारंपरिक तौर पर इसके रेशों और छिलके से भूरे रंग का अर्क या डाई तैयार करने के तरीके इस्तेमाल किए जाते रहे हैं। इसी वजह से कुछ लोग इसे बालों पर भी आजमाते हैं। इससे मिलने वाला रंग बालों के प्राकृतिक रंग, छिलके की मात्रा और अर्क तैयार करने के तरीके पर निर्भर कर सकता है।

इसे भी पढ़ें-बालों में लगा हेयर कलर हटाना है? घर पर आजमाएं ये 4 तरीके, धीरे-धीरे निकल जाएगा रंग
नारियल के छिलके से हेयर डाई बनाने के लिए सामग्री
इस नेचुरल डाई को तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए नारियल का सूखा बाहरी छिलका, पानी और एक बर्तन की जरूरत होगी। ध्यान रखें कि छिलका साफ हो और उसमें किसी तरह की गंदगी या फफूंद न लगी हो।

- 1 कप- सूखा नारियल का बाहरी छिलका (रेशेदार हिस्सा)
- 2 कप- पानी
- 1 छोटा बर्तन
- 1 छन्नी या साफ सूती कपड़ा
- 1 कटोरी- अर्क रखने के लिए
- 1- हेयर एप्लीकेशन ब्रश (बालों पर लगाने के लिए)
नारियल के छिलके से ऐसे तैयार करें नेचुरल हेयर डाई

- सबसे पहले नारियल के सूखे रेशेदार छिलके को इकट्ठा कर लें।
- इसमें लगी धूल और गंदगी को हटाकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- अब एक बर्तन में नारियल के छिलके के टुकड़े और पर्याप्त पानी डालें।
- इसे धीमी आंच पर करीब 20 से 30 मिनट तक उबलने दें।
- इससे पानी में छिलके का रंग उतरने लगेगा।
- जब पानी का रंग भूरा दिखाई देने लगे, तो गैस बंद कर दें।
- इसे पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर किसी साफ कपड़े या छन्नी की मदद से छान लें।
- आपका नारियल के छिलके का अर्क तैयार है।
- तैयार अर्क को पहले बालों के एक छोटे हिस्से पर लगाकर देखें। अगर किसी तरह की परेशानी नहीं होती, तो साफ बालों की कुछ लटों पर इसे आजमा सकते हैं।
- ध्यान रखें कि आंखों और चेहरे की त्वचा के संपर्क में इसे न आने दें।
सफेद बालों पर लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
नारियल के छिलके से तैयार अर्क को बालों पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। इसे त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर 48 घंटे तक देखें। खुजली, जलन या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल न करें। इसके अलावा, पहली बार पूरे बालों पर लगाने के बजाय कुछ लटों पर ही इसका परीक्षण करें।
नारियल के छिलके में मौजूद टैनिन पर वैज्ञानिक अध्ययन
साल 2022 में Environmental Science and Pollution Research जर्नल में नारियल के रेशेदार छिलके (Coconut Coir) से प्राकृतिक रंग निकालने पर एक अध्ययन प्रकाशित हुआ। इस रिसर्च में पाया गया कि नारियल के रेशेदार छिलके में टैनिन मौजूद होता है, जिसका इस्तेमाल प्राकृतिक रंग बनाने में किया जा सकता है। शोधकर्ताओं ने इस अर्क का इस्तेमाल रेशम के कपड़े को रंगने के लिए किया था। अध्ययन में रंग निकालने और कपड़े पर उसे टिकाने के लिए अलग-अलग परिस्थितियों और तकनीकों का इस्तेमाल किया गया।
इसे भी पढ़ें- सफेद बालों को नेचुरली काला बना सकता है अमलतास, ऐसे बनाएं Homemade Dye
ध्यान रखें कि नेचुरल होने का मतलब यह नहीं है कि कोई चीज हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित होगी। नारियल के छिलके से बनी डाई के रंग और टिकने की क्षमता पर अभी सीमित शोध उपलब्ध है। इसलिए सफेद बालों को पूरी तरह काला करने या लंबे समय तक रंग बनाए रखने का दावा नहीं किया जा सकता। अगर आपके बाल कम उम्र में तेजी से सफेद हो रहे हैं, तो इसके कारण जानने के लिए त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit-ai
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।
