हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप, मां महागौरी की पूजा की जाती है। वहीं चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि 5 अप्रैल यानी कि शनिवार को पड़ रही है। आपको बता दें, मां महागौरी का रंग अत्यंत गोरा है और वे शांति व पवित्रता की प्रतीक हैं। वे चार भुजाओं वाली हैं, जिनमें से एक में त्रिशूल, दूसरे में डमरू, तीसरा अभय मुद्रा में और चौथा वरद मुद्रा में है। उनका वाहन बैल है। कई भक्त इस दिन कन्या पूजन करते हैं, जिसमें नौ छोटी कन्याओं को देवी दुर्गा के नौ रूपों के प्रतीक के रूप में पूजा जाता है और उन्हें भोजन व उपहार दिए जाते हैं। अब ऐसे में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि के दिन मां महागौरी की पूजा किस विधि से करें, भोग क्या लगाएं। साथ ही किन मंत्रों का जाप करें। इसके बारे में इस लेख में ज्योतिषाचार्य पंडित अरविंद त्रिपाठी से विस्तार से जानते हैं।
मां महागौरी की पूजा किस विधि से करें? (Maa Mahagauri Puja Vidhi 2025)
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। पूजा स्थल को साफ करें और गंगाजल छिड़ककर पवित्र करें।
- एक साफ आसन बिछाएं और उस पर मां महागौरी की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें। कलश स्थापित करें और उसमें गंगाजल, रोली, चावल, कुछ सिक्के और मौली डालें।
- हाथ में जल और फूल लेकर व्रत और पूजा का संकल्प लें।
- देवी महागौरी का आह्वान करें और उनका ध्यान करें। साथ ही मंत्रों का जाप विशेष रूप से करें।
- "सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि। सेव्यामाना सदा भूयात सिद्धिदा सिद्धिदायिनी॥"
- मां को रोली और कुमकुम का तिलक लगाएं।
- उन्हें सफेद फूल अर्पित करें।
- धूप और दीप जलाएं।
- अगरबत्ती जलाएं।
- मां को फल और मिठाई का भोग लगाएं। नारियल और हलवा विशेष रूप से अर्पित करें।
- यदि विवाहित महिला पूजा कर रही है, तो मां को सुहाग की सामग्री अर्पित करें।
- हाथ जोड़कर मां महागौरी से सुख, शांति, समृद्धि और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करें।
- मां महागौरी की आरती करें।
- इस दिन नारियल का भोग लगाना और उसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करना विशेष फलदायी होता है।
- नवरात्रि की अष्टमी तिथि हो तो कन्या पूजन का विशेष महत्व है। नौ कन्याओं को देवी का रूप मानकर उन्हें भोजन कराएं और दक्षिणा दें।
इसे जरूर पढ़ें - Ram Navami 2025: भगवान राम का जन्मोत्सव इस साल क्यों है खास? जानें शुभ संयोग और धार्मिक महत्व
मां महागौरी को किन चीजों का भोग लगाएं?
मां महागौरी को नारियल विशेष रूप से प्रिय है। इसलिए, नारियल या नारियल से बनी मिठाइयां जैसे नारियल बर्फी और नारियल के लड्डू का भोग लगाना शुभ माना जाता है। अष्टमी के दिन मां महागौरी को काले चने का भोग अवश्य लगाना चाहिए। इस दिन दूध से बनी खीर भी मां को भोग के रूप में चढ़ाई जाती है।
मां महागौरी की पूजा के दौरान करें मंत्र जाप (Maa Mahagauri Puja Mantra)
- ऊं देवी महागौर्यै नमः॥
- श्वेते वृषे समारूढा श्वेताम्बरधरा शुचिः।
- महागौरी शुभं दद्यान्महादेव प्रमोददा॥
- वन्दे वाञ्छित कामार्थे चन्द्रार्धकृतशेखराम्।
- सिंहरूढा चतुर्भुजा महागौरी यशस्विनीम्॥
- पूर्णन्दु निभाम् गौरी सोमचक्रस्थितां अष्टमम् महागौरी त्रिनेत्राम्।
- वराभीतिकरां त्रिशूल डमरूधरां महागौरी भजेम्॥
- या देवी सर्वभूतेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।
- नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥
- सर्वसंकट हंत्री त्वंहि धन ऐश्वर्य प्रदायनीम्। ज्ञानदा चतुर्वेदमयी महागौरी प्रणमाम्यहम्॥
इसे जरूर पढ़ें - April Vrat or Tyohar List 2025: 'राम नवमी' से लेकर 'अक्षय तृतीया' तक अप्रैल के पूरे महीने रहेगा त्योहारों का उत्साह, जानें शुभ तिथियां और मुहूर्त
मां महागौरी की पूजा के लिए शुभ रंग
मां महागौरी की पूजा के लिए शुभ रंग गुलाबी माना जाता है। यह रंग प्रेम, स्नेह और सद्भाव का प्रतीक है। हालांकि, मां महागौरी श्वेत वर्ण की देवी हैं और उन्हें सफेद रंग भी प्रिय है। इसलिए, आप सफेद या हल्के रंग के वस्त्र भी पहन सकते हैं।
मां महागौरी की पूजा का महत्व
मां महागौरी, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में से आठवीं हैं और उन्हें शांति, सुंदरता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि मां महागौरी की पूजा करने से जीवन के सभी कष्ट और परेशानियां दूर हो जाती हैं। मां महागौरी की कृपा से भक्तों के सभी पाप धुल जाते हैं। इनकी पूजा से घर में सुख-शांति, यश, वैभव और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। जिन लोगों के वैवाहिक जीवन में समस्याएं आ रही हैं, उनकी पूजा से वे दूर हो सकती हैं और उन्हें सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मिलता है। कुंवारी कन्याएं मनचाहा वर पाने के लिए इनकी पूजा करती हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह के और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से। अपने विचार हमें आर्टिकल के ऊपर कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।
Image Credit- HerZindagi
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों