पानी हम सभी के लिए अनमोल है और इसलिए उसकी बचत करना बेहद जरूरी है। आज के समय में पानी का जिस तरह से दोहन हो रहा है, उसे देखते हुए यह कहा जाने लगा है कि भविष्य में होने वाली लड़ाईयों की वजह ज़र, जोरू या जमीन नहीं बल्कि पानी होगा। कई एक्सपर्ट बताते हैं कि दुनिया में अगर कभी तीसरा विश्व युद्ध हुआ तो उसका कारण भी पानी ही होगा।
ऐसे में अपनी आने वाली पीढ़ियों के पानी का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हालांकि इसके लिए आपको बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं है। बस आपको थोड़ी समझदारी दिखानी चाहिए। मसलन, घर के कामों के दौरान भी काफी हद तक पानी बचाया जा सकता है।
अगर आप घर में हाथों से कपड़े धोती हैं और अगर उस समय थोड़ी स्मार्टनेस का सहारा लेती हैं तो यकीनन आप काफी हद तक पानी की बचत कर सकती हैं। तो चलिए आज हम आपको ऐसे ही कुछ टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप हाथों से कपड़े धोते समय काफी हद तक पानी की बचत कर पाएंगी-
कपड़ों की करें छंटाई
यह आपके कपड़ों और पर्यावरण दोनों के लिए अच्छा है। अगर आप कपड़े धो रही हैं तो यह जरूरी है कि आप पहले उसकी छंटाई कर लें। मसलन, अधिक गंदे और कम गंदे कपड़ों को अलग कर लें। इसी तरह हल्के रंग के कपड़े और जिन कपड़ों से रंग निकलता है, उन्हें भी अलग कर लें।
इसे जरूर पढ़ें- अगर मशीन में धोने के बाद भी कपड़े होते हैं गंदे तो अपनाएं यह आसान टिप्स
ऐसे में आपको कपड़े धोते समय यकीनन कम पानी का इस्तेमाल करना होगा। अगर आप इन कपड़ों को एक साथ धोएंगी तो कपड़ों से कलर निकलकर दूसरे कपड़े में लग जाएगा और फिर उसे साफ करने के लिए आपको अतिरिक्त पानी व्यय करना होगा। यह एक छोटा सा स्टेप है, लेकिन इससे आपकी मेहनत और पानी की काफी हद तक बचत की जा सकती है।
दाग को भिगोएं
अगर आप कम मेहनत और कम पानी का इस्तेमाल करते हुए कपड़ों को धोना चाहती हैं तो ऐसे में दाग को गुनगुने पानी में थोड़ा डिटर्जेंट डालकर भिगोकर छोड़ दें। इससे दाग बेहद आसानी से निकल जाता है और उसे साफ करते हुए आपको बहुत अधिक पानी खर्च नहीं करना पड़ेगा।
Recommended Video
मीडियम साइज की लें बाल्टी
यह भी एक छोटी सी ट्रिक है, जो आपको बहुत अधिक पानी बर्बाद करने से बचने में मदद करेगा। कपड़े धोने के लिए आप मीडियम साइज बाल्टी का इस्तेमाल करें। इसमें आप गुनगुना पानी लें और एक बाल्टी में डिटर्जेंट व कपड़े डालकर रखें। वहीं दूसरी बाल्टी को आप कपड़े धोने के लिए इस्तेमाल करें।
नल को खुला ना छोड़े
यह एक ऐसी गलती है, जिसे अक्सर महिलाएं कपड़े धोते समय करती हैं और इससे काफी सारा पानी बर्बाद हो जाता है। अगर आप कपड़े धो रही हैं तो नल को यूं ही खुला ना छोड़े। इससे काफी सारा पानी नाली में चला जाता है।
इसे जरूर पढ़ें- कपड़े धोते समय बचें इन छोटी-छोटी गलतियों से, वरना कपड़े हो जाएंगे खराब
इसके अलावा आप बाल्टी को पूरा पानी से भरने से बचें। इससे भी अतिरिक्त पानी खर्च होता है। बेहतर होगा कि आप बाल्टी को आधा ही भरें और बाल्टी को आधा भरने के बाद नल को बंद कर दें।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।