बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, विद्या और समृद्धि का प्रतीक है। यह दिन पूर्ण रूप से माता सरस्वती को समर्पित होता है और इस दिन उनकी पूजा का विधान है। इस दिन लोग माता सरस्वती के पूजन के साथ उन्हें प्रसन्न करने के अन्य उपाय भी आजमाते हैं। इनमें सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है दान करना। कहा जाता है कि यदि आप बसंत पंचमी के दिन कुछ विशेष चीजों का दान करते हैं तो जीवन में खुशहाली बनी रहती है। यही नहीं यह दिन पूजा और अन्य शुभ कार्यों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। चूंकि इस दिन दान का भी विशेष महत्व है, इसलिए दान हमेशा राशि के अनुसार ही करने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि यदि बसंत पंचमी के दिन राशि अनुसार चीजों का दान किया जाए, तो पूरे साल सुख-समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानते हैं इस साल बसंत पंचमी पर आपको राशि अनुसार कौन-कौन सी चीजों का दान करना चाहिए और इस दिन किया गया दान क्यों फलदायी माना जाता है।
बसंत पंचमी के दिन दान करना अत्यंत लाभकारी माना जाता है। यह दिन विशेष रूप से ज्ञान, शिक्षा और समृद्धि की प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण होता है। ज्योतिष की मानें तो इस दिन दान करने से ग्रहों की शांति होती है और कुंडली में मौजूद दोषों से मुक्ति के द्वार खुलते हैं। बसंत पंचमी का संबंध माता सरस्वती से है, जो ज्ञान, कला, और शिक्षा की देवी मानी जाती हैं। यदि आप बसंत पंचमी के दिन दान करते हैं तो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे उसकी मानसिक स्थिति अच्छी बनी रहती है और जीवन में प्रगति के मार्ग खुलते हैं।
आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए भी इस दिन विशेष रूप से दान देने का महत्व है। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में शुक्र, बृहस्पति या अन्य ग्रहों के कारण आर्थिक समस्याएं हो रही हों, तो बसंत पंचमी के दिन दान करने से इन ग्रहों की स्थिति सुधरती है और आर्थिक लाभ हो सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए भी यह दिन बहुत शुभ माना जाता है, क्योंकि दान करने से उन्हें शिक्षा में सफलता मिलने के योग बनते हैं। इस दिन पीले वस्त्रों का दान और सरस्वती पूजा से ज्ञान की प्राप्ति होती है।
यह विडियो भी देखें
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, प्रत्येक राशि के लिए बसंत पंचमी पर विशेष दान किए जाने से जीवन में उन्नति और समृद्धि आती है। इस दिन राशि अनुसार दान करने से न केवल ग्रहों की बेहतर होती है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में सफलता का मार्ग भी प्रशस्त होता है। आइए जानें सभी राशियों को किन चीजों का दान करना चाहिए।
मेष राशि के लोगों को बसंत पंचमी के दिन लाल चीजों का दान करने की सलाह दी जाती है क्योंकि इस राशि के स्वामी मंगल ग्रह हैं। आप इस दिन जरूरतमंदों को लाल वस्त्र, गुड़ और लाल धातु जैसे तांबे के बर्तन का दान कर सकते हैं। इससे आपकी कुंडली में मंगल ग्रह की स्थिति मजबूत होती है और आपके आस-पास सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है।
इसे जरूर पढ़ें: Basant Panchami 2025 Upay: बसंत पंचमी पर बच्चों से कराएं इन 3 में से कोई एक उपाय, शिक्षा के क्षेत्र में मिल सकती है सफलता
वृषभ राशि के स्वामी शुक्र हैं और यदि आप बसंत पंचमी के दिन सफ़ेद चीजों का दान करें जैसे सफेद अनाज, मिठाई या फिर कपड़ों का दान किसी जरूरतमंद को करें तो आपके जीवन में खुशहाली बनी रहती है। इससे आपकी कुंडली में शुक्र ग्रह को मजबूत करने में मदद मिलती है।
मिथुन राशि के जातकों को बसंत पंचमी के दिन हरे वस्त्र, हरी सब्जियां, हरे अनाज जैसे मूंग दाल का दान करने की सलाह दी जाती है। यह बुध ग्रह को संतुलित करता है और इससे आपकी विद्या में उन्नति होती है।
कर्क राशि के लोगों के लिए सफेद वस्त्र, चांदी और खीर का दान करने की सलाह दी जाती है। इससे आपकी कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है और मानसिक शांति मिलती है।
सिंह राशि के जातकों को बसंत पंचमी के दिन गेहूं, गुड़, और सोने की वस्तुओं का दान करने की सलाह दी जाती है। यह सूर्य को बलवान बनाता है और आपके जीवन में आत्मविश्वास को बढ़ाता है।
कन्या राशि के लोगों के लिए बसंत पंचमी के दिन हरे फल, साबुत मूंग और पुस्तकें दान करना सबसे ज्यादा लाभकारी माना जाता है। यह बुध ग्रह को संतुलित करता है और आपको विद्या में उन्नति दिलाता है।
इसे जरूर पढ़ें: Basant Panchami 2025: बसंत पंचमी के दिन जरूर करें इस स्तोत्र का जाप, कार्यक्षेत्र में मिल सकती है सफलता
तुला राशि के जातकों को गुलाबी चीजों जैसे गुलाबी वस्त्र, इत्र और चीनी का दान करने की सलाह दी जाती है। इस तरह के दान से आपकी कुंडली में शुक्र को मजबूत करने में मदद मिलती है और वैवाहिक जीवन भी खुशहाल बना रहता है।
वृश्चिक राशि के लिए लाल अनाज जैसे मसूर, तांबे के बर्तन और लाल चंदन का दान करने की सलाह दी जाती है। इससे आपकी कुंडली में मंगल ग्रह मजबूत होता है और जीवन में साहस बना रहता है।
धनु राशि के लोगों को बसंत पंचमी के दिन पीले वस्त्र, हल्दी और केले का दान करने की सलाह दी होती है। इससे आपकी कुंडली में बृहस्पति ग्रह को मजबूत बनाने में मदद मिलती है और आपके ज्ञान की वृद्धि भी होती है। आप इस दिन माता सरस्वती के पूजन में यदि पीली वस्तुएं चढ़ाते हैं तो यह भी फलदायी माना जाता है।
मकर राशि के लोग यदि बसंत पंचमी के दिन काले तिल, काले अनाज जैसे उड़द दाल का दान करें तो उनके लिए शुभ हो सकता है। यह उपाय शनि ग्रह को संतुलित करता है और आपके जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करता है।
कुंभ राशि के स्वामी शनि हैं और यदि आप बसंत पंचमी के दिन नीली चीजों जैसे नीले वस्त्रों का दान करते हैं या जरूरतमंदों को कंबल आदि का दान करते हैं तो आपके जीवन में खुशहाली बनी रहती है। इस उपाय से शनि के दुष्प्रभावों को भी कम किया जा सकता है।
मीन राशि के लोगों को बसंत पंचमी के दिन पीला चावल, केसर और गाय घी का दान करना चाहिए। इस उपाय से उनके जीवन में खुशहाली बनी रहती है और समृद्धि के द्वार खुलते हैं। यह उपाय कुंडली में मौजूद बृहस्पति ग्रह को मजबूत करता है और आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करता है।
यदि आप यहां बताई बातों के अनुसार ही बसंत पंचमी के दिन सही चीजों का दान करते हैं तो आपके जीवन में सदैव खुशहाली बनी रहती है। आपकी इस बारे में क्या राय है, हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Images: freepik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।