शादी की खरीदारी करते समय किन चीजों पर खर्च करना जरूरी है और कहां बचा सकती हैं पैसे?

अगर आप भी शादी की शॉपिंग करने जा रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको बताने जा रहे हैं कि वेडिंग शॉपिंग में किन चीजों पर खर्च करना जरूरी और कहां पर खर्च न करके पैसे बचा सकती हैं।  
Updated:- 2026-11-02, 13:51 IST
Wedding expenses management

शादी की खरीदारी हर लड़की के लिए खास होती है। शादी का जोड़ा, ज्वेलरी, मेकअप और हर फंक्शन के लिए अलग-अलग आउटफिट खरीदने की इच्छा होती है। मगर इन तैयारियों के बीच कई बार बजट से ज्यादा पैसे खर्च हो जाते हैं। ऐसे में शादी की शॉपिंग शुरू करने से पहले यह समझना जरूरी है कि किन चीजों पर खर्च करना आपके लिए अहम है और कहां थोड़ी समझदारी दिखाकर पैसे बचाए जा सकते हैं। सही प्लानिंग से आप अपनी पसंद की खरीदारी भी कर सकती हैं और शादी के बाद के खर्चों के लिए भी पैसे बचाकर रख सकती हैं। आज का यह आर्टिकल इसी जानकारी पर आधारित है कि शादी की खरीदारी करते समय किन चीजों पर खर्च करना जरूरी है और कहां बचा सकती हैं पैसे?

शादी की खरीदारी में पैसे ज्यादा खर्च होने से कैसे बचाएं?

शादी में हम सभी हर एक छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखते हैं और इसकी खरीदारी भी करती हैं। ऐसे में कई बार हम सभी एक से ज्यादा या फिर बिना काम का भी चीज खरीद लेते हैं। इस स्थिति में पैसा ज्यादा खर्च हो जाता है और हमें बाद में समझ आता है कि इस चीज को नहीं खरीदना चाहिए या फिर बेवजह है। बेवजह या एक्स्ट्रा पैसा खर्च होने से बचाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

1. शादी की खरीदारी से पहले बजट तय करें

शादी की शॉपिंग शुरू करने से पहले कुल बजट तय करें। इसके बाद कपड़े, ज्वेलरी, मेकअप, फुटवियर और एक्सेसरीज के लिए अलग-अलग रकम निर्धारित करें। इससे खरीदारी करते समय अंदाजा रहेगा कि किस चीज पर कितना खर्च करना है।

Indian-wedding-planning-tips-1790427090845

Image Credit- ai

बजट बनाते समय कुछ पैसे अतिरिक्त खर्चों के लिए भी रखें। कई बार ब्लाउज की फिटिंग, कपड़ों की अल्टरिंग या अचानक जरूरी चीज खरीदने में पैसे लग जाते हैं। इसलिए पूरे बजट को पहले ही खर्च न करें।

इसे भी पढ़ें- Wedding Planning Tips: शादी की तैयारियों को लेकर हैं कंफ्यूज? अपनाएं ये पर्सनल प्लानिंग गाइड

2. शादी का जोड़ा खरीदते समय रखें ध्यान

शादी का लहंगा या जोड़ा सबसे खास आउटफिट होता है, इसलिए इसकी खरीदारी में अच्छी क्वालिटी और फिटिंग पर खर्च करना जरूरी है। ऐसा कपड़ा चुनें जिसे पहनकर आप आराम महसूस करें और जो आपकी पसंद के साथ लंबे समय तक अच्छा भी लगे।

affordable-lehnga-market-in-delhi-(1)-1778740007517

Image Credit-ai

महंगे डिजाइनर लेबल या सिर्फ ब्रांड के नाम के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने से बचें। लोकल बुटीक, अच्छी फैब्रिक की दुकानों और रेडीमेड कलेक्शन में भी खूबसूरत विकल्प मिल सकते हैं। अगर आप चाहें तो ऐसा लहंगा चुन सकती हैं जिसे शादी के बाद अलग-अलग ब्लाउज या दुपट्टे के साथ दोबारा पहना जा सके।

3. ज्वेलरी में खूबसूरती के साथ-साथ बजट का रखें ध्यान

शादी की ज्वेलरी खरीदते समय पहले तय करें कि आपको असली सोना, चांदी, डायमंड या आर्टिफिशियल ज्वेलरी में से क्या चाहिए। हर फंक्शन के लिए महंगी ज्वेलरी खरीदना जरूरी नहीं है। शादी के दिन के लिए अपनी पसंद और बजट के अनुसार ज्वेलरी लें, जबकि मेहंदी, हल्दी या संगीत के लिए हल्की और खूबसूरत आर्टिफिशियल ज्वेलरी चुन सकती हैं। ऐसी ज्वेलरी खरीदें जिसे शादी के बाद भी दूसरे कपड़ों के साथ इस्तेमाल किया जा सके।

best-east-delhi

Image Credit-herzindagi

4. मेकअप प्रोडक्ट्स पर बेवजह पैसे खर्च करने से बचें

शादी के लिए मेकअप खरीदते समय हर नए प्रोडक्ट को खरीदना जरूरी नहीं है। पहले अपनी अलमारी और मेकअप किट में मौजूद सामान की जांच करें। जो प्रोडक्ट इस्तेमाल करने योग्य हैं, उन्हें दोबारा खरीदने से बचें।

फाउंडेशन, कंसीलर और लिपस्टिक जैसे जरूरी प्रोडक्ट्स अपनी स्किन टोन और जरूरत के हिसाब से लें। केवल ट्रेंड देखकर महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने से बचें। अगर शादी में मेकअप आर्टिस्ट की सर्विस ले रही हैं, तो पहले पूछ लें कि कौन-से प्रोडक्ट्स वह खुद लेकर आएंगे।

5. महंगे फुटवियर की जगह आरामदायक स्लीपर या सैंडल पर खर्च करें पैसा

शादी के दिन लंबे समय तक खड़े रहना, चलना और रस्मों में शामिल होना पड़ सकता है। इसलिए फुटवियर खरीदते समय सिर्फ डिजाइन नहीं, बल्कि आराम को भी प्राथमिकता दें।

Simple-Golden-Sandal-1730985782575

Image Credit-Herzindagi

बहुत महंगी हील्स खरीदने के बजाय ऐसी हील्स या सैंडल चुनें जिन्हें आप आसानी से पहन सकें। शादी के लिए एक खास जोड़ी और बाकी फंक्शन के लिए पहले से मौजूद आरामदायक फुटवियर इस्तेमाल कर सकती हैं।

6. हर फंक्शन के लिए नए कपड़े खरीदने से बचें

हल्दी, मेहंदी, संगीत और रिसेप्शन के लिए अलग-अलग नए कपड़े खरीदने से बजट काफी बढ़ सकता है। इसके बजाय अपनी अलमारी में मौजूद सूट, साड़ी या लहंगे को नए तरीके से स्टाइल करें। एक ही आउटफिट को अलग दुपट्टे, ज्वेलरी या ब्लाउज के साथ नया लुक दिया जा सकता है। दोस्तों या बहनों के साथ कपड़े एक्सचेंज करना भी एक अच्छा विकल्प है।

7. एक्सेसरीज खरीदने से पहले चेक करें अपनी अलमारी

शादी के मौके पर क्लच, पर्स, हेयर एक्सेसरीज, बेल्ट और दुपट्टे जैसी छोटी चीजों पर भी काफी पैसे खर्च हो जाते हैं। इसलिए खरीदारी से पहले अपनी अलमारी में मौजूद सामान की सूची बनाएं। कई बार पुराने क्लच या ज्वेलरी को नए कपड़ों के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। जो चीज केवल एक बार पहननी है, उसे खरीदने के बजाय किराए पर लेने का विकल्प भी देख सकती हैं।

Wedding expenses management

Image Credit-Herzindagi

8. ऑनलाइन और ऑफलाइन शॉपिंग करते समय करें तुलना

किसी भी चीज को खरीदने से पहले उसकी कीमत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह चेक करें। ऑनलाइन सेल, डिस्काउंट और ऑफर मिल सकते हैं, जबकि दुकानों पर कपड़े की क्वालिटी और फिटिंग को सीधे देखकर परखा जा सकता है। हालांकि, केवल कम कीमत देखकर खरीदारी न करें। रिटर्न पॉलिसी, डिलीवरी चार्ज और अल्टरिंग के खर्च को भी ध्यान में रखें।

9. खरीदारी की लिस्ट बनाएं और जल्दबाजी से बचें

शादी की शॉपिंग के लिए जरूरी चीजों की लिस्ट बनाएं और खरीदारी पूरी होने पर उन्हें टिक करते जाएं। इससे एक ही चीज दोबारा खरीदने या गैरजरूरी सामान लेने से बचेंगी। आखिरी समय की खरीदारी में अक्सर विकल्प कम मिल पाते हैं और कीमत भी ज्यादा चुकानी पड़ सकती है। इसलिए जरूरी कपड़े और ज्वेलरी समय रहते खरीदें।

इसे भी पढ़ें- ब्राइडल शॉपिंग का बजट हैक, चांदनी चौक से  ₹1000 के अंदर खरीदें ये सामान

शादी की खरीदारी में सबसे जरूरी है कि आप अपनी पसंद, जरूरत और बजट के बीच संतुलन बनाएं। हर चीज महंगी होना जरूरी नहीं है। समझदारी से की गई शॉपिंग आपको शादी के खास पलों का आनंद लेने के साथ भविष्य के लिए भी पैसे बचाने में मदद करेगी।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-main image (Magnific)

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।