क्या आप भी हैं Tea Lover? सर्दियों में जरूर लें इन 5 तरह के शाही चाय की चुस्की, मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी

हमारे यहां भारत में चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं बल्कि एक इमोशन है। चाय के साथ लोगों का इतना प्यार जुड़ा है कि लोग इसके बिना रह ही नहीं पाते हैं। सुबह आंख खुली नहीं कि चाय मिल जाए तो मजा ही आ जाता है। ऑफिस में काम के बीच सुस्ती आ जाए तो चाय, शाम को थकान हो तो चाय, हर मौके पर चाय हमारा साथ निभाती है।
सर्दियों में तो गरमागरम चाय की एक चुस्की पूरा मूड बदल देती है। ज्यादातर घरों में अदरक, इलायची या मसाले वाली चाय ही बनाई जाती है, लेकिन अगर आप कुछ खास और रॉयल टेस्ट ट्राई करना चाहती हैं, तो हम आपके लिए कुछ शाही चाय लेकर आए हैं। इन चायों में खुशबू, क्रीमी टेक्सचर और हल्की मिठास होती है, जो मेहमानों को भी इम्प्रेस कर दे। आइए जानते हैं उन 5 चाय के बारे में-
गुलाब-इलायची वाली खुशबूदार चाय (Gulab Elaichi Tea)
अगर आपको हल्की मीठी और खुशबूदार चाय पसंद है, तो गुलाब-इलायची वाली ये चाय जरूर ट्राई करिएगा। गुलाब की महक चाय के टेस्ट को जबरदस्त बना देती है।

कैसे बनाएं?
पानी में चाय पत्ती उबाल लें। अब इसमें चीनी और इलायची डालें। सूखी गुलाब की पंखुड़ियां मिलाकर दूध डाल दीजिए। सबसे आखिर में गुलाब जल डालकर गैस बंद कर दीजिए। ये चाय मूड को बढ़िया कर देती है।
केसर-पिस्ता राॅयल टी (Kesar Pista Royal Tea)
ये चाय देखने में भी बहुत रॉयल लगती है और स्वाद तो इसका जबरदस्त होता है। अगर आप इसे एक बार पिएंगी तो बार-बार पीने का मन करेगा।

कैसे बनाएं?
केसर-पिस्ता वाली चाय बनाने के लिए सबसे पहले पानी में केसर उबाल लें। इसके बाद चाय पत्ती डालकर रंग आने दें। अब दूध, चीनी और बारीक कटे पिस्ता डाल दें। इसे दो से तीन मिनट के लिए मीडियम फ्लेम पर उबलने दें। आपकी चाय तैयार है। सर्दियों में ये चाय शरीर को गर्म रखती है।
केसर-बादाम वाली शाही चाय (Kesar Badam Wali Chai)
ये चाय दिखने में जितनी खूबसूरत लगती है, स्वाद में उतनी ही रिच होती है। सर्दियों में ये शरीर को गर्म रखने में भी मदद करती है।

कैसे बनाएं?
पानी में केसर डालकर उबाल लें। इसके बाद चाय पत्ती और इलायची पाउडर डालें। रंग आने पर दूध मिला दें। आखिर में चीनी और पतले कटे और उबले हुए बादाम डालें। ऊपर से केसर से गार्निश कर दें। इसकी खुशबू और स्वाद दोनों ही रॉयल लगते हैं।
केसरिया मसाला चाय (How to make Kesariya Masala Chai)
केसर तो वैसे भी हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होता है। केसर मसाला शाही चाय ट्रेडिशनल मसाला चाय से थोड़ा अलग होता है।

कैसे बनाएं?
इसको बनाने के लिए पानी में अदरक, इलायची और थोड़ी-सा दालचीनी डालकर उबाल लें। अब चाय पत्ती डालें। दूध और चीनी मिलाएं। आखिर में कुछ केसर के धागे डालकर चाय को पांच मिनट के लिए धीमी आंच पर उबलने दें। इसका स्वाद और खुशबू दोनों ही शानदार होते हैं।
यह भी पढ़ें- क्या आप भी पीती हैं खौलती हुई चाय? आज ही बदलें यह आदत, वरना घेर सकता है कैंसर
ड्राई फ्रूट वाली क्रीमी चाय (Dry Fruit wali Chai)
अगर आपको थोड़ी गाढ़ी और मलाईदार चाय पसंद है, तो ड्राई फ्रूट वाली क्रीमी चाय एक परफेक्ट ऑप्शन है। इसमें ड्राई फ्रूट का हल्का सा क्रंच भी आता है।

कैसे बनाएं?
इस चाय काे बनाने के लिए सबसे पहले थोड़े से मक्खन में कुटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और काली मिर्च हल्की आंच पर भून लें। दूसरी तरफ पानी में चाय पत्ती और इलायची डालकर उबाल लें। अब दूध और चीनी डालें। बाद में ड्राई फ्रूट वाला मिक्सचर मिलाकर छान लें। ये चाय सर्दियों की शाम के लिए बेस्ट रहती है।
तो अगर आप भी चाय लवर हैं और सर्दियों में कुछ अलग तरह की चाय पीना पसंद करती हैं तो ये Royal Tea आपके लिए बढ़िया ऑप्शन रहेंगे। यकीन मानिए, एक बार इन चायों की चुस्की लेने के बाद मेहमान रेसिपी पूछे बिना नहीं जाएंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik/Ai generated
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।