20 मिनट में बन जाएगी टेस्टी और कुरकुरी 'भिंडी आलू की सब्जी', जानें रेसिपी

आमतौर पर भिंडी की सब्जी सभी को बहुत अच्छी लगती है। घर पर आसानी और कम समय में बनने वाली भिंडी की सब्जी को अगर आप साधारण तरीके से खाते-खाते बोर हो चुकी हैं तो आप भिंडी को अलग अंदाज में बना कर अपनी बोरियत को दूर कर सकती हैं। भिंडी को कई तरह से बनाया जा सकता है। आप भिंडी को ग्रेवी के साथ या फिर उसकी सूखी सब्जी भी बना सकती हैं।
आज हम आपको भिंडी आलू की सूखी सब्जी की रेसिपी बताने जा रहे हैं। खाने में बेहद स्वादिष्ट इस सब्जी को आप बहुत ही कम इंग्रीडियंट्स और समय में घर पर ही बना सकती हैं।
भिंडी आलू की सब्जी Recipe Card
घर पर इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें और बनाएं भिंडी आलू की सब्जी।
Ingredients
- 1/2 किलो भिंडी बारीक कटी हुई
- 1 बड़े साइज का आलू बारीक कटा हुआ
- 1 बड़े साइज का प्याज बारीक कटा हुआ
- 3-4 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच हल्दी
- 3 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच अमचुर पाउडर
- 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- चुटकीभर हींग
- नमक स्वादानुसार
- 1 बड़ा चम्मच तेल
Step
- Step 1:
सबसे पहले भिंडी और आलू को अच्छी तरह से पानी से साफ कर लें और 1 मिनट के लिए सूखने दें।
- Step 2:
इसके बाद आपको पहले भिंडी को बारीक काटना है। आप चाहें तो भिंडी को लंबा-लंबा भी काट सकती हैं।
- Step 3:
इसके बाद आलू को भी बारीक काट लें। अगर आपने भिंडी को लंबा-लंबा काटा है तो आपको आलू को भी लंबा-लंबा काट लेना चाहिए।
- Step 4:
अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें और उसमें हींग और जीरा डालें। जीरे की जगह आप राई दाने का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
- Step 5:
इसके बाद गरम तेल में प्याज फ्राई करें और उसे सुनहरा भूरा होने तक भूनें। अगर आप लहसुन खाती हैं तो सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए उसके भी बारीक टुकड़ों को प्याज के साथ ही भून लें।
- Step 6:
फिर आपको कढ़ाई में नमक, हल्दी और धनिया पाउडर डालना है। इसे हल्का भून लें और फिर कढ़ाई में आलू, भिंडी और हरी मिर्च डालें।
- Step 7:
जब आलू और भिंडी पकना शुरू हो जाएं तो गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालें और अच्छे से सारी सामग्री को मिलाएं। इस बात का ध्यान रखें कि गरम मसाला और अमचूर पाउडर को पहले ही अन्य मसालों के साथ न डालें। इससे सब्जी का स्वाद भी बिगड़ सकता है।
- Step 8:
इसके बाद आपको धीमी आंच पर 5 मिनट तक कढ़ाई को ढक कर सब्जी को पकाना है। इससे भिंडी और आलू दोनों ही जल्दी पकते हैं। मगर आपको भिंडी आलू की कुरकुरी सब्जी बनानी है, इसलिए आपको 5 मिनट से अधिक कढ़ाई को नहीं ढकना चाहिए वरना सब्जी ज्यादा गल सकती है।
- Step 9:
5 मिनट बाद कढ़ाई को बिना ढके सब्जी को धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में सब्जी को करछी से चलाते रहें, इससे सब्जी कढ़ाई के तले से चिपक कर जलेगी नहीं।
- Step 10:
इस तरह आपकी गरम-गरम भिंडी आलू की टेस्टी कुरकुरी सब्जी परोसने के लिए तैयार हो जाएगी। आप इस सब्जी को चपाती, नान और पराठे के साथ सर्व कर सकती हैं। घर पर आसान और टेस्टी सब्जी बनाने की और भी रेसिपीज जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।