Fri Sep 11, 2026 | Updated 11:27 PM IST

घर पर ऐसे बनाएं 1 महीने तक स्टोर किया जाने वाला करी मसाला पेस्ट, किसी भी सब्जी में कर सकते हैं USE

आप घर में बेहतरीन सब्जी मसाला बनाकर बिना प्रिजर्वेटिव के 1 महीने तक स्टोर कर सकती हैं और किसी भी सब्जी में उसका इस्तेमाल कर सकती हैं। जानें रेसिपी..
Updated:- 2021-01-20, 10:54 IST
best sabji masala recipe for storing

घर का खाना बनाना कहने को तो बहुत छोटा सा काम लगता है, लेकिन ये असल में काफी मेहनत भरा होता है और रोज़ाना क्या बनाया जाए और जल्दबाज़ी में भी स्वाद को कैसे बरकरार रखा जाए ये सोचना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। कई बार हमें लगता है कि बस इंस्टेंट खाना बन जाए और हमारा काम जल्दी हो जाए। हम ऐसे में बाज़ार के मसाला पेस्ट आदि का प्रयोग करते हैं, लेकिन क्या आपने सोचा है कि ऐसा मसाला घर पर भी बनाया जा सकता है। हम बात कर रहे हैं करी मसाला या सब्जी मसाला की जिसे घर पर बनाकर आप 1 महीने तक स्टोर कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इसे कैसे बनाया जा सकता है।

सब्जी मसाला रेसिपी Recipe Card

ये सब्जी मसाला टमाटर और प्याज की मदद से बनाया जाएगा और इसे आप किसी भी सब्जी में इस्तेमाल कर सकते हैं।

Vegetarian Recipe
Total Time: 30 min
Prep Time: 10 min
Cook Time: 20 min
Servings: 5
Level: Medium
Course: Others
Calories: 300
Cuisine: Indian
Author: Shruti Dixit

Ingredients

  • 4 बड़े प्याज
  • 4 टमाटर
  • 25 ग्राम अदरक
  • 25 ग्राम लहसुन
  • 3-4 सूखी लाल मिर्च
  • 1 बड़ा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 बड़ा चम्मच जीरा पाउडर
  • 1.5 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1 बड़ा चम्मच गरम मसाला पाउडर
  • तेल जरूरत के अनुसार

Step

  1. Step 1:

    सबसे पहले प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन को बड़े चंक्स में काट लें।

  2. Step 2:

    अब एक पैन में थोड़ा सा तेल लेकर उसमें लाल मिर्च, अदरक, लहसुन को 30 सेकंड तक पकाएं।

  3. Step 3:

    इसके बाद इसमें प्याज, टमाटर आदि डालें और पकने दें।

  4. Step 4:

    इसे ठंडा करके आप पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को ज्यादा तेल में पकाना है।

  5. Step 5:

    अब इसमें सूखे मसालों का इस्तेमाल करें।

  6. Step 6:

    इसमें नमक न डालें और इस मसाले को कम से कम 20 मिनट तक अच्छे से पकाएं।

  7. Step 7:

    अब आप इसे ठंडा कर स्टोर कर लें।

  8. Step 8:

    इसे किसी भी सब्जी के साथ इस्तेमाल करें। आपका इंस्टेंट सब्जी मसाला रेडी है।

विधि-

  • सबसे पहले आप पैन में दो बड़े चम्मच तेल डालें और इसमें पहले सूखे लाल मिर्च, लहसुन, अदरक डालकर पहले इसे थोड़ी देर भूनें ताकि इसे फ्राई होने का थोड़ा समय मिले। आपको ये ध्यान रखने की जरूरत है कि इसमें किसी भी सब्जी को बारीक काटने की जरूरत नहीं है। प्याज, टमाटर, अदरक, लहसुन, सूखी लाल मिर्च सभी कुछ बड़े चंक्स में काटा जा सकता है।
  • एक बार अदरक और लहसुन भुन गया तो आप इस पैन में प्याज, टमाटर आदि जरूर मिलाएं। ऐसा करने के बाद आपको इसे सॉफ्ट होने तक पकाना है। आप चाहें तो ढक्कन बंद कर इसे पका सकते हैं या फिर ढक्कन खोलकर पका लीजिए, लेकिन ये ध्यान रहे कि ये सारी सामग्री सॉफ्ट हो जानी चाहिए।
  • इसके बाद गैस को बंद कर लें और इसे अच्छे से ठंडा कर लें। जिन्हें लग रहा था कि हमने सब्जियों को बारीक क्यों नहीं काटा उन्हें अब यहां पता चल गया होगा कि इसे हमें बाद में पीसना है। सब्जियां पीसने के बाद हमें इन्हें दोबारा पकाना है।
  • अब एक पैन में करीब 4 बड़े चम्मच तेल डालें और इसमें ये मसाला डाल दें। तेल ज्यादा इसलिए डालना है क्योंकि इस मसाले को हमें स्टोर करके रखना है। ये वैसा ही है जैसे हमें अचार बनाते समय उसे स्टोर करने के लिए ज्यादा तेल का इस्तेमाल करना होता है।
  • अब आप दो मिनट तक इसे पकने दें और उसके बाद इसमें सभी सूखे मसालों को डालें। सूखे मसालों में हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और गरम मसाला पाउडर शामिल है।
  • आपको ध्यान इस बात का रखना है कि नमक इस मसाले में नहीं मिलाना है और नमक का इस्तेमाल तब ही करें जब सब्जी बनाएं। अभी हम इसे बिना नमक और बिना प्रिजर्वेटिव के ही बनाएंगे।
  • इसे हमें करीब 15-20 मिनट बनाना है और इसे तब तक पकाना है जब तक मसाले में से तेल अलग से दिखने न लगे। इसे काफी अच्छे से भूनना चाहिए। अगर आप इसे ज्यादा नहीं पकाएंगे तो मसाला लंबे समय के लिए स्टोर नहीं किया जा सकता है। हमें इसे पकाने के लिए काफी ध्यान रखने की जरूरत है।
  • इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें। आपको इसे स्टोर करने के लिए बिलकुल ठंडा रखना जरूरी है। इसे जिस भी जार या कंटेनर में रख रहे हैं उसमें बिलकुल पानी नहीं होना चाहिए और इसे फ्रिज में ही स्टोर करना है।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।