Panty Liner रोज लगाना कितना सुरक्षित? महिलाएं न करें ये गलतियां वरना इंटिमेट हेल्थ हो सकती है खराब

हल्के वजाइनल डिस्चार्ज, पीरियड्स से पहले होने वाले स्पॉटिंग या पैंटी को साफ रखने के लिए महिलाएं पैंटी लाइनर का इस्तेमाल करती हैं। इसे रोजाना लगाना सुरक्षित है या नहीं, चलिए इसका जवाब एक्सपर्ट से जानते हैं।
Updated:- 2026-10-22, 19:10 IST
panty liner daily use how safe is it

महिलाओं के लिए इंटिमेट हाइजीन का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। इंटिमेट हाइजीन सही न होने पर वजाइनल इंफेक्शन हो सकता है। ऐसे में खासकर इंटिमेट एरिया की सफाई को लेकर महिलाओं को सजग रहना जरूरी है। हल्का वजाइनल डिस्चार्ज होने पर, पीरियड्स से पहले स्पॉटिंग होने पर या पैंटी को साफ रखने के लिए महिलाएं पैंटी लाइनर्स का इस्तेमाल करती हैं। इससे गीलापन भी मसूस नहीं होता है, हल्के डिस्चार्ज में दाग लगने का डर नहीं रहता और पैंटी भी साफ रहती है, लेकिन क्या हर दिन पैंटी लाइनर का इस्तेमाल करना सुरक्षित है? क्या इससे इंटिमेट एरिया में खुजली, जलन या इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है? इसका इस्तेमाल करते वक्त महिलाओं को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? चलिए इसका जवाब एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS, Health and Wellness Expert) दे रही हैं।

क्या रोज पैंटी लाइनर लगाना सुरक्षित है?

डॉक्टर सोनू का कहना है कि आमतौर पर रोजाना पैंटी लाइनर लगाना पूरी तरह सुरक्षित होता है। हालांकि, अगर गीला होने के बाद भी इसे न बदला जाए, लंबे समय तक एक ही पैंटी लाइनर का इस्तेमाल किया जाए या खुशबू वाले पैंटी लाइनर का इस्तेमाल किया जाए, तो परेशानी हो सकती है।

  • पैंटी लाइनर की वजह से इंटिमेट एरिया में नमी बढ़ सकती है। इससे त्वचा में रगड़, जलन या खुजली की समस्या हो सकती है। खासकर जिन महिलाओं की त्वचा संवेदनशील है, उन्हें इसका इस्तेमाल करते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
  • यहां यह समझना भी जरूरी है कि आप पैंटी लाइनर लगा क्यों रही हैं? अगर पीरियड से पहले होने वाली स्पॉटिंग से बचने के लिए आप कुछ दिनों तक इसका इस्तेमाल करती हैं, तो अमूमन इससे कोई दिक्कत नहीं होगी।
  • अगर आप वजाइनल डिस्चार्ज की वजह से होने वाले गीलेपन से बचने के लिए इसे लगा रही हैं, तो इस बात भी ध्यान देना जरूरी है कि रोजाना वजाइनल डिस्चार्ज होने के पीछे क्या कारण है? सामान्य वजाइनल डिस्चार्ज शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो वजाइना को स्वस्थ रखने में मदद करता है, लेकिन अगर यह ज्यादा हो रहा है, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Panty liner daily use

Image Credit: Shutterstock

पैंटी लाइनर का इस्तेमाल करते वक्त इन बातों का रखें ध्यान

  • कई महिलाएं फ्रेशनेस महसूस करने के लिए फ्रेगरेंस वाले पैंटी लाइनर खरीदती हैं, लेकिन इनमें मौजूद खुशबू या दूसरे केमिकल वजाइना की सेंसिटिव स्किन में जलन और एलर्जी पैदा कर सकते हैं, इसलिए आप बिना फ्रेंगरेंस वाले लाइनर ही लें।
  • अगर लाइनर को इस्तेमाल करने के बाद खुजली, लालिमा या जलन महसूस होती है, तो उसका इस्तेमाल बंद कर दें।
  • पैंटी लाइनर को पूरे दिन बिना बदले पहनना एक आम गलती है। अगर लाइनर गीला या नम हो जाए, तो उसे बदल देना चाहिए।
  • लंबे समय तक एक ही लाइनर पहनने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
  • अगर आप टाइट अंडरवियर के साथ पैंटी लाइनर पहनती हैं, तो इंटिमेट एरिया में रगड़ और गर्मी बढ़ सकती है। बेहतर है कि आप आरामदायक और सही फिटिंग वाला अंडरवियर पहनें।

यह भी पढ़ें- वजाइना में बार-बार होती है जलन? आपकी डाइट में छिपी हो सकती है वजह, जानें किन चीजों से बचें

इंटिमेट एरिया की सफाई का रखें ध्यान

पैंटी लाइनर पहनने के बावजूद इंटिमेट हाइजीन का ध्यान रखना जरूरी है। वजाइना को बाहर से वॉश करें। आप हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकती हैं। वजाइना को वॉश करने के लिए इंटिमेट वॉश का इस्तेमाल न करें। इसे पानी से वॉश करने के बाद टॉवल या टिश्यू की मदद से सुखा लें ताकि नमी की वजह से इंफेक्शन न हो।

Panty liner daily use safe or not

Image Credit: Shutterstock


यह भी पढ़ें- डॉक्टर सोनू से जानें वजाइनल हेल्थ का ख्याल रखने का सही तरीका, हर महिला को पता होना चाहिए इंटिमेट हाइजीन से जुड़े 5 जरूरी सवालों के जवाब

हर जिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

FAQ
क्या वजाइनल डिस्चार्ज होने पर रोज पैंटी लाइनर लगाना जरूरी है?
नहीं, रोज पैंटी लाइनर लगाना जरूरी नहीं है। सफेद या पारदर्शी वजाइनल डिस्चार्ज सामान्य हो सकता है। इंटिमेट एरिया को साफ रखना जरूरी है।
क्या पैंटी लाइनर पीरियड्स के दौरान इस्तेमाल कर सकते हैं?
हां, हल्की स्पॉटिंग या पीरियड्स के शुरुआती और आखिरी दिनों में पैंटी लाइनर इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन ज्यादा ब्लीडिंग होने पर आप सैनिटरी पैड या अन्य मेंस्ट्रुअल प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें।
पैंटी लाइनर को कितने घंटे तक पहनना चाहिए?
पैंटी लाइनर को कितनी देर पहनना है, यह उसकी बनावट, नमी और भी कई चीजों पर निर्भर करता है। गीला या गंदा होने पर इसे तुरंत बदलें और लंबे समय तक एक ही लाइनर पहनने से बचें।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।