Fri Sep 11, 2026 | Updated 06:41 PM IST

Janmashtami 2026: कान्‍हा के भोग के लिए बनाएं ये 7 फलाहारी डिशेज, रेस‍िपी है आसान

जन्माष्टमी के दिन घर में लड्डू गोपाल की पूजा के साथ ही भोग के ल‍िए भी स्‍पेशल तैयारी की जाती है। ऐसे में आप इस बार बाल गोपाल के ल‍िए फलाहारी भोग बना सकती हैं।
Updated:- 2026-09-03, 20:03 IST
janmashtami falahari bhog recipe

जन्माष्टमी का त्योहार 4 सितंबर को मनाया जा रहा है। इस दिन कृष्ण भक्त व्रत रखते हैं और रात में 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्म करवाते हैं। इस दौरान लड्डू गोपाल की पूजा के साथ ही उनके लिए भोग की भी खास तैयारी की जाती है। ऐसे में आप बाल गोपाल के लिए भी फलाहारी भोग बना सकती हैं। अगर आप भी इस बार कान्हा के लिए कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जो स्वादिष्ट भी हो और व्रत में खाया भी जा सके, तो इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है।

साबूदाना, मखाना, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, आलू, दूध और फलों जैसी चीजों से कई तरह की फलाहारी डिशेज बनाई जा सकती हैं। आप इन्हें भोग की थाली में रख सकती हैं। आज हम आपको अपने इस लेख में कान्हा के भोग के लिए कुछ फलाहारी डिशेज के बारे में बता रहे हैं। आइए जानते हैं- 

कान्हा के भोग के लिए बनाएं ये 7 फलाहारी डिशेज

हम आपको जिन फलाहारी व्यंजनों के बारे में बता रहे हैं, इन्हें कम सामान और कम समय में भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता हैं। ये हैं कुछ फलाहारी डिशेज-

janmashtami falahari bhog recipe (1)

1. मखाना की खीर

मखाने की खीर जन्माष्टमी के भोग के लिए बेस्ट ऑप्शन है। इसे भोग भी लगा सकती हैं और व्रत में भी खाने के लिए यह बढ़िया है। इसे बनाने के लिए आप-

  • सबसे पहले मखानों को थोड़ा सा घी डालकर हल्का भून लें।
  • अब इन्हें थोड़ा ठंडा करके मोटा-मोटा तोड़ लें।
  • इसके बाद एक बर्तन में दूध गरम करें और उसमें मखाने डाल दें।
  • अब धीमी आंच पर दूध को पकने दें।
  • स्वाद के हिसाब से चीनी डालें।
  • आखिरी में इलायची और थोड़े मेवे डालकर गैस बंद कर दें।
  • बस तैयार है मखाने की मीठी खीर।

यह भी पढ़ें- जन्‍माष्‍टमी 2026 पर लड्डू गोपाल को लगाएं 5 फ्लेवर में धन‍िया पंजीरी का भोग, पढ़ें आसान रेस‍िपी

2. साबूदाने की खिचड़ी

व्रत में साबूदाने की खिचड़ी भी खूब पसंद की जाती है। इसमें साबूदाने के साथ आलू, टमाटर और मूंगफली का इस्तेमाल किया जाता है। इसे बनाने के लिए-

  • सबसे पहले साबूदाने को पानी में भिगोकर रख दें, कम से कम दो घंटे के लिए।
  • अब कड़ाही में घी या व्रत में इस्तेमाल किया जाने वाला तेल गर्म करें।
  • इसमें जीरा और मूंगफली डालें।
  • फिर कटे हुए आलू डालकर थोड़ा क्रिस्पी होने दें।
  • साथ में हरी मिर्च डाल दें।
  • इतना करने के बाद टमाटर डालें।
  • अब साबूदाना डालें और स्वाद के अनुसार सेंधा नमक डाल दें।
  • कुछ देर चलाने के बाद गैस बंद कर दें।
  • इसके ढक कर 10 मिनट के लिए रख दें।
  • साबूदाने की खिचड़ी तैयार है।

janmashtami falahari bhog recipe (2)

3. सिंघाड़े के आटे का हलवा

अगर आपको कुछ मीठा भोग लगाना है तो आप सिंघाड़े के आटे का हलवा भी बना सकतीं है। इसकी रेसिपी काफी आसान है। इसे बनाने के लिए-

  • सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें।
  • इसमें सिंघाड़े का आटा डालकर धीमी आंच पर भून लें।
  • जब आटे से अच्छी खुशबू आने लगे, तो इसमें पानी या दूध डालें, जरूरत के हिसाब से।
  • इसे लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें।
  • अब चीनी डालकर कुछ देर और पकाएं।
  • ऊपर से इलायची और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें।
  • गरमागरम हलवा तैयार है।

यह भी पढ़ें- Janmashtami Bhog 2026: न मावा, न चाशनी! सिर्फ 1 कप गेहूं के आटे और गोंद से बनाएं लजीज बर्फी

4. कुट्टू के आटे की पूड़ी

अगर भोग में कुछ नमकीन और पेट भरने वाला रखना है, तो कुट्टू के आटे की पूड़ी भी बनाई जा सकती है। व्रत के दौरान कुट्टू के आटे का इस्तेमाल कई लोग करते हैं। इसे बनाने के लिए

  • कुट्टू के आटे में सेंधा नमक डालें।
  • इसके बाद इसमें उबले हुए आलू को मैश करके डालें।
  • आलू की नमी से ही आपको आटा गूंथना है।
  • अब छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूड़ी बेल लें।
  • फिर इन्हें गर्म तेल या घी में तल लें।
  • इन्हें आप व्रत वाली आलू की सब्जी या रायते के साथ भोग में रख सकती हैं।

janmashtami falahari bhog recipe (3)

5. व्रत वाले आलू

व्रत में आलू जरूर खाया जाता है। यह सब्जी कुट्टू या सिंघाड़े की पूड़ी के साथ अच्छी लगती है। इसे बनाने के लिए-

  • उबले हुए आलू छीलकर काट लें।
  • अब कड़ाही में घी गर्म करें।
  • इसमें जीरा डालें और हरी मिर्च डाल दें।
  • अब कटे हुए आलू डाल दें।
  • इसके बाद सेंधा नमक और व्रत में इस्तेमाल होने वाले मसाले डाल दें।
  • थोड़ी देर इसे अच्छी तरह से क्रिस्पी होने दें।
  • आखिर में नींबू का रस और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। व्रत वाले क्रिस्पी आलू तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- Janmashtami 2026 पर बाल गोपाल के ल‍िए तैयार करें ऑर्गेनिक भोग थाली, देखें व्‍यंजनों की ल‍िस्‍ट

6. साबूदाना वड़ा

साबूदाने से सिर्फ खिचड़ी ही नहीं, वड़ा भी बनाया जा सकता है। अगर इस बार कुछ अलग बनाने का मन है तो यह अच्छा विकल्प है। इसे बनाने के लिए-

  • भीगे हुए साबूदाने को अच्छी तरह छान लें।
  • अब इसमें उबला आलू और कुटी हुई मूंगफली मिलाएं।
  • इसके बाद सेंधा नमक डालकर सब चीजों को अच्छी तरह से मिला लें।
  • अब हाथों से छोटे-छोटे वड़े बना लें।
  • अब इन्हें तेल या घी में सुनहरा होने तक सेंक या तल लें।

7. केला और मखाने की मिठाई

भोग के लिए अगर आप कुछ खास बनाना चाहती हैं तो केला और मखाने से बनने वाली एक स्पेशल मिठाई भी बना सकती हैं। इसके लिए-

  • मखानों को घी में थोड़ा सा भून लें।
  • अब इन्हें छोटे टुकड़ों में तोड़ लें।
  • इसके बाद केले को काटकर इसमें मिला दें।
  • ऊपर से थोड़ा दूध या दही डाल सकती हैं।
  • अब आप स्वाद के अनुसार इसमें शहद या चीनी डाल दें।
  • थोड़े कटे हुए मेवे डालकर इसे अच्छी तरह मिक्स कर दें।
  • केले और मखाने की स्वीट डिश तैयार है।

janmashtami 2026 date (3)

कान्हा के लिए भोग बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

जन्माष्टमी के व्रत में हर घर में खाने के नियम एक जैसे नहीं होते हैं। इसलिए कोई भी डिश बनाने से पहले अपनी व्रत की परंपरा जरूर देख लें। खासकर नमक, अनाज, मसाले, तेल और दूसरी सामग्रियों को लेकर अलग-अलग परिवारों में नियम होते हैं। बस आपको भोग बनाने के लिए इन बातों का ध्यान रखना है-

  • फलाहारी सामग्री ही इस्तेमाल करें।
  • व्रत में नॉर्मल नमक की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल करें।
  • भोग के लिए खाना बनाते समय साफ-सफाई का खास ध्यान रखें।
  • मीठे भोग में दूध, मखाना और फल जैसे ऑप्शन रख सकती हैं।
  • व्रत के नियमों को लेकर अपने घर की परंपरा को प्राथमिकता दें।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR के 3 सबसे बड़े कृष्ण मंदिर, जहां जन्माष्टमी पर महाप्रसाद के साथ मिलती हैं ये चीजें

तो अगर आप इस बार जन्माष्टमी में कान्हा के लिए फलाहारी भोग बनाना चाहती हैं तो ऊपर बताई गई डिशेज में से ट्राई कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Ai/Freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।