हिमालय की तलहटी में बसा देहरादून अपनी खबूसूरत वादियों के लिए जाना जाता है। यह मसूरी और ऋषिकेश जैसे अपने मशहूर पड़ोसियों की वजह से पीछे छूट जाता है। हालांकि, इस शहर में भी ऐसे कई जेम्स हैं, जिनके बारे में लोगों को नहीं पता। इन जगहों के बारे में आपको सिर्फ स्थानीय लोगों से पता चल सकता है।
मैं देहरादून की रहने वाली हूं और इसलिए मैंने सोचा कि मसूरी, चकराता और शिखर फॉल तो सब जाते हैं, तो क्यों न आपको नई जगहों के बारे में बताऊं। ऐसी तीन जगहें- डाकपत्थर, मालदेवता और टाइगर फॉल यहां स्थित हैं, जो अपने शांत वातावरण और आश्चर्यजनक परिदृश्यों के लिए जानी जाती हैं। आइए इन छिपे हुए खजानों के बारे में आपको विस्तार से बताएं।
इस जगह के बारे में कुछ 5-7 सालों पहले तक कोई नहीं जानता था। डाकपत्थर देहरादून से लगभग 45 किलोमीटर है। यहां अब आराम से पहुंचा जा सकता है। देहरादून की बसें आपको यहां पहुंचा सकती हैं। अगर आप देहरादून में कोई ऑफबीट जगह खोज रहे हैं, तो इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता है।
यहां के मुख्य आकर्षणों में से एक डाकपत्थर बैराज है, जो यमुना नदी पर बना एक बांध है। बैराज में आप कई सारी एक्टीविटीज कर सकते हैं। अब यहां पर बोट राइड भी शुरू कर दी गई है।
डाकपत्थर के आस-पास का क्षेत्र हरियाली से भरपूर है। यहां के लंबे-लंबे ट्रेल्स में आप वॉक कर सकते हैं। पिकनिक के लिए भी यह एक बढ़िया और आदर्श जगह है। शांत वातावरण में बहते पानी के बीच आप आराम कर सकते हैं।
डाकपत्थर से थोड़ी दूर जाएंगे, तो आसन बैराज पहुंच जाएंगे। यहां पर लोग बर्ड वॉच के लिए आते हैं। इस जगह पर आप तरह-तरह के पक्षी देख सकते हैं और उनकी चहचहाहट के बीच अपना दिन बिता सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: मसूरी के अलावा एक्सप्लोर करें ये जगहें, भीड़भाड़ से अलग मिलेगा सुकून
यह विडियो भी देखें
इसके बारे में आपने सुना होगा, लेकिन क्या आप यहां कभी गए हैं? यहां अभी कुछ समय पहले ही लोगों ने रहना शुरू किया है। जंगलों के बीच से होते हुए मालदेवता पहुंचने पर आपको पता चलेगा कि आप कितनी सुंदर जगह पहुंचे हैं। यह जगह देहरादून से लगभग 18 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां के बारे में लोग कम जानते हैं, इसलिए यह जगह कमर्शियलाइज नहीं हुई है। यहां पर अपनी कार या बस किसी भी गाड़ी के द्वारा पहुंच सकते हैं।
मालदेवता सोंग नदी के किनारे स्थित है। इसका पानी बहुत साफ है और इसके पास बहता झरना है, जो स्थानीय लोगों के बीच एक लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट है। आसपास के लोग अपनी फैमिली और दोस्तों के साथ वीकेंड में यहां आकर शांति से दिन बिताते हैं।
इतना ही नहीं, यह क्षेत्र कई ट्रेकिंग और हाइकिंग ट्रेल्स के लिए भी जाना जाता है। आप घने जंगलों और सुरम्य घाटियों से होकर मालदेवता में घूम सकते हैं। बस ध्यान रखें कि अंधेरा होने से पहले अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंच जाएं।
मालदेवता की सुंदरता, इसकी पहाड़ियां, नदी और हरियाली में झलकती है। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए तो यह इंस्टाग्रामेबल प्लेस है।
शिखर फॉल के बारे में लोगों ने काफी सुना है, क्योंकि यह मसूरी के पास पड़ता है। छुट्टियों में अक्सर वहां भीड़ हो जाती है। अब शिखर फॉल छोड़कर आपको टाइगर फॉल जाना चाहिए। टाइगर फॉल देहरादून से लगभग 85 किलोमीटर दूर चकराता के पास स्थित है। टाइगर फॉल जाते हुए आपको घुमावदार पहाड़ी सड़कों से होते हुए जाना पड़ेगा, जो आपकी यात्रा को रोमांच से भर देगा। टाइगर फॉल पहुंचने के लिए आपको घने जंगल से होते हुए एक छोटा ट्रेक करना होता है और फिर आप पहुंचते हैं खूबसूरत झरने के बीच, जहां का नजारा आपके मन को मोहने के लिए काफी है।
टाइगर फॉल उत्तराखंड के सबसे ऊंचे झरनों में से एक है, जो लगभग 312 फीट की ऊंचाई से गिरता है। इतने ऊपर से आता हुआ पानी एकदम लुभावना नजारा बना देता है। इस झरने में आपको कई सारे इंद्रधनुष दिख सकते हैं।
टाइगर फॉल तक का ट्रेक अपने आप में एक रोमांच है। यह रास्ता घने जंगलों से होकर गुजरता है और आसपास की घाटियों और पहाड़ों के शानदार नजारे आप देख सकते हैं। ऐसा नहीं है कि यह ट्रेक मुश्किल है, आप आसानी से इसकी यात्रा कर सकते हैं।
झरने के तल पर बना पूल है, जिसे मनुष्य ने नहीं बल्कि प्रकृति ने बनाया है। यहां पर गर्मियों पर अक्सर लोग तैराकी के लिए आते हैं। झरने के आस-पास का इलाका पिकनिक के लिए एकदम सही है, जहां आराम करने और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए पर्याप्त जगह है।
इसे भी पढ़ें: कपल्स के लिए उत्तराखंड की ये जगहें हैं सबसे बेस्ट
अगर आप यहां आते हैं, तो आपको इसके आसपास रुकने की जगह नहीं मिलेगी। रुकने के लिए आपको चकराता के होटल और गेस्टहाउस देखने होंगे। चकराता में रहने से आपको न केवल टाइगर फॉल बल्कि क्षेत्र के अन्य जेम्स को भी देखने का मौका मिल सकेगा। अगर आप मानसून का मजा लेना चाहते हैं, तो इन जगहों से बढ़िया जगह नहीं हो सकती है। चाहे आप नदी के किनारे शांति से आराम करना चाहते हों या फिर सुकून की तलाश में हों, इन खास जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
हमें यकीन है कि घूमने के शौकीन लोगों को यह आर्टिकल पसंद जरूर आएगा। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।