नाखूनों के पास की त्वचा बार-बार क्यों छिलती है, जानें 'Hangnails' से कैसे करें बचाव?

क्या आपके नाखूनों के आस-पास की त्वचा सूखकर छिलने लगती है। इसे अंग्रेजी में हैंगनेल्स कहते हैं। कई लोग इस खुरदुरी त्वचा को मुंह से खींच लेते हैं जिससे वहां से खून भी निकल आता है। क्या आप भी ऐसा करते हैं तो आज से सावधान हो जाएं, इससे इंफेक्शन भी हो सकता है। एक्सपर्ट बता रहे हैं क्या होते हैं हैंगनेल्स और कैसे करें बचाव...
हैंगनेल्स क्यों होता है?
अक्सर कई लोगों के पैर या हाथ के नाखून के आसपास पतली परत की तरह दिखने वाली मृत कोशिकाएं समस्या का कारण बन जाती हैं। अगर मुंह से उन्हें नोंच लिया जाए तो कई बार खून भी निकल आता है। अगर उन जगहों पर नींबू-मिर्च लग जाए तो तेज जलन होती है। दरअसल, शरीर में कई तरह के पोषक तत्व और त्वचा में नमी कम होने के कारण इन जगहों की स्किन ड्राई हो जाती है। यही नहीं, शरीर में विटामिन ए, सी, ई, आयरन या बी-कॉम्प्लेक्स (बायोटिन) की कमी होने पर भी ऐसा होता है। इसलिए नाखूनों को हमेशा साफ और सूखा रखने की सलाह दी जाती है। ताकि आस-पास की त्वचा सूखी होकर इस तरह से छिलने न लगे।
- पोषक तत्वों की कमी- शरीर में आयरन, मैग्नेशियम, कैल्शियम की कमी के कारण नाखूनों के आस पास की त्वचा ड्राई होकर उतरने लगती है।
- हाइड्रेशन और नमी की कमी - शरीर में पानी या फिर नमी की कमी के कारण त्वचा ड्राई होकर खुरदुरी होने लगती है।
- हाथ और पैर गीले रखना- अगर किसी के हाथ या पैर अधिक समय तक पानी में रहते हैं या फिर किसी रसायन (साबुन या सर्फ) के संपर्क में आते हैं तो यह त्वचा गलकर छिलने लगती है।
Image Credit- shutterstock
हैंगनेल्स से कैसे करें बचाव?
सबसे पहले तो कोशिश करें कि आपकी उंगलियां अधिक समय तक पानी में न रहे या फिर अपने हाथों को साबुन या सर्फ के पानी से कम से कम दूर रखें। बर्तन या कपड़े धोते वक्त ग्लब्स का इस्तेमाल करें। इससे नाखून के आस-पास की स्किन पर ज्यादा असर नहीं होगा। इसके अलावा बीच-बीच में उंगलियों को हल्के गुनगुने पानी में पांच से 10 मिनट तक डुबोकर रखें। स्किन पर एलोवेरा जेल या वैसलीन लगाएं ताकि वहां नमी बनी रहे। मुंह से उस स्किन को छीलने से परहेज करें वरना वहां इंफेक्शन भी हो सकता है।
इसके अलावा विटामिन, कैल्शियम, आयरन की कमी पूरी करने के लिए संतुलित आहार लें। जैसे बादाम, अखरोट, काले चने, दूध, हरी सब्जियां आदि। आप चाहें तो मलाई या एक चम्मच शहद में हल्दी मिलाकर उखड़ी हुई चमड़ी पर लगा सकते हैं। इससे वह जगह नरम बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें- 50 की उम्र में भी चेहरे पर आएगा निखार, गुलाब की पंखुड़ियों से घर पर बनाएं सीरम

Image Credit- shutterstock
लगा सकते हैं क्यूटिकल ऑयल भी
उंगलियों के पास की त्वचा पर जोजोबा, बादाम या अलसी और विटामिन ई के मिश्रण से बने प्राकृतिक वनस्पति तेल लगाना सबसे बेहतरीन विकल्प है। यह नाखूनों की सतह और आसपास की त्वचा के बीच सुरक्षात्मक परत की तरह काम करता है। इसके साथ ही रूखी और बेजान त्वचा को गहराई से हाइड्रेट करके नमी प्रदान करता है और नाखूनों को टूटने और फटने से बचाता है। दरअसल, क्यूटिकल फटने से बैक्टीरिया अंदर चले जाते हैं, ऐसे में यह तेल उन्हें सुरक्षित रखने में मदद करता है।
यह भी पढ़ें- ग्लोइंग स्किन के लिए प्रियंका चोपड़ा लगाती हैं गोल्ड सीरम, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें इसके फायदे
दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, दिल्ली के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार मीणा बताते हैं कि सर्दियों के दिनों में यह समस्या ज्यादा होती है। बाकी मौसम में भी कुछ लोगों के हाथों की उंगलियों के आस-पास थोड़ी सी चमड़ी उखड़ी हुई दिखती है। दिखने में यह हल्की सी उखड़ी हुई त्वचा होती है, लेकिन अगर इसे मुंह से काट लिया जाए तो परेशानी बढ़ सकती है। ऐसा करने पर उस जगह सूजन या घाव बन जाता है। कई बार वहां से खून भी निकल आता है। इसलिए नेलकटर से सावधानीपूर्वक नाखून काटना चाहिए। वरना इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
Image Credit- shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।