अपनी स्किन को पैम्पर करने के लिए हम सभी कई अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। आजकल शीट मास्क का इस्तेमाल करने का चलन काफी बढ़ गया है। यह स्किन को अतिरिक्त हाइड्रेशन प्रदान करता है, जिससे स्किन की नमी बनी रहती है और वह ग्लोइंग नजर आने लगती है।
यूं तो मार्केट में कई अलग-अलग ब्रांड्स के शीट मास्क मिलते हैं। लेकिन ये काफी महंगे होते हैं, इसलिए अधिकतर लोग घर पर ही शीट मास्क बनाना पसंद करते हैं। घर पर शीट मास्क बनाना बेहद आसान है। इससे भी आपको वही रिजल्ट मिलते हैं। हालांकि, जब आप घर पर शीट मास्क बनाएं तो आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको शीट मास्क बनाते समय जरूर फॉलो करना चाहिए-
सही हो शीट मैटीरियल
जब आप घर पर शीट मास्क बना रही हैं तो यह सबसे पहला व जरूरी स्टेप है, जिस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। शीट मास्क के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मैटीरियल स्किन के लिए सेफ होना चाहिए। अगर आप पेपर टॉवल या फिर टिश्यू की मदद से शीट मास्क बनाती हैं तो यह आपकी स्किन में इरिटेशन व जलन की वजह बन सकता है। इसलिए, आप इनका इस्तेमाल ना करें।
इसे भी पढ़ें:शहद की मदद से घर पर बनाएं शीट मास्क, जानें तरीका
फेस साइज के अनुसार काटें शीट्स
शीट मास्क बनाने के लिए जब आप शीट का इस्तेमाल करती हैं तो यह जरूरी होता है कि आप अपने फेस शेप व साइज के अनुसार उन्हें पहले से ही काट लें। जब आप इसे सही तरह से काट लेते हैं तो बाद में वह आपके फेस पर सही तरह से फिट होता है। जिससे आपको बाद में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है।
स्किन टाइप के अनुसार चुनें इंग्रीडिएंट
जब आप घर पर शीट मास्क बना रही हैं तो इससे सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि आप इसे अपनी स्किन की जरूरतों के अनुसार कस्टमाइज कर सकती हैं। इसलिए, हमेशा पहले आप अपनी स्किन व उसकी जरूरतों को समझें। ऑयली से लेकर रूखी या फिर एजिंग स्किन की जरूरतें अलग होती है। उसी के अनुसार आप इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल करें। मसलन, शहद और दही स्किन को हाइड्रेट कर सकते हैं, जबकि ग्रीन टी और एलोवेरा सेंसेटिव स्किन के लिए अच्छे माने जाते हैं।
इसे भी पढ़ें:बेजान त्वचा में जान डालेगा घर में मौजूद चीजों से बना यह फेस पैक
बहुत अधिक इंग्रीडिएंट्स से बचें
कई बार यह देखा जाता है कि लोग अपने शीट मास्क को बहुत अधिक इफेक्टिव बनाने के लिए या फिर स्किन की सभी समस्याओं को एक बार में दूर करने के लिए शीट मास्क में कई इंग्रीडिएंट्स को मिक्स कर देते हैं। हालांकि, आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। इससे आपकी स्किन में भारीपन का अहसास हो सकता है या फिर स्किन में किसी तरह का रिएक्शन भी हो सकता है। बेहतर होगा कि आप घर पर शीट मास्क बनाते समय दो या तीन इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल करें।
जरूर करें पैच टेस्ट

कुछ लोग यह सोचते हैं कि वे शीट मास्क घर पर बना रहे हैं, इसलिए उन्हें किसी तरह का साइड इफेक्ट नहीं होगा। जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। शीट मास्क में आप अगर किसी नए इंग्रीडिएंट का इस्तेमाल कर रही हैं तो यह बेहद जरूरी है कि आप एक पैच टेस्ट जरूर कर लें। इससे आपको यह पता चल जाएगा कि आपकी स्किन पर किसी तरह का रिएक्शन तो नहीं हो रहा है।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों