Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:44 PM IST

डैंड्रफ और हेयर फॉल को कंट्रोल कर सकता है अदरक का शैंपू, ऐसे करें घर पर तैयार

आज के समय में ज्‍यादातर लोगों को डैंड्रफ और हेयर फॉल की समस्‍या हो रही है। ऐसे में आप चाहें तो घर पर अदरक का शैंपू बनाकर ट्राई कर सकती हैं।
Updated:- 2026-08-02, 10:49 IST
ginger shampoo for hairfall and dandruff

बार‍िश के मौसम में बालों से जुड़ी कई समस्‍याएं बढ़ जाती हैं। कई लोगों को डैंड्रफ, खुजली, चि‍पच‍िपापन और जरूरत से ज्‍यादा हेयर फॉल की परेशानी हाेने लगती है। ऐसे में लोग महंगे शैंपू और हेयर प्रोडक्‍ट्स खरीदकर इस्‍तेमाल करने लगते हैं। हालांक‍ि, इनसे भी कई बार कुछ खास फायदा नहीं म‍िलता है। ऐसे में अगर आप भी बालों की देखभाल का कोई आसान तरीका ढूंढ रही हैं तो अदरक आपके काम आ सकता है।

आपको बता दें क‍ि अदरक में ऐसे कई प्राकृत‍िक तत्‍व पाए जाते हैं जो स्‍कैल्‍प को साफ रखने में मदद कर सकते हैं। हालांक‍ि, ब्‍यूटी और हेयर एक्‍सपर्ट अमरीश कौर का कहना है क‍ि अदरक कोई हेयरफॉल और डैंड्रफ का इलाज नहीं है। बस इसका असर थोड़ा कम कर सकता है। अगर द‍िक्‍कत ज्‍यादा हो तो एक्‍सपर्ट से सलाह लेना ही बेहतर है। आइए जानते हैं क‍ि आप घर पर अदरक का माइल्ड शैंपू कैसे तैयार कर सकती हैं और इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है?

अदरक बालों के लिए कैसे फायदेमंद हो सकता है?

आपको बता दें क‍ि अदरक में एंटीऑक्सीडेंट और कुछ ऐसे नेचुरल तत्व पाए जाते हैं जो स्कैल्प को साफ रखने में मदद कर सकते हैं। अगर स्कैल्प पर गंदगी और कुछ ज्‍यादा ही तेल जमा हो जाए, तो डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में अदरक से बना माइल्ड शैंपू स्कैल्प को साफ रखने में मदद कर सकता है। बस ध्‍यान रखें क‍ि अदरक अकेले ही नए बाल उगा देता है या हेयर फॉल पूरी तरह रोक देता है, लेकिन साफ और हेल्दी स्कैल्प बनाए रखने में यह मददगार जरूर हो सकता है।

ginger shampoo for hairfall and dandruff (2)

घर पर ऐसे बनाएं अदरक का शैंपू

घर पर अगर आपको अदरक का शैंपू बनाना है तो आपको इन चीजों की जरूरत पड़ेगी। जैसे-

  • 2 बड़े चम्मच ताजा अदरक का रस
  • 4 से 5 बड़े चम्मच सल्फेट-फ्री बेबी शैंपू या फ्रेगरेंस-फ्री माइल्ड शैंपू
  • एक छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
  • एक छोटा चम्मच ग्लिसरीन (अगर बाल बहुत ड्राई रहते हैं, तो ऑप्‍शनल)

ध्यान दें क‍ि अदरक का रस सीधे स्कैल्प पर न लगाएं, क्‍योंक‍ि इससे जलन हो सकती हैं। इसलिए इसे हमेशा शैंपू के साथ मिलाकर ही इस्तेमाल करें।

अदरक का शैंपू बनाने का तरीका

शैंपू बनाने के ल‍िए सबसे पहले अदरक को धोकर छील लें। अब इसे कद्दूकस करके कपड़े या छलनी की मदद से इसका ताजा रस निकाल लें। अब एक साफ कटोरी में शैंपू लें। इसके बाद इसी में अदरक का रस मिला दें। अब एलोवेरा जेल डालें। अगर आपके बाल बहुत ज्यादा ड्राई रहते हैं, तो इसमें थोड़ा सा ग्लिसरीन भी मिला सकती हैं। अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। आपका होममेड शैंपू तैयार है।

ginger shampoo for hairfall and dandruff (1)

कैसे करें इस्तेमाल?

अब आपने जब अदरक का शैंपू बनाकर तैयार कर ल‍िया है तो इसे इस्‍तेमाल करने का तरीका भी जान लें। इसे इस्‍तेमाल करने के ल‍िए-

  • सबसे पहले बालों को गीला कर लें।
  • अब इस शैंपू को स्कैल्प और बालों की जड़ों में लगाएं।
  • करीब 1 से 2 मिनट तक बहुत हल्के हाथों से मसाज करें।
  • इसके बाद 2 मिनट तक ऐसे ही बालों में रहने दें।
  • अब साफ पानी से बालों को अच्छी तरह धो लें।
  • जरूरत हो तो आखिर में कंडीशनर भी लगा सकती हैं।
  • इसका इस्तेमाल आप हफ्ते में एक बार ही करें।

यह भी पढ़ें- डैमेज बाल होंगे रिपेयर, अगर इन होममेड शैंपू का करेंगी इस्तेमाल

अदरक का शैंपू इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

कोई भी नुस्‍खा आजमाने के ल‍िए आपको कुछ बातों का ध्‍यान रखना जरूरी होता है। जैसे-

  • अगर आपकी स्कैल्प बहुत सेंस‍िट‍िव है, तो पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें।
  • अगर जलन या खुजली बढ़ जाए, तो इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें।
  • स्कैल्प पर कोई घाव या इंफेक्‍शन है तो इसका इस्तेमाल न करें।
  • अगर डैंड्रफ कई हफ्तों से बना हुआ है या बहुत ज्यादा बाल झड़ रहे हैं, तो एक्‍सपर्ट से ही सलाह लें।

यह भी पढ़ें- बालों को हेल्दी और शाइनी बनाने के लिए बनाएं होममेड शैंपू, एक्सपर्ट से जानें तरीका

तो अगर आप भी डैंड्रफ और हेयर फॉल को कम करना चाहती हैं, तो यह नुस्‍खा आजमा सकती हैं, लेकिन अगर समस्या लगातार बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना सबसे सही रहेगा। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Magnific/AI

FAQ
अदरक का शैंपू महीने में कितनी बार लगाएं?
अदरक के शैंपू से महीने में 3 से 4 बार आप बालों को धो सकती हैं। 
क्या अदरक का शैंपू स्टोर कर सकते हैं?
नहीं, इसे हर बार फ्रेश बनाकर ही तुरंत इस्तेमाल करना ज्‍यादा बेहतर होता है।
क्या कलर बालों पर अदरक का शैंपू यूज कर सकते ह‍ैं?
हां, सल्फेट-फ्री शैंपू में मिलाने पर यह कलर्ड बालों पर भी सेफ है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।