Fri Sep 11, 2026 | Updated 06:10 PM IST

Botox की खोज क्यों हुई थी? खूबसूरती नहीं, ये थी असली वजह

Botox History: बोटोक्स, जिसे अक्सर सुंदरता से जोड़ा जाता है, की खोज चिकित्सा क्षेत्र के लिए हुई थी। जानते हैं, इसके बारे में सबकुछ...
Updated:- 2026-09-07, 16:34 IST
botox

सोशल मीडिया के इस दौर में सुंदरता और स्किन केयर से जुड़े शब्द 'बोटोक्स' का नाम लगभग हर किसी ने सुना है। चेहरे की झुर्रियों को कम करने के लिए पहचाना जाने वाला बोटोक्स आज भारत के ब्यूटी और वेलनेस फील्ड का एक अहम हिस्सा बन चुका है। बोटोक्स को लेकर लोगों के मन में कई तरह की गलतफहमियां भी हैं। अधिकांश लोग मानते हैं कि इसकी खोज चेहरे को सुंदर बनाने के लिए ही हुई थी, जबकि सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। एक जानलेवा जहर से लेकर दुनिया के सबसे पसंदीदा ब्यूटी ट्रीटमेंट बनने तक का बोटोक्स का सफर बेहद दिलचस्प और अलग है। जानते हैं, इनके बारे में...

बोटोक्स की खोज कैसे हुई?

बोटोक्स की शुरुआत 18वीं सदी के अंत में हुई थी। साल 1895 में बेल्जियम के वैज्ञानिक एमिल वैन एरमेंगम ने 'क्लोस्ट्रीडियम बोटुलिनम' (Clostridium botulinum) नामक जीवाणु की पहचान की। यह जीवाणु बोटुलिनम टॉक्सिन पैदा करता है, जो एक बेहद खतरनाक न्यूरोटॉक्सिन है। उस समय यह खराब खाने से होने वाली गंभीर बीमारी 'बोटुलिज्म' का कारण बनता था। यह जहर शरीर की नसों के संकेतों को रोककर मांसपेशियों को पैरालाइज कर देता था।

1 - 2026-09-07T161036.920

मेडिकल फील्ड में बोटोक्स का प्रवेश

दशकों तक वैज्ञानिक इस जहर का अध्ययन केवल बीमारियों से बचाव के लिए करते रहे। 1970 के दशक में सैन फ्रांसिस्को के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एलन स्कॉट ने मांसपेशियों के इलाज के लिए इस टॉक्सिन का टेस्ट शुरू किया। उन्होंने पाया कि इसकी थोड़ी सी खुराक आंखों के तिरछेपन का इलाज कर सकती है। डॉ. स्कॉट ने इस दवा को 'ऑकुलिनम' नाम दिया।

वर्ष 1989 में अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने आंखों के तिरछेपन और पलकों के अनियंत्रित झपकने के इलाज के लिए इसे मंजूरी दी। इसके बाद फार्मास्युटिकल कंपनी 'एलेर्गन' ने इसके अधिकार खरीद लिए और इसका नाम बदलकर 'बोटोक्स' (BOTOX) रख दिया।

यह भी पढ़ें- रिश्ते को बचाने में कहीं खुद को तो नहीं खो रहीं आप? पहचानें ये 5 लक्षण

कॉस्मेटिक फील्ड में बोटोक्स की शुरुआत

बोटोक्स का सुंदरता के लिए इस्तेमाल कोई प्लानिंग नहीं थी। 1990 के दशक की शुरुआत में कनाडाई नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जीन कारूथर और उनके पति व त्वचा विशेषज्ञ डॉ. एलास्टेयर कारूथर ने एक अनोखी बात देखी। आंखों के ऐंठन का इलाज करा रहे मरीजों के माथे और आंखों के आसपास की झुर्रियां धीरे-धीरे गायब हो रही थीं।

इसके बाद कई टेस्ट किए गए। आखिरकार साल 2002 में एफडीए (FDA) ने आईब्रो के बीच की झुर्रियों को हटाने और कॉस्मेटिक इस्तेमाल के लिए बोटोक्स को आधिकारिक मंजूरी दे दी। इसके बाद बोटोक्स रातों-रात एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट का माध्यम बन गया।

भारत में बोटोक्स

पश्चिमी देशों से शुरू हुआ यह ट्रेंड जल्द ही भारत पहुंच गया। शुरुआत में यह ट्रीटमेंट केवल महंगे कॉस्मेटिक क्लिनिक्स, मशहूर हस्तियों और उच्च वर्ग तक सीमित था। समय के साथ जैसे-जैसे लोगों में जागरूकता बढ़ी, सामान्य लोगों में भी इसकी एक्सेप्टेंस बढ़ने लगी। 2000 के दशक के मध्य तक विभिन्न ब्यूटी क्लीनिक और डर्मेटोलॉजिस्ट बोटोक्स की सेवाएं देने लगे। 

सुरक्षा से जुड़े नियम

जैसे-जैसे बोटोक्स की मांग बढ़ी, मरीजों की सुरक्षा के लिए कड़े नियमों की जरूरत महसूस हुई। ऐसे में अच्छी बात ये है कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने बोटोक्स देने वाले चिकित्सकों के लिए साफ दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

2 - 2026-09-07T161041.488

सही डॉक्टर का चुनाव क्यों जरूरी है?

जिन्हें अनुभव नहीं है, ऐसे क्लीनिकों से इलाज कराने पर गंभीर साइड इफेक्ट्स का खतरा रहता है। एक प्रमाणित और अनुभवी डॉक्टर चेहरे की मांसपेशियों की शारीरिक संरचना को अच्छी तरह समझता है। सही जगह और सही मात्रा में दिया गया इंजेक्शन जोखिम को कम करता है और बेहतर रिजल्ट देता है।

बोटोक्स के अन्य चिकित्सीय उपयोग

आज बोटोक्स का इस्तेमाल केवल चेहरे की झुर्रियां हटाने तक सीमित नहीं है। चिकित्सा विज्ञान में इसका उपयोग कई गंभीर बीमारियों के इलाज में किया जा रहा है-

  • क्रोनिक माइग्रेन (आधे सिर का तेज दर्द)
  • अत्यधिक पसीना आने की समस्या (हाइपरहाइड्रोसिस)
  • मांसपेशियों की ऐंठन और जकड़न
  • ओवरएक्टिव ब्लैडर

निष्कर्ष

एक जानलेवा बैक्टीरियल टॉक्सिन से शुरू हुआ सफर आज मेडिकल और ब्यूटी वर्ल्ड की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक बन चुका है। बोटोक्स का इतिहास इस बात का प्रमाण है कि विज्ञान किस तरह एक खतरनाक चीज को भी मानव कल्याण और सुंदरता का जरिया बना सकता है।

यह भी पढ़ें- जब महिला बॉस बनती है तो कुछ पुरुषों को क्यों होती है परेशानी? समझें इसके पीछे की साइकोलॉजी 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific

FAQ
बोटोक्स चेहरे की झुर्रियों को कैसे कम करता है?
यह चेहरे की मांसपेशियों के तंत्रिका संकेतों को कुछ समय के लिए रोक देता है, जिससे झुर्रियां हल्की पड़ जाती हैं।
क्या बोटोक्स का इस्तेमाल केवल सुंदरता के लिए किया जाता है?
नहीं, इसका उपयोग क्रोनिक माइग्रेन, अत्यधिक पसीना आने और मांसपेशियों की ऐंठन जैसी मेडिकल समस्याओं के इलाज में भी होता है।
बोटोक्स की खोज मूल रूप से किस लिए हुई थी?
बोटोक्स की खोज सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि आंखों के तिरछेपन और मांसपेशियों के इलाज के लिए हुई थी।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।