Fri Sep 11, 2026 | Updated 06:24 PM IST

रिश्ते को बचाने में कहीं खुद को तो नहीं खो रहीं आप? पहचानें ये 5 लक्षण

किसी रिश्ते को निभाते हुए अपनी पहचान खोने के 5 लक्षणों को पहचानना जरूरी है। इस लेख मे बताया है कि कैसे समझौता करते हुए महिलाएं अक्सर अपनी इच्छाओं को नजरअंदाज कर देती हैं?
Updated:- 2026-08-24, 15:18 IST
relationship tips

किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए थोड़ा समझौता और समर्पण जरूरी होता है, लेकिन जब यह समझौता आपकी अपनी पहचान छीनने लगे, तो संभल जाने की जरूरत होती है। कई बार पार्टनर को खुश रखने या रिश्ते को बिखरने से बचाने की कोशिश में महिलाएं जाने-अनजाने अपनी इच्छाओं और जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज कर देती हैं। यदि आप भी समझ नहीं पा रही हैं कि रिश्ते को निभाते-निभाते आप खुद को खो चुकी हैं, तो ये 5 लक्षण आपकी आंखें खोल सकते हैं। इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...

क्या आप रिश्ता बचाने में खुद को भूल रही हैं?

यहां दिए गए लक्षणों को पहचानें कि आप रिश्ते को बचाने में खुद को खो रही हैं, जानते हैं-

1. अपनी पसंद बताने के बजाय 'जो तुम कहो' कहना

रिश्ते की शुरुआत में पार्टनर की पसंद मान लेना बहुत प्यार भरा लगता है, लेकिन जब यह आपकी आदत बन जाए, तो आपकी अपनी राय धीरे-धीरे खत्म होने लगती है।

  • अपनी आवाज न दबाएं: 'मुझे क्या पसंद है' कहने के बजाय हमेशा 'जो तुम्हें ठीक लगे' कहना सही नहीं है।
  • बातचीत ही जुड़ाव है: अपनी बात और पसंद को सामने रखना झगड़ा करना नहीं, बल्कि रिश्ते को ट्रांसपेरेंट बनाना है।

1 - 2026-08-24T140721.628

2. अकेले कोई भी फैसला लेने में डर और बेचैनी महसूस होना

अगर आप छोटा से छोटा फैसला लेने से पहले भी घबराती हैं और हमेशा पार्टनर की मंजूरी का इंतजार करती हैं, तो यह आपकी घटती आत्म-निर्भरता का संकेत है। अपने दिल की आवाज पर भरोसा खो देना इसका सबसे बड़ा लक्षण है। क्या पहनना है, क्या खाना है या अपना खाली समय कैसे बिताना है, इन छोटे फैसलों के लिए खुद से पूछना शुरू करें कि 'मैं क्या चाहती हूं?'

यह भी पढ़ें- पुराना रिश्ता नहीं, खुद का Old Version मिस कर रहे हैं आप? जानें वजह

3. अपनी पसंदीदा आदतों और दोस्तों से दूरी बना लेना

 एक्सपर्ट के मुताबिक, वे काम जिन्हें करके कभी आपके चेहरे पर चमक आ जाती थी, जैसे पेंटिंग करना, किताबें पढ़ना, या पुराने दोस्तों से मिलना, अब आपकी जिंदगी से गायब हो चुके हैं। आप अक्सर खुद को यह कहकर तसल्ली दे देती हैं कि आप बहुत बिजी हैं। ये एक्टिविटी कोई समय की बर्बादी नहीं थीं, बल्कि यही आपकी असली पहचान थीं।

2 - 2026-08-24T140723.449

4. रिश्ते में शांति बनाए रखने के लिए मन की बात छिपाना

कड़वाहट से बचने के लिए अपनी भावनाओं को दबाना और चुप रह जाना रिश्ते को अंदर से कमजोर कर सकता है।

  • शांति के नाम पर खामोशी: जब आप बहस से बचने के लिए चुप रहने लगती हैं, तो मन में धीरे-धीरे नाराजगी भरने लगती है।
  • ईमानदारी जरूरी है: सच्चा रिश्ता वही है, जहां आप अपनी बात बेझिझक रख सकें। सम्मानपूर्वक अपनी बात कहना खुद के प्रति सम्मान दर्शाना है।

5. अपनी जरूरतों के बारे में पूछना

आप अपने पार्टनर के मिजाज और उनकी जरूरतों को बिना बोले समझ जाती हैं, लेकिन जब कोई आपसे पूछे कि 'आपको किस चीज की जरूरत है', तो आपके पास कोई जवाब नहीं होता। अपनी आत्म-जागरूकता को वापस लाने के लिए दिन में कम से कम एक बार खुद से पूछें कि इस वक्त मुझे किस चीज की जरूरत है, शायद थोड़ा आराम, थोड़ा म्यूजिक या बस थोड़ी शांति।

खुद को तलाशने के लिए क्या करें?

एक्सपर्ट के अनुसार, खुद को वापस पाने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको अपनी पूरी जिंदगी बदल देनी है। इसका सीधा सा मतलब है कि आपको खुद के साथ अपना रिश्ता दोबारा जोड़ना है।

  • अपनी भावनाओं को नजरअंदाज करने के बजाय उनकी बात सुनें।
  • जैसे आप अपने किसी अपने की देखभाल करती हैं, वैसे ही अपनी जरूरतों का भी ख्याल रखें।
  • याद रखें कि आपकी अपनी खुशियां और जरूरतें भी उतनी ही अहम हैं, जितना कि आपका यह रिश्ता।

निष्कर्ष

रिश्ते और अपनी पहचान के बीच संतुलन बनाना कोई रातों-रात होने वाला खेल नहीं है। यदि आप भी इस स्थिति से गुजर रही हैं और अपनी खोई हुई पहचान वापस पाना चाहती हैं, तो रिलेशनशिप काउंसलिंग या थेरेपी की मदद भी ले सकती हैं।

यह भी पढ़ें- क्या आपका पार्टनर भी रिश्ते में कर रहा है Quiet Quitting? पहचानें ये 5 संकेत और बचाएं अपना रिश्ता

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific/AI

FAQ
रिश्ते में शांति बनाए रखने के लिए खामोश रहना कितना सही है?
अनावश्यक बहसों से बचना सही है, लेकिन शांति के नाम पर अपने आत्म-सम्मान और भावनाओं को दबाना गलत है।
अपनी खोई हुई पहचान वापस पाने के लिए पहला कदम क्या उठाएं?
सबसे पहले खुद के साथ समय बिताना शुरू करें। अपने लिए छोटे-छोटे फैसले खुद लें और अपनी पुरानी हॉबीज या दोस्तों के साथ दोबारा जुड़ना शुरू करें।
क्या पार्टनर की हर बात मानना रिश्ते को मजबूत बनाता है?
नहीं, पार्टनर की हर बात आंख बंद करके मान लेना समझदारी नहीं है। किसी भी स्वस्थ रिश्ते के लिए दोनों पार्टनर्स की राय और सम्मान बराबरी पर होना चाहिए।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।