त्वचा को बनाना है ग्लोइंग और चेहरे को रखना है फ्रेश, तो ट्राई करें ये DIY फेशियल मिस्ट

गर्मी हो या सर्दी चेहरे की ताजगी बरकरार रखने के लिए हमें कोई न कोई उपाय करते रहना पड़ता है। चेहरे पर अगर ड्राईनेस हो रही है या फिर एक्सेस ऑयल आ रहा है या फिर किसी और वजह से चेहरा डल लग रहा है तो फेशियल मिस्ट तुरंत उसे ताजगी देने के लिए अच्छा साबित हो सकता है। बाज़ार में कई तरह के फेशियल मिस्ट उपलब्ध हैं। अपनी स्किन के हिसाब से आप उन्हें चुन सकती हैं, लेकिन समस्या ये होती है कि ये बहुत महंगे होते हैं और अगर आपको ये सूट नहीं किया तो हो सकता है चेहरे पर दाने भी आ जाएं।
ऐसी समस्या का हल निकालने के लिए आप घर पर ही फेशियल मिस्ट बना सकती हैं। ये बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं है और सबसे अच्छी बात ये है कि नेचुरल चीज़ों से बना ये फेशियल मिस्ट आपके चेहरे को ताजगी तो देगा ही साथ ही साथ किसी तरह का कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होगा।
क्या है इस फेस मिस्ट का फायदा-
- चेहरे की डलनेस खत्म होगी
- चेहरे में मौजूद ब्लैक स्पॉट्स को कम करेगा
- इस मिस्ट से स्किन पोर्स टाइट होंगे
कैसे बनाएं DIY फेशियल मिस्ट-
इसके लिए आपको सिर्फ तीन अहम इंग्रीडियंट्स की जरूरत है। पहला चावल, दूसरा नींबू और तीसरा पानी। बस इन्ही तीनों से आपका काम हो जाएगा।
सबसे पहले आप 3-4 चम्मच कच्चे चावल लें और उन्हें अच्छे से धो लें। ये इतने अच्छे से धोना है कि इसकी सारी गंदगी निकल जाए। ध्यान रहे कि चावल ठंडे पानी से ही धोना है। अगर गर्म पानी से धोने की कोशिश करेंगी तो इसके पकने की गुंजाइश है।
जब ये अच्छे से धुल जाए तो इसमें जितना चावल लिया था उससे थोड़ा सा ज्यादा पानी मिलाएं। यानी अगर आधा कटोरी चावल लिया था तो 3/4 कटोरी ही ठंडा पानी डालें। आइस वाटर भी ले सकती हैं।
अब नींबू को पतले-पतले गोल स्लाइस में काट लें। नींबू को भीगे हुए चावल के पानी में रखें। इसे चावल से अच्छी तरह से दबा देना है। अब इसे 2 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। जब दो घंटे बाद आप इसे देखेंगी तो पाएंगी कि इस पानी में भीगे हुए चावल और नींबू बहुत सॉफ्ट हो गए हैं। इन्हें अच्छे से निचोड़ लें और चावल को भी हाथों से ही थोड़ा सा क्रश कर लें। अब इस पानी को छान लें।
जो पानी आपको मिलेगा उसे एक स्प्रे बॉटल में भरकर इस्तेमाल करें।
कितने दिनों तक कर सकते हैं इसे इस्तेमाल-
इस स्प्रे मिस्ट को आप 4-5 दिन तक इस्तेमाल कर सकती हैं। दिन में दो-तीन बार इसे अपने चेहरे पर छिड़क लें। कोशिश करें कि चेहरा धोने के बाद इसे अपने चेहरे पर स्प्रे करें। कई बार चेहरे पर ज्यादा पसीना आ जाता है जिसके कारण ये सही से असर नहीं दिखा पाता है।
नींबू हमारी स्किन से दाग हटाने का काम करेंगे और चावल का पानी स्किन के पोर्स कम करने के लिए बहुत अच्छा है। कोरियन स्किन केयर रूटीन में चावल के पानी का इस्तेमाल बहुत ज्यादा किया जाता है और ये बहुत असरदार होता है।
इस DIY फेशियल मिस्ट को आप ट्राई जरूर करें और अपना एक्सपीरियंस हमें हरजिंदगी के फेसबुक पेज पर बताएं। ऐसी ही अन्य खबरों के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
All Image Credit: Pinterest/ Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।