Blackheads: टी-ट्री ऑयल से ब्लैकहेड्स हटाने के 3 आसान तरीके

मौसम कोई भी हो प्रदूषण का त्वचा पर बहुत ही खराब असर पड़ता है। प्रदूषण से यदि त्वचा की सुरक्षा न की जाए तो वह रूखी-सूखी और बेजान हो जाती है, साथ ही मुंहासे भी निकलने लग जाते हैं। मगर इन सब के अलावा एक और समस्या है, जो प्रदूषण और धूल-मिट्टी के कारण त्वचा को नुकसान पहुंचाती है। हम बात कर रहे हैं ब्लैकहेड्स की। ब्लैकहेड्स चेहरे की खूबसूरती को तो बिगाड़ते ही हैं, साथ ही इन्हें निकाला न जाए तो यह त्वचा पर मुंहासे की समस्या भी पैदा कर देते हैं। अमूमन लोगों के माथे, नाक और चिन में ब्लैकहेड्स होते हैं।
ब्लैकहेड्स को हटाने के वैसे तो बहुत सारे तरीके हैं, मगर इन्हें त्वचा से रिमूव करना किसी चुनौती से कम नहीं है। स्किन पोर्स में छुपे हुए ब्लैकहेड्स को रिमूव करने के लिए बाजार में बहुत सारी क्रीम्स, मास्क और स्क्रब आते हैं, जो ब्लैकहेड्स को इंस्टेंट रिमूव कर देने का दावा करते हैं। मगर महंगे होने के साथ-साथ इनका प्रभाव भी स्थाई नहीं होता है। ऐसे में आप कुछ आसान घरेलू उपाय अपना कर ब्लैकहेड्स की समस्या से छुटकारा पा सकती हैं।
ब्लैकहेड्स की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप टी-ट्री ऑयल का प्रयोग कर सकती हैं। यह तेल त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। एंटिसेप्टिक और एंटीमाइक्रोबियल गुणों से भरपूर टी-ट्री ऑयल में त्वचा को डीप क्लीन करने की क्षमता होती है। मगर टी-ट्री ऑयल का इस्तेमाल करते वक्त इस बात पर ध्यान देना बहुत जरूरी होता है कि उसे डायरेक्ट त्वचा पर न लगाया जाए। इसलिए टी-ट्री ऑयल को हमेशा किसी अन्य सामग्री या तेल के साथ मिक्स करके ही त्वचा पर लगाएं।
इसे जरूर पढ़ें: जिद्दी ब्लैकहेड्स से छुटकारा पाने के लिए पील ऑफ मास्क घर में बनाएं
चलिए हम आपको ऐसी ही कुछ आसान होम रेमेडीज बताते हैं, जो आपकी त्वचा से ब्लैकहेड्स को हटाने में बेहद फायदेमंद साबित होगींं।
मुल्तानी मिट्टी और टी-ट्री ऑयल
सामग्री
- 1 बड़ा चम्मच मुल्तानी मिट्टी
- 3-4 ड्रॉप्स टी-ट्री ऑयल
- 1 छोटा चम्मच बादाम का तेल
विधि
- सबसे पहले एक बाउल लें और उसमें मुल्तानी मिट्टी (मुलतानी मिट्टी से बने 4 फेस पैक्स), टी-ट्री ऑयल और बादाम का तेल डालें और इसे अच्छी तरह से मिक्स करें।
- अब इस मिश्रण को नाक, माथे और चिन में अच्छी तरह से लगाएं।
- अगर आपके पास कॉटन का कपड़ा है तो उसकी स्ट्रिप्स तैयार कर लें और मिश्रण लगाने के बाद इन कॉटन के कपड़े की स्ट्रिप्स से उस एरिया को कवर कर लें।
- जब मिश्रण पूरी तरह से सूख जाए तो कॉटन स्ट्रिप्स को झटके के साथ उस स्थान से निकालें।
- ऐसा करने से उस स्थान के ब्लैकहेड्स गायब हो जाएंगे।
- आप हफ्ते में एक बार इस मिश्रण का इस्तेमाल जरूर करें।
इसे जरूर पढ़ें: Whiteheads Remedy: जिद्दी व्हाइटहेड्स से छुटकारा पाने के लिए घर में बने ये 5 फेस पैक लगाएं
टी-ट्री ऑयल, कोकोनट ऑयल और सॉल्ट
सामग्री
- 1 छोटा चम्मच सॉल्ट
- 1 छोटा चम्मच नारियल का तेल
- 3-4 ड्रॉप्स टी-ट्री ऑयल
विधि
- सबसे पहले एक बाउल में नमक, नारियल का तेल और टी-ट्री ऑयल लें। इसे अच्छे से मिक्स कर लें। ध्यान रखें नमक की मात्रा इतनी लें कि वह तेल में घुले न।
- अब इस मिश्रण से उस स्थान को हल्के हाथों से स्क्रब करें जहां पर ब्लैकहेड्स हैं। आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि ज्यादा तेज न रगड़ें वरना त्वचा पर रैशेज पड़ सकते हैं।
- केवल 1 से 2 मिनट ही स्क्रब करें। इसके बाद चेहरे को गुनगुने पानी से वॉश करें और टॉवल की मदद से जिस स्थान पर ब्लैकहेड्स हैं, उस स्थान को हल्के से प्रेस करें। इससे आपके ब्लैकहेड्स निकल जाएंगे।
- यदि आप हफ्ते में एक बार ऐसा करती हैं तो धीरे से ब्लैकहेड्स की समस्या दूर हो जाएगी।
शुगर, टी-ट्री ऑयल और ऑलिव ऑयल
सामग्री
- 1 छोटा चम्मच चीनी
- 3-4 ड्रॉप्स टी-ट्री ऑयल
- 1/2 छोटा चम्मच ऑलिव ऑयल
विधि
- सबसे पहले चीनी को क्रश कर लें। ध्यान रखें आपको इसका पाउडर नहीं बनाना है।
- इसके बाद एक बाउल लें और उस बाउल में टी-ट्री ऑयल, ऑलिव ऑयल और क्रश की हुई चीनी डालें।
- इस मिश्रण से जिस स्थान पर ब्लैकहेड्स हैं वहां स्क्रब करें। आपको केवल 1-2 मिनट ही स्क्रब करना होगा।
- इसके बाद चेहरे को गुनगुने पानी से वॉश करके टॉवल से चेहरे को पोछ लें।
- यदि आप हर हफ्ते नियमित रूप से 1-2 बार इस प्रक्रिया को दोहराती हैं तो ब्लैकहेड्स की समस्या दूर हो जाएगी।
अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आसान ब्यूटी हैक्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।