बेड के फैंसी हेडबोर्ड को क्लीन करने के टिप्‍स

आपके महंगे और फैंसी बेड के हेडबोर्ड में यदि किसी तरह का दाग लग गया है, तो उसे रिमूव करने के कुछ आसान टिप्‍स जान लें।  
Updated:- 2022-01-24, 15:33 IST
image

कमरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए लोग महंगे और फैंसी डिजाइन वाले बेड खरीदते हैं। खासतौर पर डिजाइनर हेडबोर्ड वाले बेड आजकल ट्रेंड में हैं। मगर यह दिखने में जितने खूबसूरत होते हैं, उतना ही मुश्किल होता है उन्हें साफ रखना और किसी भी तरह के दाग-धब्बों से उन्हें बचा कर रखना। 

फिर भी यदि आपके बेड के हेडबोर्ड पर किसी तरह के दाग-धब्बे लग जाएं तो आप उन्हें घर पर ही खुद से कुछ नुस्खों को आजमा कर साफ कर सकती हैं। हालांकि, इस बात की गारंटी देना मुश्किल है कि किसी भी तरह के दाग घरेलू नुस्खों की मदद से किस हद तक साफ होंगे या गायब हो जाएंगे, मगर यह जरूर कहा जा सकता है कि दाग हल्‍के जरूर पड़ जाएंगे। 

तो चलिए जानते हैं बेड के हेडबोर्ड पर लगे दाग-धब्बों को साफ करने का तरीका-  

इसे जरूर पढ़ें: बच्चों के कपड़ों पर लगी स्लाइम को साफ करने के टिप्‍स

tips  and  tricks  to  clean  upholstered  headboard  stain

तेल के दाग को क्‍लीन करने का तरीका- 

अगर बेड के हेडबोर्ड से सिर टिका कर बैठने पर हेयर ऑयल लग जाए, तो आप इसे आसानी से रिमूव कर सकते हैं- 

  • इसके लिए पहले आप वैक्‍यूम क्‍लीनर से हेडबोर्ड पर लगी डस्ट को साफ कर लें। अगर वैक्‍यूम क्‍लीनर नहीं है तो आपको साफ कपड़े का इस्तेमाल करके डस्ट को साफ कर लेना है। 
  • इसके बाद आपको गुनगुने पानी में डिटर्जेंट को मिक्स करना है और फिर साफ कपड़े से दाग पर लगा कर उसे आहिस्‍ता-आहिस्‍ता रब करना है। 
  • यदि निशान ज्यादा गहरा है तो आप बेकिंग पाउडर (बेकिंग सोडा का इस्‍तेमाल), नमक और सफेद सिरका को मिक्‍स करें। इस मिश्रण को प्रभावित स्थान पर लगा कर 1 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद आप सूखे कपड़े से इसे रिमूव करें। 
  • आप पएंगी कि तेल के दाग हल्‍के पड़ गए हैं। 

ग्रीस के निशान रिमूव करने का तरीका 

यदि आपके बेड के हेडबोर्ड पर ग्रीस का निशान लग जाए , तो इसे रिमूव करना एक चुनौती से कम नहीं है। लेकिन आप इन दो घरेलू नुस्खों से दाग के गहरे निशान को कम जरूर कर सकते हैं। 

  • आप प्रभावित स्थान पर बेबी पाउडर लगा कर घंटे भर के लिए छोड़ दें। 
  • इसके बाद एक ब्रश को आहिस्‍ता-आहिस्‍ता दाग पर घिसें और फिर इसे साफ कर लें। 
  • बेबी पाउडर के स्‍थान पर आप बेकिंग पाउडर भी लगा सकती हैं। 
  • बेकिंग पाउडर को आप थोड़े से पानी में मिक्‍स करके गाढ़ा घोल बना लें और फिर उसे दाग पर लगा कर छोड़ दें। 
  • घंटे भर बाद आप उसे सूखे कपड़े से साफ कर लें। इस तरह से काफी हद तक ग्रीस का निशान साफ हो जाएगा। 

वेलवेट हेडबोर्ड को साफ करने के टिप्‍स 

अगर किसी गीली वस्तु जैसे-वाइन, फ्रूट जूस या फिर चाय का दाग हेडबोर्ड पर लग जाए, तो पहले उसे पेपर टॉवल से पोछें और प्रभावित स्‍थान को ड्राई करें। 

  • इसके बाद आपको एक बाउल में बेकिंग सोडा और नींबू का रस लेना है और प्रभावित स्थान पर उसे लगा देना है। 
  • 15 मिनट तक इस मिश्रण को दाग पर लगा रहने दें। फिर सूखे कपड़े से उस स्थान को पोछ दें। 
  • ऐसा करने से काफी हद तक दाग साफ हो जाएंगे। 

इसे जरूर पढ़ें: सोफा सेट में छिपे खटमल से इन घरेलू उपायों से छुटकारा पाएं

 

tricks  to  clean  upholstered  headboard  stain

फैब्रिक कुशन वाले हेडबोर्ड को इस तरह करें क्‍लीन 

आजकल बाजार में आ रही बेड की लेटेस्ट डिजाइन में फैब्रिक कुशन वाले हेडबोर्ड की काफी वैरायटी देखी जा रही है। अगर आपके घर पर भी ऐसे ही हेडबोर्ड वाला बेड है तो आपको इस तरह से उसकी सफाई करनी चाहिए- 

  • अगर फैब्रिक कुशन वाले हेडबोर्ड में किसी भी तरह के तेल, लिपस्टिक, सिंदूर या फिर चाय के दाग लग जाएं तो आप उसे सफेद सिरके से साफ कर सकती हैं। 
  • इसके लिए आपको 1 बड़ा चम्‍मच सिरका में 1 बड़ा चम्‍मच नमक मिक्‍स करना है। 
  • इस मिश्रण को आप प्रभावित स्थान पर लगा कर कॉटन बॉल से रब करें। 
  • ऐसा करने से काफी हद तक निशान रिमूव हो जाएगा। 

लेदर हेडबोर्ड को क्‍लीन करने का तरीका जानें- 

यदि आपके बेड पर लेदर का हेड बोर्ड लगा हुआ है और इसमें किसी तरह के तेल, इंंक, लिपस्टिक, हेयर कलर आदि के दाग लग जाते हैं तो आप उसे इस तरह से साफ कर सकती हैं- 

  • सबसे पहले तो आप किसी भी मॉइश्चराइजिंग सोप को थोड़े से पानी में घोल कर उसका इस्तेमाल कर सकती हैं । 
  • इस मिश्रण को प्रभावित स्थान पर लगा कर साफ कपड़े से आहिस्‍ता-आहिस्‍ता रगड़ें। 
  • दूसरा तरीका यह है कि आप 1 चम्‍मच पानी में 1 चम्‍मच सफेद सिरका मिला कर आप उस मिश्रण को दाग वाले स्थान पर लगाएं और हल्‍के हाथों से किसी कपड़े की मदद से रगड़ें। 
  • इस तरह भी दाग काफी हद तक साफ हो जाएगा। 

प्रोडक्‍ट पर लगे टैग में हो सकते हैं यह निर्देश- 

अगर आपका फर्नीचर ब्रांडेड है, तो उस पर क्लीनिंग टिप्स के निर्देश पहले से ही लिखे होंगे। इनमें से कुछ कोड्स और उनके अर्थ हम आपको बताते हैं- 

  1. एस (S)- अगर टैग में एस लिखा है तो इसका अर्थ है कि फैब्रिक  को केवल ड्राई क्लीन किया जा सकता है। 
  2. डब्‍लू (W)- डब्लू का मतलब है कि आप फर्नीचर को पानी या वॉटर बेस्‍ड क्लीनिंग सॉल्वेंट से साफ कर सकती हैं। 
  3. डब्लू/एस (W/S)- इसका मतबल है कि फर्नीचर को ड्राई वॉश या फिर पानी युक्त क्‍लीनर से साफ किया जा सकता है। 
  4. एक्‍स (X)- इस तरह के कोड का मतलब है कि फर्नीचर को केवल वैक्‍यूम क्‍लीनर से साफ करें। 

 

यह जानकारी आपको पसंद आई हो तो आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें, साथ ही ऐसे और भी आर्टिकल्‍स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से। 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।