गमले में आप भी आसानी से कद्दू का पौधा उगा सकती हैं, जानिए कैसे

समय-मसय पर हम आपको कुछ ऐसी सब्जी और कुछ ऐसे फल के पेड़-पौधे उगाने के बारे में बताते रहते हैं जिन्हें आसानी से घर पर उगाया जा सकता है। इससे पहले हमने आपको टमाटर, खीरा, पालक, लेमनग्रास, आलू, नींबू और पपीता के साथ कई पेड़-पौधों को गार्डन या फिर गमले में उगाने के बार में बता चुके हैं। इसी क्रम में आज हम आपको कद्दू का पौधा उगाने के बारे में बताने जा रहे हैं।
वैसे तो कद्दू को बहुत से लोग पसंद नहीं करते हैं लेकिन, आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कई जानकार कद्दू के साथ-साथ इसके बीज को भी सेहत के लिए बेहद ही फायदेमंद मानते हैं। नेचुरल तरीके से उगाया गया कद्दू एक नहीं बल्कि कई बीमारियों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। ऐसे में अगर आप तरह-तरह की सब्जियां गार्डन में उगाती हैं, तो आपको भी इस लेख को ज़रूर पढ़ना चाहिए। क्योंकि, इस लेख में हम आपको गमले में कद्दू का पौधा लगाने के बारे में बताने जा रहे हैं, तो आइए जानते हैं।
कद्दू का पौधा लगाने के लिए सामग्री
- बीज
- खाद
- मिट्टी
- गमला (बड़ा साइज़)
- पानी
सही बीज का करें चुनाव

किसी भी फल या सब्जी के पौधे को उगाने के लिए सबसे ज़रूरी है बीज का सही होना। अगर बीज गलत निकल गया तो सभी मेहनत बेकार हो जाता है, इसलिए कद्दू का पौधा लगाने के लिए सही बीज का चुनाव करना बहुत ज़रूरी हो जाता है। ऐसे में अच्छे किस्म के बीज को खरीदने के लिए आप बीज भंडार का रुख कर सकती हैं। बीज भंडार में एक नहीं बल्कि कई किस्म के बीज आसानी और सस्ते में मिल जाते हैं। बीज भंडार में जाने के बाद आप छोटे पौधे के रूप में या फिर सीड के रूप के भी बीज का चुनाव कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: विंटर में कुछ इस तरह घर पर आप भी उगाएं पालक
बीज लगाने के लिए मिट्टी तैयार करें

कद्दू का बीज सही खरीदने के बाद समय है मिट्टी को तैयार करने की। इसके लिए जिस मिट्टी को आप गमले में डालने वाली हैं उसे एक से दो बार फोड़कर एक-दो दिन के लिए धूप में रख दें। इससे मिट्टी में मौजूद कीड़े भाग जाते हैं। इसके अलावा मिट्टी में मौजूद नमी भी दूर हो जाती है। अगले दिन मिट्टी में एक से दो कप खाद मिक्स कर लें। खाद मिक्स करने के बाद मिट्टी को गमले में डालें और मिट्टी के अंदर 1-2 इंच गहरा बीज को दबाकर ऊपर से मिट्टी डाल दें। मिट्टी डालने के बाद एक से दो माप पानी ज़रूर डालें। (हरी मिर्च का पौधा लगाएं)
अगर बीज पौधे के रूप है तो सबसे पहले गमले में पौधे को बीचों-बीच डालें। गमले में पौधे को बीचों-बीच डालने के बाद चारों तरफ से खद युक्त मिट्टी को डालकर अच्छे से दबा दें और एक से दो मग पानी डालकर छोड़ दें। गमला में पौधा लगाने के लिए आप मिट्टी का गमला ही चुनाव करें क्योंकि, मिट्टी के गमले में पौधा लगाने से उसका विकास सही होता है और पौधे सामान्य रूप से ऑक्सीजन भी देते हैं। प्लास्टिक के गमले ऑक्सीजन के प्रभाव और विकास को रोक सकते हैं।
खाद का करें सही चुनाव

पौधे के विकास लिए सही खाद का चुनाव करना या उपयोग करना भी बहुत ज़रूरी होता है। कई बार इसके बारे में महिलाओं को जानकारी नहीं होती हैं और वो केमिकल युक्त खाद का इस्तेमाल करने लगती हैं जिससे पौधे मर भी जाते हैं। ऐसे में कद्दू के पौधे के विकास और फल की ग्रोथ के लिए आप जैविक खाद का ही चुनाव करें। जैसे- भैंस, गाय आदि अन्य जानवरों के गोबर का उपयोग कद्दू के पौधे के लिए कर सकते हैं। इसके अलावा कम्पोस्ट खाद का भी इस्तेमाल किया जाता सकता है। घर में बचे हुए भोजन जैसे-चावल, दाल के साथ-साथ सब्जी और फल के छिलके को भी खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। दो से तीन सप्ताह में एक से दो बार गमले में खाद ज़रूर डालें।
इसे भी पढ़ें: भगवान शिव का प्रिय रुद्राक्ष का पौधा घर पर कैसे उगाएं?
कद्दू के पौधे के लिए बनाएं कीटनाशक स्प्रे

कद्दू के पौधे को कीड़ों से दूर रखने के लिए आप घर पर ही नेचुरल कीटनाशक स्प्रे बना सकती हैं। केमिकल युक्त कीटनाशक से अच्छा है कि आप नींबू, पुदीना, लेमनग्रास, नीम के तेल, सिरका आदि के इस्तेमाल से होममेड कीटनाशक स्प्रेका इस्तेमाल करें। नेचुरल कीटनाशक प्लांट को अधिक नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। आप बेकिंग सोडा के इस्तेमाल से भी कीटनाशक स्प्रे बना सकती हैं। जब कद्दू का पौधा 2-3 फीट बड़ा हो जाए तो सप्ताह में एक से दो बार कीटनाशक स्प्रे का छिड़काव ज़रूर करें। ध्यान, रहे कि कद्दू का गमला खुली जगह होना चाहिए क्योंकि, इसकी जड़े बड़े पैमाने पर फैलती है। आप गमला को छत पर भी रख सकती हैं।
सिंचाई और मौसम का ध्यान

कद्दू का पौधा लगाने के बाद समय-समय सिंचाई करना भी बहुत ज़रूरी है। ऐसे में सप्ताह में एक से दो बार पौधे में पानी ज़रूर डालें। पानी डालने के अलावा समय-समय जैविक खाद भी पौधे में ज़रूर डालें। कई बार गमले में छोटी-छोटी जंगली घास निकलने लगती है ऐसे में उन घास की सफाई समय-समय पर करते रहे हैं। गमले को आप ऐसी जगह रखें जहां पौधे को अच्छी धूप मिल सके। लगभग आठ से दस महीने के अंदर पौधे में फल दिखाई देने लगेंगे। आप चाहें तो कच्चा कद्दू से सब्जी बनाने के लिए फल को तोड़ सकती हैं या फिर पकने के बाद सब्जी के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर जरूर शेयर करें और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit:(@balconygardenweb,garden.eco)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।