किचन की इन 5 चीजों की हर रोज करें सफाई

किचन घर की सबसे अहम जगह होती है। किचन में परिवार के सभी सदस्यों के लिए खाना बनाया जाता है। किचन में रोज सबकी पसंद का खाना बनाना और उसके साथ सामान की व्यवस्था अपने आप में काफी बड़ा काम है। बर्तनों की सफाई तो रोज होती है, लेकिन किचन की बाकी चीजों की सफाई महिलाएं फुर्सत में करती हैं। लेकिन यहां कुछ चीजों की रोजाना सफाई की जरूरत होती है, अन्यथा उनमें बैक्टीरिया की ग्रोथ हो सकती है। बहुत सी महिलाओं को इस बात की जानकारी नहीं होती कि सफाई में कमी से टायफाइड, डायरिया, Salmonella infection आदि हो सकते हैं। इसीलिए कुछ महत्वपूर्ण चीजों की सफाई रोजाना होना जरूरी है। अच्छी बात ये है कि इनकी सफाई में ज्यादा मशक्कत नहीं लगती। तो आइए जानते हैं इन चीजों के बारे में -
सिंक का एरिया

सिंक में रोजाना सारे जूठे बर्तन साफ किए जाते हैं। यहां बर्तन से निकलने वाली जूठन और चिकनाई से बैक्टीरिया पनपने का डर रहता है। इस हिस्से की सफाई के लिए आप सर्फ, विनेगर या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकती हैं। सिंक के ऊपरी हिस्से के साथ-साथ नीचे के हिस्से को भी साफ करें। अगर खाना या चाय बनाने के दौरान गर्म पानी बच जाए तो उसे भी सिंक में डालकर आप इस हिस्से को साफ रख सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: इन आसान टिप्स की मदद से दूर करें सिंक की ब्लॉकेज
किचन स्लैबस

चाहें आप चाय बना रही हों या फिर स्नैक्स, सब्जियां काट रही हों या फिर पूड़ियां तल रही हों, हर काम किचन स्लैब पर ही होता है। इसीलिए यह हिस्सा किचन में सबसे ज्यादा गंदा होता है। खाने-पीने से जुड़ा सारा सामान यहीं रखा होता है। इसीलिए इस हिस्से की सफाई बहुत महत्वपूर्ण है। अगर स्लैब पर कटी हुई सब्जी, आटे आदि के अंश रह जाएं तो वे स्लैब पर बैक्टीरिया ग्रोथ बढ़ा सकते हैं, जिससे हेल्थ प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। अगर आप इस हिस्से को बेकिंग सोडा और सिरके के मिश्रण से साफ करें तो यह पूरी तरह से कीटाणुमुक्त रहेगा और किचन भी साफ-सुथरा नजर आएगा।
इसे जरूर पढ़ें: एलर्जी पीड़ित महिलाओं के लिए बेहद काम के हैं यह क्लीनिंग टिप्स
गैस स्टोव

हमारे देश में खाना बनाने से पहले चूल्हे की सफाई की परंपरा रही है, क्योंकि खाना बनाने के बाद सबसे पहले वह देवी-देवताओं को समर्पित किया जाता है। यह चीज आज भी ज्यादातर घरों में फॉलो की जाती है। गैस पर खाना बनाने के दौरान कभी दूध गिर जाता है, तो कभी सब्जी। रोटियां सेंकते हुए कई बार आटे का परथन भी चूल्हे पर गिर जाता है। ऐसा होने पर गैस काफी ज्यादा गंदी हो जाती है और उस पर चिकनाई और बैक्टीरिया के कण चिपकते जाते हैं। इसीलिए गैस को ठीक तरीके से साफ करना बहुत महत्वपूर्ण है। आप चाहें तो नीम की पत्ती, सिरके और बेकिंग सोडा के मिश्रण से भी गैस की सफाई कर सकती हैं। लेकिन सफाई करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि चूल्हा गर्म ना हो, अन्यथा इससे आपकी त्वचा जल सकती है।
ओवन और माइक्रोवेव

बच्चों की फेवरेट कुकीज और केक बनाने के लिए महिलाएं अक्सर ही ओवन या माइक्रोवेव का इस्तेमाल करती हैं। आज के दौरान ओवन और माइक्रोवेव का इस्तेमाल काफी ज्यादा बढ़ गया है और इनमें कई तरह के टेस्टी फूड आइटम्स तैयार किए जाते हैं। लेकिन बेकिंग के दौरान इनमें भी फूड आइटम्स के कण गिरते हैं, जिनसे यहां इन्फेक्शन होने की आशंका बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। आप बेकिंग सोडा वाले पानी से इनकी सफाई कर सकती हैं। विकल्प के तौर पर आप नींबू वाले पानी का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए आप पानी थोड़ा गर्म कर लें और फिर उसमें नींबू की कुछ बूंदे डाल दें। आप चाहें तो इसके लिए रेडीमेड डिसइन्फेक्टेंट का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
किचन की तौलिया

किचन में खाना बनाते हुए हम अक्सर गीले बर्तनों को साफ तौलिए से पोंछते हैं। कई बार गर्म बर्तन को पकड़ने के लिए तौलिया इस्तेमाल होता है। ऐसे कितने ही छोटे-छोटे कामों में तौलिया मददगार साबित होता है। लेकिन बार-बार इस्तेमाल होने की वजह से तौलिए में बैक्टीरिया ग्रोथ भी तेजी से होने की आशंका होती है। इसीलिए इस तौलियों को रोजाना वॉशिंग पाउडर से धोने और धूप में सुखाने की जरूरत होती है।
अगर आपको यह जानकारी अच्छी लगी तो इसे जरूर शेयर करें। किचन को बेहतर बनाने से जुड़ी अन्य अपडेट्स पाने के लिए विजिट करती रहें हरजिंदगी।
Image Courtesy: Freepik, cache-landingpages-images.services.handy.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।