इंदौर के इन पांच बाजारों में खरीदारी करने का अलग ही है मजा, आप भी जानें

इंदौर भारत के स्वच्छ शहरों में से एक है। यहां की मेहमानवाजी का अपना ही अलग मजा है। हम महिलाएं जब कहीं घूमने जाती हैं, तो उस जगह के बाजारों को जानने में भी रुचि रखती हैं। ऐसा होता ही है कि अलग-अलग जगह के बाजारों की खासियत हमें अपनी ओर खींचती है और हम बिना खरीदारी किए बिना रह ही नहीं पाते हैं। अगर आप इंदौर में हैं, तो वहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ तो उठाया ही होगा।
खानपान के शौकीनों के लिए तो पूरा एक बाजार, जिसे 'छप्पन बाजार' कहा जाता है, समर्पित है। इस बाजार की खास बात यह है कि यहां पूरे 56 स्टॉल्स हैं। अब क्यों न इंदौर के बाजारों को भी देखा जाए। इस आर्टिकल में हम आपको इंदौर के कुछ लोकप्रिय बाजारों के बारे में बताने जा रहे हैं।
तिब्बती मार्केट

इंदौर का तिब्बती मार्केट अपने फैशनेबल और अच्छी क्वालिटी वाले कपड़ों के लिए जाना जाता है। यहां वैसे तो आमतौर पर हर तरह के कपड़े मिलते हैं, लेकिन कहा जाता है कि सर्दियों के कपड़े खरीदने के लिए यह जगह एकदम सही है। दो महीने बाद सर्दियों का मौसम शुरू हो जाएगा, तो आप यहां से पहले ही मफलर, जैकेट्स, स्वेटर आदि खरीद सकते हैं। इसके अलावा तिब्बती भोजन के शौकीन हैं, तो यहां से थुपका, मोमोज जैसी चीजों का मजा ले सकते हैं।
कहां- सेंट्रल इंदौर में स्थित
समय- सुबह 9 से रात 9 बजे तक
मूलचंद मार्केट

छोटे बच्चे के कपड़ों के लिए डेडिकेटेड कम ही मार्केट होते हैं। आमतौर पर आम बाजारों में आपको गिनी-चुनी शॉप्स दिख जाती हैं, जो बच्चों के कपड़े रखती हैं। मगर इंदौर का इस बाजार में आपको बच्चों के लिए कई रेडीमेड कपड़े मिलेंगे। आपको इस बाजार में बच्चों के लिए कई डिजाइन, स्टाइल और रंगों में कैजुअल के साथ-साथ पार्टी वियर कपड़ों का एकदम नया कलेक्शन मिलेगा। इसके साथ ही, यहां से आप अपने लिए भी कपड़ों की खरीदारी कर सकते हैं। पूरे परिवार के लिए खरीदारी करने के लिए यह मार्केट अच्छा है।
कहां- रजवाड़ा
समय- सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक
सराफा बाजार

जिस किसी को भी इंदौर के शॉपिंग प्लेसेस के बारे में थोड़ी सी भी जानकारी है, वह सराफा बाजार के बारे में जानता है। यह दो हिस्सों में बांटा गया है, जिसे छोटा सराफा बाजार और बड़ा सराफा बाजार कहते हैं। यह स्थान पारंपरिक और आधुनिक आभूषण, विशेष रूप से मीनाकारी काम की खरीदारी के लिए बेस्ट है। जैसे-जैसे शाम होती है, यह जगह एकदम नया रूप ले लेती है। शाम होते ही यहां तमाम खाने-पीने के स्टॉल्स खुल जाते हैं और जैसी भीड़ आपने दिल्ली के चांदनी चौक में देखी होगी, यहां भी ठीक वही हाल रहता है। आप यहां भुट्टे की कीस, दही वड़ा, जलेबी, मालपुआ, बासुंदी और खोपरा पैटीज का मजा ले सकते हैं।
कहां-अन्नपूर्णा रोड
समय-सुबह 11 बजे से रात 12 बजे तक
इसे भी पढ़ें : ये हैं भारत के सबसे सस्ते मार्केट!
तोपखाना मार्केट

तोपखाना मार्केट पूरे शहर में सबसे अच्छे बाजारों में से एक है, जिसमें कपड़े और घर की चीजों से लेकर हस्तशिल्प और आभूषण तक सब कुछ है। इंदौर में जो कुछ भी प्रसिद्ध है, वह इस भीड़भाड़ वाले बाजार में आसानी से मिल सकता है - सुंदर टेराकोटा की मूर्तियां, आकर्षक चमड़े के खिलौने, शानदार लकड़ी के सामान और आपके घर को सजाने या अपने प्रियजनों को उपहार देने के लिए कई अन्य आइटम्स यहां उपलब्ध हैं। आप यहां से कपड़ों की खरीदारी भी कर सकते हैं।
कहां-कोठारी मार्केट, तोपखाना
समय-सुबह 11 बजे रात 8 बजे
इसे भी पढ़ें : Wholesale मार्केट के लिए बेस्ट ऑप्शन हैं दिल्ली के ये शॉपिंग एरिया
हेरिटेज मार्केट

अगर आप फैशनेबल जूते खरीदना पसंद करते हैं,तो हेरिटेज मार्केट इंदौर में खरीदारी करने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है। इस बाजार में आपको लोकल और अंतरराष्ट्रीय ब्रैंड बेचने वाली कई दुकानें आपको मिल जाएंगी। आपको हेरिटेज मार्केट में जूते बेचने वाली दुकानों के सबसे लोकप्रिय ब्रैंड्स काफी आसानी से मिल जाएंगे। हां, इस मार्केट में आपको बार्गेनिंग करने में मुश्किल हो सकती है, लेकिन यहां की क्वालिटी अच्छी होती है।
कहां- सेंट्रल इंदौर
समय- सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक
इंदौर में इन बाजारों के अलावा और कई चर्चित बाजार हैं। जैसे खजूरी बाजार-किताबों और स्टेशनरी के लिए जाना जाता है, जेल रोड- इलेक्ट्रॉनिक्स और सिलाई की दुकानों के लिए जाना जाता है, मरोठिया बाजार- आर्ट और क्राफ्ट के लिए लोकप्रिय है। अगर आपको समय मिले तो इन बाजारों में भी जा सकते हैं।
हमें उम्मीद है कि आपको यह आर्टिकल पसंद आया होगा। अगर आपको भी इंदौर के अन्य लोकप्रिय बाजारों की जानकारी हो, तो फेसबुक पर कमेंट कर जरूर बताएं। ऐसे अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: fabhotels & mptourism
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।