History of Hairpins: न सैलून थे, न हेयर स्टाइलिस्ट, फिर कैसे संवारती थीं महिलाएं अपने बाल? जानें हेयरपिन का इतिहास

History Of Hair Pin: आजकल बालों को संवारने के लिए महिलाएं तरह-तरह की हेयरपिन, क्लचर, बटरफ्लाई क्लिप और हेयर एक्सेसरीज का इस्तेमाल करती हैं। कोई इन्हें बालों को संभालने के लिए लगाता है, तो कोई अपने हेयरस्टाइल को खूबसूरत बनाने के लिए। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बालों में लगाने वाली छोटी-सी हेयरपिन की शुरुआत कब और कैसे हुई होगी? दिलचस्प बात यह है कि इसका इतिहास हजारों साल पुराना है। उस समय न तो आज जैसी प्लास्टिक की क्लिप थीं और न ही आधुनिक हेयर स्टाइलिंग के साधन। उस दौरान महिलाएं हड्डी, लकड़ी और धातु से बनी पिन से बालों को संभालती थी। नीचे पढ़ें हेयरपिन का इतिहास।
हेयरपिन की शुरूआत कब हुई थी?
हेयरपिन का इतिहास प्राचीन मिस्र की सभ्यता से जुड़ा मिलता है। पुरातत्वविदों के अनुसार, करीब 4000 ईसा पूर्व यानी लगभग 6000 साल पहले मिस्र में हड्डी और हाथीदांत से बनी पिन का इस्तेमाल बालों को बांधने के लिए किया जाता था। उस समय लंबे बालों को ऊपर की तरफ समेटकर जूड़ा बनाया जाता था और उसे टिकाए रखने के लिए इन पिन का सहारा लिया जाता था। ये पिन दिखने में साधारण होती थीं, लेकिन रोजमर्रा के जीवन में काफी काम आती थीं।
इसे भी पढ़ें- History Of Indian Necklace: हर श्रृंगार की जान हैं भारतीय नेकलेस! जानिए सदियों पुराने हार का अनोखा इतिहास
प्राचीन मिस्र में हेयरपिन का इस्तेमाल था खास
प्राचीन मिस्र में हेयरपिन केवल बालों को बांधने का साधन नहीं थी, बल्कि इसे सुंदरता और सजावट से भी जोड़कर देखा जाता था। उस समय महिलाएं हड्डी, हाथीदांत, लकड़ी, कांसे, चांदी और सोने से बनी पिन इस्तेमाल करती थीं। कुछ हेयरपिन के ऊपरी हिस्से पर सुंदर नक्काशी भी की जाती थी। करीब 2000 ईसा पूर्व के मकबरे के चित्रों में रानी नेफ्रू की हेयरड्रेसर को हेयरपिन की मदद से उनके बाल संवारते हुए दिखाया गया है।

Image Credit-Hair Pin - The Metropolitan Museum of Art
चीन में स्टेटस सिंबल की तरह इस्तेमाल होती थी हेयरपिन
चीन में भी हेयरपिन का इतिहास काफी पुराना है। यहां शुरुआत में हड्डी और जेड यानी एक खास तरह के कीमती पत्थर से हेयरपिन बनाई जाती थीं। बाद में सोने और दूसरी धातुओं का इस्तेमाल भी होने लगा। चीन के झोऊ राजवंश के समय से बालों के आभूषणों में सजावटी मोतियों और कीमती पत्थरों का इस्तेमाल बढ़ा। कुछ हेयरपिन पर फूल, पक्षियों और दूसरे खूबसूरत आकार बनाए जाते थे। इससे पता चलता है कि हेयरपिन केवल बाल संभालने की चीज नहीं थी, बल्कि व्यक्ति की हैसियत और पसंद भी दिखाती थी।

Image Credit-ai
रोम में खास हेयरस्टाइल बनाने के लिए होता था हेयरपिन का इस्तेमाल
प्राचीन रोम में महिलाएं अपने बालों को अलग-अलग तरीके से सजाना पसंद करती थीं। उस समय बड़े जूड़े, घुमावदार बाल और कई हिस्सों में बनी चोटियां काफी लोकप्रिय थीं। इन्हें सही आकार में बनाए रखने के लिए हड्डी, कांसे और हाथीदांत की हेयरपिन इस्तेमाल की जाती थीं। कुछ महिलाएं एक हेयरस्टाइल को टिकाए रखने के लिए कई पिन लगाती थीं। मिस्र के गुरोब में करीब 100 ईस्वी के समय के बालों के एक हिस्से में 62 कांस्य पिन मिलने का उल्लेख भी मिलता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस दौर में हेयरस्टाइल बनाने में कितनी मेहनत की जाती थी।
कभी सजावट में काम आती थी यह हेयर एक्सेसरीज
समय के साथ हेयरपिन का इस्तेमाल अलग-अलग देशों में अलग अंदाज में होने लगा। कहीं इन्हें लकड़ी से बनाया जाता था, तो कहीं धातु और कीमती पत्थरों से सजाया जाता था। यूरोप में लंबे बालों को जूड़े में बांधने और विग को सही जगह टिकाने के लिए भी पिन का इस्तेमाल होता था। धीरे-धीरे बालों में लगाने वाले कंघे, सजावटी पिन और क्लिप भी फैशन का हिस्सा बनने लगे। इनका डिजाइन लोगों के पहनावे और उस समय के फैशन के अनुसार बदलता रहा।
बॉबी पिन के नाम से मशहूर हुई थी हेयरपिन
आज जिस बॉबी पिन का इस्तेमाल हम खुले बालों को सेट करने या छोटे बालों को संभालने के लिए करते हैं, वह 1920 के दशक में काफी लोकप्रिय हुई। उस समय महिलाओं के बीच छोटे बॉब हेयरकट का फैशन तेजी से बढ़ रहा था। इस हेयरस्टाइल को सही तरीके से सेट रखने के लिए छोटी स्प्रिंग वाली पिन काम आने लगी। इसे बॉबी पिन कहा जाने लगा। इसका नाम भी बॉब हेयरकट से जुड़ा माना जाता है। ब्रिटेन में इसी तरह की पिन को किर्बी ग्रिप के नाम से भी जाना जाता है।

Image Credit- kirbigrip-card-hair-grips
हेयर क्लिप में कब हुए नए बदलाव?
समय के साथ हेयरपिन के अलावा बैरेट यानी बार के आकार वाली हेयर क्लिप भी लोकप्रिय होने लगीं। 19वीं सदी के मध्य में सजावटी बैरेट का इस्तेमाल होने लगा था। इनमें ऊपर की तरफ सुंदर डिजाइन और नीचे बालों को पकड़ने के लिए धातु का क्लिप लगा होता था। बाद में प्लास्टिक और सेलुलॉइड जैसी सामग्री से भी हेयर एक्सेसरीज बनने लगीं। इससे इनके रंग, आकार और डिजाइन में काफी बदलाव आया। अब ये केवल बाल संभालने के लिए नहीं, बल्कि फैशन के लिए भी इस्तेमाल होने लगीं।
आज फैशन वर्ल्ड में अलग पहचान बना चुकी है हेयरपिन और क्लिप
आज बाजार में हेयरपिन और क्लिप के इतने डिजाइन मौजूद हैं कि हर आउटफिट के साथ अलग एक्सेसरी चुनी जा सकती है। बटरफ्लाई क्लिप, पर्ल पिन, मेटल क्लचर, फ्लावर क्लिप और मिनिमल हेयरपिन काफी पसंद किए जाते हैं। पहले जहां इनका मुख्य काम बालों को बांधकर रखना था, वहीं अब ये पूरे लुक को आकर्षक बनाने में मदद करती हैं। खास बात यह है कि हजारों साल पहले हड्डी और लकड़ी से शुरू हुआ यह सफर आज रंग-बिरंगे प्लास्टिक, मेटल और स्टोन वाली एक्सेसरीज तक पहुंच गया है।
इसे भी पढ़ें- History Of Blush: चेहरे पर ब्लश लगाने का फैशन कहां से आया, पहले गाल लाल करने के लिए क्या लगाती थीं महिलाएं?
यकीनन अब आपको पता चल गया होगा कि आज जो बाजार में अलग-अलग स्टाइल और डिजाइन में हेयरपिन और क्लिप आ रही हैं, उसका इतिहास कितना पुराना है। ऐसे में ही मजेदार और इंटरेस्टिंग स्टोरिज को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ। अगर आपको यह स्टोरी पसंद आई है, तो इसे शेयर करें।
Image Credit-ai
source-
Internet Archaeology – The Egyptian Hair Pin: Practical, Sacred, Fatal (2016), Joann Fletcher. (https://intarch.ac.uk/journal/issue42/6/5.cfm)
University of Chicago – The Life of Meresamun.* प्राचीन मिस्र के हेयर स्टाइलिंग टूल और हेयरपिन की जानकारी। [संग्रहालय की जानकारी पढ़ें](https://www.adlit.org/sites/default/files/2021-07/life-of-meresamun.pdf)
MIHO Museum – Hair Accessories.* प्राचीन चीन के बालों के आभूषणों का इतिहास (https://www.miho.jp/booth/html/artcon/00000434e.htm)
Encyclopedia.com – Hair Accessories. (https://www.encyclopedia.com/fashion/encyclopedias-almanacs-transcripts-and-maps/hair-accessories)
- दुनिया में सबसे पहले हेयरपिन का इस्तेमाल कब शुरू हुआ था?
- हेयरपिन का इतिहास लगभग 3000 से 4000 साल पुराना है, जब प्राचीन मिस्र (Egypt) और मेसोपोटामिया में इसका उपयोग शुरू हुआ था।
- आधुनिक 'बॉबी पिन' (Bobby Pin) का आविष्कार किसने और कब किया था?
- आधुनिक बॉबी पिन का आविष्कार 1920 के दशक में लुइस मार्कस (Luis Marcus) ने किया था, जो छोटे बालों को संभालने के लिए बनाई गई थी।
- आज के समय में हेयरपिन का स्वरूप कितना बदल चुका है?
- आज हेयरपिन सिर्फ बाल बांधने का जरिया नहीं, बल्कि मोतियों, क्रिस्टल और आधुनिक डिज़ाइनों के साथ एक प्रमुख फैशन एक्सेसरी बन चुकी है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।