तिल का तेल आपके बालों को बनाएगा मजबूत और घना! सर्दियों में मालिश करते समय इन बातों का रखें ध्यान
-1762001081198.webp)
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खराब खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण लोगों को कई तरह की समस्याएं हो रही हैं। बालों के टूटने की दिक्कत भी आम हो गई है। इससे निजात पाने के लिए लोग क्या कुछ नहीं करते हैं। कई डॉक्टरों के पास जाकर इलाज करवाते हैं, तो कुछ बाजार से महंगे दामों में प्रोडक्ट्स खरीदकर लाते हैं और उनका इस्तेमाल करते हैं। इससे भी कुछ खास फर्क नहीं पड़ता है।
सर्दियों में बालों का रूखापन, झड़ना और चमक खोना भी आम बात है। ऐसे में बालों की जड़ों को पोषण देने का सबसे आसान और असरदार तरीका है तेल मालिश। लेकिन क्या आप जानती हैं कि तेल लगाने का भी एक सही तरीका होता है? अगर आप चाहती हैं कि बाल लंबे, घने और मजबूत बनें, तो इस सर्दी तिल के तेल (Sesame Oil) से सिर की मालिश करना शुरू कर दीजिए। ये बालों के लिए वरदान माने जाते हैं। हम आपको अपने इस लेख में बताएंगे कि तिल के तेल से मालिश करने के लिए आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं-
क्या कहती हैं एक्सपर्ट
Glorious Makeup Studio And Academy By Kaurs की एक्सपर्ट अमरीश कौर ने बताया कि तिल का तेल एक नेचुरल मॉइश्चराइजर है जो सिर की त्वचा के अंदर तक जाकर जड़ों को पोषण देता है। ये बालों की ड्राईनेस को दूर करता है। साथ ही जड़ों को मजबूत बनाता है।
इसे भी पढ़ें: Amla For Hair: आंवला जूस का बालों पर ऐसे करें इस्तेमाल, कुछ ही दिनों में दिख सकता है घनापन और चमक
आपको बता दें कि तिल के तेल में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो बालों को सफेद होने से रोकते हैं। अगर सर्दियों में सिर में खुजली या डैंड्रफ की समस्या है, तो तिल के तेल की मालिश करने से आपको इससे राहत मिल सकती है।
तिल के तेल से सिर की मालिश करने का सही तरीका
- सर्दियों में Sesame Oil से मालिश करने के लिए तेल को हल्का सा गुनगुना कर लें। गर्म तेल जड़ों में आसानी से जाता है और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है।
- अपने बालों को चार से पांच हिस्सों में बांट लें। इससे तेल हर हिस्से में अच्छी तरह लग पाएगा।
- तेल लगाते समय उंगलियों से हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए मालिश करें। ध्यान रखें कि बहुत जोर से न रगड़ें, इससे बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं।
- करीब 10 मिनट तक धीरे-धीरे मसाज करें ताकि तेल स्कैल्प में अच्छी तरह समा जाए। इससे बालों की जड़ें मजबूत होंगी।
- तेल लगाने के बाद बालों को ढीली चोटी में बांध लें या शॉवर कैप पहन लें। चाहें तो गर्म पानी में भिगोया हुआ तौलिया सिर पर लपेट लें। इससे तेल गहराई तक पहुंचता है और असर और भी बढ़ जाता है।
ध्यान दें ये बातें
तिल का तेल गर्म तासीर वाला होता है। इसलिए सर्दियों में ये बालों और स्कैल्प के लिए बहुत फायदेमंद रहता है। ये सिर की ठंडक, ड्राईनेस और डैंड्रफ जैसी दिक्कतों को दूर करता है। ठंड के मौसम में तिल का तेल अकेले लगाना बिल्कुल सेफ और असरदार है। हालांकि, गर्मियों में इसका अकेले इस्तेमाल करने से सिर में गर्माहट या हल्की जलन महसूस हो सकती है। इसलिए इसे नारियल तेल या बादाम तेल के साथ मिलाकर लगाना चाहिए।
अगर आप पहली बार इस्तेमाल कर रही हैं, तो इसे आधे घंटे तक ही सिर पर रखें। बहुत देर तक रखने से स्कैल्प पर गर्मी बढ़ सकती है। लगाने से पहले हथेली या कान के पीछे थोड़ा तेल लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें। अगर जलन या खुजली न हो, तभी पूरे सिर पर लगाएं।
अगर आपको तिल के तेल की गर्मी सूट नहीं करती, तो इस आसान मिक्स का इस्तेमाल करें-
- एक चम्मच तिल का तेल
- एक चम्मच नारियल तेल
- दो से तीन बूंदें नींबू का रस या एलोवेरा जेल
- ये मिक्स सिर को ठंडक भी देगा और बालों को पोषण भी।
इसे भी पढ़ें: Rose Water For Hair: स्किन ही नहीं बालों के लिए भी खास है गुलाब जल, जानें इस्तेमाल करने का सही तरीका
ये भी समझें
- तिल का तेल थोड़ा गाढ़ा होता है, इसलिए इसे बहुत ज्यादा मात्रा में न लगाएं।
- ज्यादा तेल लगाने से धूल और गंदगी चिपक सकती है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं।
- हफ्ते में एक से दो बार ही इस्तेमाल करें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।