मानसून में रूखे और फटे होंठों को बनाएं सॉफ्ट, काम आएंगे ये घरेलू नुस्खे

बारिश का मौसम भले ही गर्मी से राहत दिलाता है, लेकिन इस दौरान स्किन, बालों और होंठों की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी होता है। कई लोगों को लगता है कि सिर्फ सर्दियों में ही होंठों के फटने की समस्या होती है, लेकिन ऐसा नहीं है। मानसून में हवा में नमी ज्यादा होने के बावजूद बार-बार होंठों को चाटने, कम पानी पीने और धूप के कारण होंठ ड्राई और फटे हुए नजर आने लगते हैं।
कई बार तो होंठों की ऊपरी त्वचा भी निकलने लगती है, जिससे जलन और दर्द भी होने लगता है। ऐसे में लोग बाजार से महंंगे लिप केयर प्रोडक्ट्स खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं, लेकिन नोएडा की ब्यूटी एक्सपर्ट प्रियंका यादव ने कुछ घरेलू उपाय बताए हैं। इसे आप भी ट्राई कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
शहद
शहद को एक नेचुरल मॉइश्चराइजर माना जाता है। यह होंठों को नमी देने में मदद करता है। इसे इस्तेमाल करना भी बहुत आसान है। इसके लिए-
- आप आधा चम्मच शहद लें।
- अब इसे होंठों पर 10 से 15 मिनट तक लगा रहने दें।
- इसके बाद सादे पानी से होंठों को साफ कर लें।
- दिन में आप इसे एक बार लगा सकती हैं।
- कोशिश करें कि रात में ही इसे लगाएं।
नारियल का तेल
नारियल का तेल भी होंठों की ड्राईनेस कम करने के लिए कारगर साबित हो सकता है। अगर आप इसका इस्तेमाल करेंगी तो आपके होंठ सॉफ्ट बन सकते हैं। इसे इस्तेमाल करने के लिए-
- 2-3 बूंद नारियल का तेल ले लें।
- अब उंगली की मदद से होंठों पर मसाज करें।
- खासकर रात को सोने से पहले जरूर लगाएं।
- इसे धोने की जरूरत नहीं होती।
देसी घी
अगर आपके पास घर में शहद या नारियल तेल नहीं है, तो आप देसी घी का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। यह भी होंठों के लिए अच्छा रहता है। इसे इस्तेमाल करने का यह तरीका है-
- रात को सोने से पहले होंठों पर थोड़ा सा देसी घी लगा लें।
- इसे धोने की जरूरत नहीं है, इसे रात भर ऐसे ही लगा रहने दें।
- सुबह आपके होंठ पहले से ज्यादा मुलायम नजर आ सकते हैं।
एलोवेरा जेल
एलोवेरा जेल का इस्तेमाल तो सदियों से स्किन और होंठों की देखभाल के लिए होता आ रहा है। ऐसे में आप भी यह ट्राई कर सकती हैं। दरअसल, एलोवेरा जेल होंठों को ठंडक देने और ड्राईनेस कम करने में कारगर साबित हो सकता है। ऐसे करें इस्तेमाल-
- थोड़ी मात्रा में फ्रेश एलोवेरा जेल ले लें।
- इसे 10 मिनट तक के लिए होंठों पर लगा लें।
- बाद में पानी से साफ कर लें।
यह भी पढ़ें- महंगे प्रोडक्ट्स छोड़ें, यह होममेड स्क्रब देगा Soft Pink Lips
ध्यान रखें कि कुछ लोगों को एलोवेरा से एलर्जी हो सकती है। इसलिए अगर पहली बार इस्तेमाल कर रही हैं तो पैच टेस्ट जरूर करें।
चीनी और शहद
होंठों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए लाेग चीनी और शहद का भी इस्तेमाल करते हैं। इससे होंठों पर जमी डेड स्किन साफ हो सकती है। इसे इस्तेमाल करने का तरीका-
- एक चम्मच शहद में आधा चम्मच चीनी मिला लें।
- अब 30 से 40 सेकेंड तक बहुत हल्के हाथों से होंठों पर मसाज करें।
- इसके बाद साफ पानी से धो लें और लिप बाम लगा लें।
इस स्क्रब का आप हफ्ते में एक बार इस्तेमाल कर सकती हैं। बस ध्यान रहें कि होंठों को ज्यादा रगड़े नहीं, वरना नुकसान हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Homemade Lip Balm: किचन की सिर्फ 4 चीजों से घर पर बनाएं नेचुरल लिप बाम, गुलाबी बनेंगे होंठ
इन गलतियों से बचें
अगर आप होंठों को मुलायम और सुंदर बनाकर रखना चाहती हैं, तो कुछ गलतियों से बचना चाहिए। जैसे-
- बार-बार होंठों पर जीभ न लगाएं।
- होंठों की ड्राई स्किन को हाथ से न खींचें।
- बहुत ज्यादा मैट लिपस्टिक रोजाना न लगाएं।
- धूप में निकलते समय SPF वाला लिप बाम लगाना भी फायदेमंद हो सकता है।
तो अगर आपके होंठ भी बहुत ज्यादा ड्राई हो गए हैं तो आप ऊपर बताए गए नुस्खे आजमा सकती हैं, लेकिन अगर घरेलू उपाय करने के बाद भी होंठ कई दिनों तक ठीक न हों, उनमें बार-बार खून आए, बहुत ज्यादा दर्द हो तो एक्सपर्ट से मिल सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
- मानसून में होंठ क्यों फटते हैं?
- शरीर में पानी की कमी और फंगल-बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण मानसून में भी होंठ फटते हैं।
- कटे-फटे होंठों पर क्या न लगाएं?
- कटे-फटे होंठों पर नींबू का रस, मैट लिपस्टिक या एल्कोहल वाले प्रोडक्ट्स न लगाएं।
- रात में लिप बाम लगाना सही है?
- हां, रात में नेचुरल लिप बाम या मॉइश्चराइजर लगाने से रातभर में होंठ रिपेयर हो जाते हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।