Festive Makeup Tips: त्योहारों पर ऐसे करें मेकअप, खूबसूरती देख हर कोई करेगा तारीफ

आजकल मेकअप में नेचुरल निखार को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इसमें चेहरे का लुक बदलने के बजाय आपकी खूबियों को उभारने पर फोकस किया जाता है। इसके लिए भारी बेस की जगह हल्के फाउंडेशन, टिंटेड मॉइश्चराइजर और जरूरत के हिसाब से कंसीलर का इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही, मेकअप चुनते समय यह भी देखें कि आपने किस रंग के कपड़े पहने हैं और आपकी त्वचा का रंग कैसा है। सही रंगों का मेल चेहरे की चमक बढ़ाने के साथ पूरे लुक को बैलेंस रखता है। नीचे लेख में ब्यूटी एक्सपर्ट से समझें-
स्किन कलर के अनुसार चुनें बेस
मेकअप का बेस ऐसा होना चाहिए जो आपकी त्वचा के रंग से मेल खाए। इसके लिए फाउंडेशन का शेड चेहरे और गर्दन की रंगत के आसपास का ही चुनें। बहुत ज्यादा हल्का या बहुत गहरा बेस चेहरे को बनावटी दिखा सकता है। सांवली त्वचा पर गोल्डन और वार्म अंडरटोन वाले शेड्स अच्छे लगते हैं, जबकि हल्की त्वचा पर न्यूट्रल या पीच अंडरटोन वाले शेड्स निखार लाते हैं।
गेहुंए रंग की त्वचा पर भी वार्म और न्यूट्रल टोन अच्छे विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, सही शेड चुनने के लिए त्वचा के अंडरटोन को समझना जरूरी है। मेकअप से पहले त्वचा को साफ करके माइस्चराइजर और दिन के समय सनस्क्रीन लगाना न भूलें।
इसे भी पढ़ें- हर त्योहार पर चेहरे की बढ़ेगी खूबसूरती, बस फॉलो करना होगा ये 5 मिनट मेकअप टिप्स
कपड़ों के कलर से मैच करता ब्लश और हाइलाइटर करें यूज
त्योहारों पर मेकअप को आकर्षक बनाने के लिए ब्लश और हाइलाइटर का सही चुनाव जरूरी है। पीच, रोज पिंक और हल्के कोरल शेड्स चेहरे को ताजा और खिला-खिला लुक देते हैं। गहरे रंग की त्वचा पर बेरी और टेराकोटा जैसे शेड्स भी बहुत खूबसूरत लगते हैं। अगर आपने लाल, मरून या गुलाबी रंग के कपड़े पहने हैं, तो उससे मिलते-जुलते या हल्के कंट्रास्ट रंग का ब्लश चुनें। गोल्डन, बेज या मिट्टी जैसे रंगों के कपड़ों के साथ पीच और ब्रॉन्ज टोन अच्छे लगते हैं। हाइलाइटर को चेहरे के उभरे हुए हिस्सों पर हल्के हाथों से लगाएं, ताकि चमक नेचुरल लगे।
आंखों के मेकअप में रखें संतुलन
आंखों का मेकअप चुनते समय कपड़ों के रंग और समय का ध्यान रखना चाहिए। दिन के समय पूजा या परिवार के कार्यक्रमों के लिए हल्के भूरे, पीच और न्यूड आईशैडो के साथ पतला आईलाइनर काफी है। शाम के समय उत्सवों में गोल्ड, ब्रॉन्ज और कॉपर शेड्स के साथ हल्का शिमर इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आपके कपड़ों पर पहले से ही भारी कढ़ाई या चमक-दमक का काम है, तो आंखों का मेकअप हल्का रखना बेहतर होता है। इसके उलट, सादे कपड़ों के साथ विंग्ड आईलाइनर या हल्का स्मोकी आई लुक अपनाया जा सकता है। इससे मेकअप आकर्षक भी लगेगा और चेहरे की प्राकृतिक सुंदरता भी बनी रहेगी।
लिपस्टिक चुनते समय कपड़ों का रखें ध्यान
लिपस्टिक का रंग पूरे मेकअप का असर बदल सकता है। न्यूड, रोज पिंक, पीच और ब्राउन शेड्स हल्के फेस्टिव लुक के लिए अच्छे विकल्प हैं। वहीं, लाल, मरून, वाइन और बेरी शेड्स पारंपरिक साड़ियों, लहंगों और एथनिक सूट के साथ बहुत जंचते हैं। रंग चुनते समय अपनी त्वचा की रंगत का भी ध्यान रखें।
अगर आंखों का मेकअप गहरा है, तो हल्के रंग की लिपस्टिक चुनें। वहीं, अगर आई मेकअप हल्का है, तो बोल्ड लिपस्टिक आपके पूरे लुक को खास बना सकती है। यह जरूरी नहीं कि लिपस्टिक का रंग आपके कपड़ों से बिल्कुल मैच करे, बल्कि दोनों के बीच एक अच्छा तालमेल होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- Makeup Tips: दिवाली के दिन लंबे समय तक टिका रहेगा आपका मेकअप, अगर एक्सपर्ट की इन टिप्स को करेंगी फॉलो
ट्रेडिशनल लुक को ऐसे दें मॉडर्न टच
बिंदी, काजल और गोल्डन आईशैडो जैसे पारंपरिक विकल्प त्योहारों के मेकअप को खास बनाते हैं। इन्हें ग्लोइंग बेस, हल्के ब्लश और अपनी पसंद के लिप कलर के साथ अपनाया जा सकता है। अगर कपड़े भारी है, तो मेकअप को सादा रखकर भी आकर्षक लुक पाया जा सकता है। वहीं, हल्के या मोनोक्रोम परिधान के साथ आंखों या होंठों में से किसी एक हिस्से को उभार सकती हैं। मेकअप की परतें बढ़ाने के बजाय जरूरत के अनुसार प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें।
डॉ. ब्लासम कोचर का कहना है कि मेकअप को खूबसूरत बनाने के लिए त्वचा की देखभाल को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। त्योहारों के दौरान पर्याप्त नींद, हाइड्रेशन, नियमित माइस्चराइजिंग और मेकअप को सही तरीके से हटाना जरूरी है। मेकअप ट्रेंड्स अपनाते समय त्वचा की जरूरतों और व्यक्तिगत पसंद को प्राथमिकता दें।
ड्रेस के रंग, त्वचा की रंगत और प्रोग्राम के हिसाब से मेकअप चुनने पर लुक अधिक बैलेंस और नेचुरल नजर आएगा। जरूरी नहीं कि हर ट्रेंड को अपनाया जाए। वही मेकअप सबसे अच्छा है, जो आपकी खूबियों को उभारे और जिसमें आप सहज व आत्मविश्वासी महसूस करें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक-सुमन अग्रवाल
image credit- magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।