चेहरे पर नेचुरल चमक देंगे फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स, ऐसे करें इस्तेमाल
-1785774318799.webp)
बरसात के मौसम में हवा में नमी और उमस काफी बढ़ जाती है। इसका सबसे बुरा असर चेहरे की त्वचा पर पड़ता है। ऑयली स्किन वाली महिलाओं के लिए यह मौसम काफी परेशानी भरा रहता है। इस दौरान चेहरे पर बार-बार चिपचिपाहट, पसीना, पिंपल्स और ओपन पोर्स की समस्या होने लगती है। ऐसे में चेहरे पर आइस क्यूब्स का इस्तेमाल करना बेहद फायदेमंद माना जाता है। अगर आप साधारण बर्फ के बजाय अलसी के बीजों से बने आइस क्यूब्स का उपयोग करेंगी, तो चेहरे का निखार कई गुना बढ़ सकता है।
त्वचा के लिए फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स?
अलसी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं। यह ढीली त्वचा में कसाव लाते हैं और चेहरे के एक्स्ट्रा ऑयल को कंट्रोल करते हैं।
फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स के लिए सामग्री
ऑयली स्किन वाली महिलाओं के लिए फ्लैक्ससीड आइस क्यूब असरदार हो सकता है। ऐसे में इसे बनाने के लिए कुछ सामग्री लगेगी। जैसे -
1 कप पानी
2 बड़े चम्मच अलसी के बीज
1 बड़ा चम्मच गुलाब जल
फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स बनाने का तरीका
फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स घर पर बनाना बहुत आसान है। इसके लिए आपको बस ये आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे। जैसे :
- सबसे पहले एक बर्तन में एक कप पानी लें।
- इसमें दो चम्मच अलसी के बीज डालकर धीमी आंच पर उबालें।
- जब पानी उबलकर गाढा जेल जैसा बनने लगे, तो गैस बंद कर दें।
- इस मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
- ठंडा होने के बाद इसे साफ सूती कपड़े या छलनी की मदद से छान लें।
- अब इस जेल में एक चम्मच गुलाब जल अच्छी तरह मिला लें।
- इस घोल को आइस ट्रे में डालें और जमने के लिए फ्रीजर में रख दें।
- आपके फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स अब इस्तेमाल के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- गर्मियों में डल और ड्राई स्किन को कहें बाय, 'वॉटरमेलन' आइस क्यूब से पाएं ग्लोइंग और सॉफ्ट स्किन
चेहरे पर इस्तेमाल करने का सही तरीका
आइस क्यूब्स का पूरा फायदा पाने के लिए सही तरीका जानना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं इसे इस्तेमाल करने के स्टेप्स:
- सबसे पहले अपने चेहरे को माइल्ड फेसवॉश से धोकर साफ और सूखा लें।
- अब आइस क्यूब को पतले मलमल या कॉटन के कपड़े में लपेटें।
- कपड़े में लिपटे आइस क्यूब से चेहरे और गर्दन की 60 से 70 सेकंड तक हल्के हाथों से मसाज करें।
- मसाज के 5 मिनट बाद चेहरे पर हल्का वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर या एलोवेरा जेल लगा लें।
आइस क्यूब्स इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप इन आइस क्यूब्स का पहली बार इस्तेमाल कर रही हैं, तो हाथ या गर्दन पर पैच टेस्ट जरूर करें। डायरेक्ट बर्फ लगाना स्किन बर्न या रेडनेस की वजह बन सकता है। इसलिए हमेशा कपड़े का इस्तेमाल करें। हफ्तों पुरानी जमी हुई बर्फ के बजाय हर 4 से 5 दिन में ताजा आइस क्यूब्स बनाएं। अगर त्वचा पर जलन, खुजली या कोई एलर्जी महसूस हो, तो तुरंत इस्तेमाल रोकें और डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लें।
मानसून में स्किन केयर के लिए अलसी से बने आइस क्यूब्स एक बहुत ही आसान, सस्ता और असरदार घरेलू नुस्खा हैं। अगर आप भी इस बारिश के सीजन में चिपचिपाहट से राहत पाना चाहती हैं, तो फ्लैक्ससीड आइस क्यूब्स को अपने ब्यूटी रूटीन में जरूर शामिल करें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
- चेहरे पर बर्फ क्यूब्स लगाने के क्या फायदे हैं?
- चेहरे पर बर्फ क्यूब लगाने से सूजन कम होती है, रक्त संचार सुधरता है और त्वचा पर चमक आती है।
- क्या बर्फ से कालापन दूर हो सकता है?
- बर्फ लगाने से डार्क सर्कल्स कम हो सकते हैं, लेकिन यह कोई स्थायी समाधान नहीं है ।
- होंठ पर बर्फ लगाने से क्या होता है?
- होंठ पर बर्फ लगाने से रक्त संचार बेहतर होता है, सूजन कम होती है, और होंठ मुलायम व गुलाबी बनते हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।