बालों में लानी हो चमक या डैंड्रफ से पाना हो छुटकारा, करेले का करें इस्तेमाल

करेला का इस्तेमाल कई तरह के व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। किचन में सब्जी के रूप में इस्तेमाल होने वाला करेला कई तरह से हमारी सेहत के लिए फायदेमंद है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये करेला आपके सौंदर्य में भी निखार ला सकता है। जी हां, स्वाद में थोड़ा कड़वा होने वाला करेला चेहरे को निखारता है और बालों को खूबसूरत भी बनाता है।
ये कहना गलत नहीं होगा कि आपके बालों की कई समस्याओं का समाधान इस कड़वी सब्जी में है। बालों से रूसी को ख़त्म करने के साथ बालों की खुजली को भी कम करने के लिए करेले का इस्तेमाल किया जा सकता है। यही नहीं, करेले से बालों में शानदार चमक भी जोड़ी जा सकती है। आइए ग्रेटर नोएडा के ब्यूटी ज़ोन सलून की ब्यूटी एक्सपर्ट, मोनिका राणा से जानें किस तरह से बालों में करेले का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है और इसका इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है।
बालों के लिए करेले के फायदे

इसका जूस बालों से डैंडफ की समस्या को कम करता है और बालों का झड़ना कम करता है। बालों में करेले के इस्तेमाल से बालों का रूखापन दूर होता है और ये बालों को प्राकृतिक रूप से काला करने के साथ चमक भी प्रदान करता है। इस प्रकार करेले और उसके जूस का इस्तेमाल बालों की खूबसूरती कायम रखने में मदद करता है।
इसे जरूर पढ़ें:Summer Skin Care: चेहरे पर करेले के ये 2 फेसपैक लगाने से झटपट दूर हो जाएंगे जिद्दी दाग
बालों की चमक बढ़ाए
करेले के रस में दही मिलाकर बालों में इस्तेमाल करने से बालों में बेहतरीन चमक जोड़ी जा सकती है।
आवश्यक सामग्री
- करेले का जूस-1 कप
- दही -1 /2 कप
बनाने और इस्तेमाल का तरीका

अपने बालों को प्राकृतिक चमक प्रदान करने के लिए आप दही के साथ एक कप करेले के ताजे रस को मिलाकर अपने बालों पर लगाएं। कम से कम 30 मिनट तक बालों में लगाए रखें। आधे घंटे बाद बालों को माइल्ड शैम्पू से धो लें। इस नुस्खे को आप हफ्ते में कम से कम एक बार आजमाएं और बालों को चमकदार बनाएं।
रूसी से छुटकारा

डैंड्रफ बालों की एक आम समस्या है यह कई कारणों से हो सकती है जैसे -अनुचित खान -पान, खराब जीवनशैली और बदलता मौसम। वजह कुछ भी हो लेकिन डैंड्रफ बालों को खराब करने के साथ बाल झड़ने का भी एक मुख्य कारण है। डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए आप बालों में करेले के रस का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए एक कप करेले के जूस में 1 /2 चम्मच जीरा पाउडर और 1 चम्मच नींबू के रस को एक साथ मिलाएं और इस मिश्रण से बालों में मसाज करें। इसे अच्छी तरह से स्कैल्प में लगाएं। इस पैक के नियमित इस्तेमाल से आपको एक महीने में ही डैंड्रफ से पूरी तरह से छुटकारा मिल जाएगा।
स्प्लिट एंड्स ठीक करे

अगर आप दोमुंहे बालों की समस्या से परेशान हैं तो आप करेले के रस को अपने दोमुंहे बालों पर लगाएं और धीरे से कंघी करें। ऐसा करने से करेले का रस पूरे बालों में अच्छी तरह से मिक्स हो जाता है और स्प्लिट एंड्स की समस्या से निजात मिलता है। स्प्लिट एंड्स से छुटकारा पाने के लिए इसे हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करें।
खुजली वाली स्कैल्प से राहत

स्कैल्प के रूखेपन से निपटने के लिए आप करेले का ताजा टुकड़ा उस पर रगड़ें और अपने स्कैल्प पर सर्कुलर मोशन में मसाज करें। फिर, साफ पानी से धो लें। खुजली से पूरी तरह से निपटने के लिए आप करेले के रस को केले के साथ मिलाकर एक हेयर पैक भी तैयार कर सकती हैं और इसे अपने स्कैल्प पर लगा सकती हैं। खुजली वाली खोपड़ी से छुटकारा पाने के लिए सप्ताह में कम से कम एक बार इस्तेमाल करें।
इसे जरूर पढ़ें:एग योक का बालों में ज्यादा इस्तेमाल हो सकता है नुकसानदेह, जानें कैसे
बालों का झड़ना कम करे
करेले का जूस प्राकृतिक रूप से बालों का झड़ना कम करने में मदद करता है। बालों को झड़ने से रोकने के लिए एक कप करेले के रस को 1 चम्मच चीनी के साथ मिलाएं और बालों पर अप्लाई करें। अच्छे परिणामों के लिए इस पैक को हफ्ते में कम से कम 3 बार अप्लाई करें। एक महीने में ही बालों का झड़ना कम होने लगता है।
बालों को प्राकृतिक रूप से काला करे

करेला बालों के समय से पहले सफेद होने का भी इलाज कर सकता है। आप ताजा करेले का रस अपने सफ़ेद बालों पर लगाएं और एक-दो घंटे तक लगाए रखें । इस प्रक्रिया को हफ्ते में एक बार दोहराएं। एक से दो महीने के समय में बालों की सफेदी कम होने लगेगी और बाल प्राकृतिक रूप से काले होने लगेंगे।
उपर्युक्त तरीकों से करेले का बालों में इस्तेमाल आपके बालों की खूबसूरती बढ़ा सकता है। लेकिन यदि आपके बालों में कोई अन्य समस्या है तो इसके इस्तेमाल से पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: shutterstock and freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।