image

मार्गशीर्ष अमावस्या के दिन करें इन 5 चीजों का दान, दूर हो सकते हैं सभी पितृ दोष

हिंदू पंचांग के अनुसार पूरे साल में 12 अमावस्या तिथियां पड़ती यहीं और इन सभी का विशेष महत्व होता है। इनमें से मार्गशीर्ष महीने की अमावस्या तिथि को बहुत शुभफलदायी माना जाता है। यदि आप इस दिन कुछ विशेष चीजों का दान करती हैं तो जीवन में खुशहाली के मार्ग खुलते हैं।
Editorial
Updated:- 2025-11-17, 16:35 IST

हिंदू धर्म में किसी भी महीने की अमावस्या तिथि का विशेष महत्व होता है और इससे ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है अमावस्या तिथि में दान-पुण्य करना। ऐसे ही मार्गशीर्ष मास की अमावस्या को भी किसी पूजा-पाठ या दान के लिए बहुत शुभ माना जाता है। इसे अगहन अमावस्या भी कहा जाता है। यह तिथि मुख्य रूप से पितरों के तर्पण, स्नान, दान और पूजा-पाठ के लिए शुभ मानी जाती है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन किए गए किसी भी तरह के दान-पुण्य से पितर प्रसन्न होते हैं और घर-परिवार पर उनका आशीर्वाद सदैव बना रहता है। साथ ही, भगवान विष्णु की कृपा से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। यही नहीं यदि आप इस दिन कुछ विशेष चीजों का दान करती हैं तो आपके घर से पितृ दोष दूर रहते हैं। इस साल 20 नवंबर को मार्गशीर्ष अमावस्या मनाई जाएगी। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें मार्गशीर्ष अमावस्या के दिन किन चीजों का दान करना सबसे शुभ और फलदायी माना जाता है और किन चीजों के दान से आपके पितृ दोष दूर हो सकते हैं।

मार्गशीर्ष अमावस्या पर अन्न का करें दान

मार्गशीर्ष अमावस्या पर अन्न या खाने की चीजों का दान करना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि यदि आप इस दिन किसी जरूरतमंद को भोजन कराएं या अनाज जैसे गेहूं, चावल, दाल आदि का दान करें तो आपके घर में समृद्धि बनी रहती है। इस दिन ब्राह्मणों को भी भोजन कराना बहुत शुभ माना जाता है और इस दिन ब्राह्मण के लिए सीधा निकाला जाता है जिसमें चावल, काली उड़द दाल, आटा, सब्जियां, घी आदि को शामिल किया जाता है। यदि आप मार्गशीर्ष अमावस्या पर ब्राह्मण को भोजन नहीं करा पा रही हैं तब भी दान में सीधा देना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से पितरों का आशीर्वाद हमेशा आपके जीवन में बना रहता है।

black sesame seeds donation

मार्गशीर्ष अमावस्या पर गुड़ और घी का करें दान

ज्योतिष की मानें तो मार्गशीर्ष अमावस्या पर गुड़ और घी का दान करना भी बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इस तरह का दान व्यक्ति की सुख-समृद्धि के लिए फलदायी माना जाता है। यही नहीं इससे आपके घर के किसी भी तरह के पितृ दोष भी दूर हो सकते हैं। अगर आपके घर में बिना वजह लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं तो इसका कारण पितरों को नाराजगी हो सकता है। ऐसे में आपको मार्गशीर्ष अमावस्या पर गुड़ और घी का दान जरूर करना चाहिए।

इसे जरूर पढ़ें: 18 या 19 नवंबर कब मनाई जाएगी Margashirsha Masik Shivratri, यहां जानें सही तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व

मार्गशीर्ष अमावस्या पर काले तिल का करें दान

मार्गशीर्ष अमावस्या पर यदि आप काले तिल का दान करती हैं तो यह घर की शांति के लिए बहुत शुभ माना जाता है। यही नहीं तिल का दान पितरों की शांति के लिए भी बहुत शुभ माना जाता है। अमावस्या तिथि पर काले तिल का दान करने से पितृ दोषों को दूर करने में मदद मिलती है और पितरों की आत्मा को शांति मिलती है। ऐसा माना जाता है कि यदि आप इस दिन पानी में काले तिल डालकर पितरों के निमित्त तर्पण करती हैं तो बहुत शुभ माना जाता है और पितृ दोष दूर होते हैं।  

what to donate on margshirsh amavasya

मार्गशीर्ष अमावस्या पर वस्त्रों का करें दान

ऐसी मान्यता है कि मार्गशीर्ष अमावस्या के दिन यदि आप जरूरतमंदों को वस्त्र का दान करें तो शुभ फलों की प्राप्ति हो सकती है। यह भी कहा जाता है कि इसी महीने से सर्दी की शुरुआत भी होती है, इसलिए यदि आप इस दौरान गर्म कपड़ों का दान करें या जरूरतमंदों को कंबल आदि दान में दें तो यह बहुत फलदायी माना जाता है। यही नहीं पितृ दोषों को दूर करने के लिए इस दिन काले रंग के वस्त्र दान करने की सलाह दी जाती है। इससे पितृ दोष दूर होते हैं और कुंडली के ग्रह दोष भी शांत होते हैं।

what to donate on amavasya tithi

मार्गशीर्ष अमावस्या पर जूते और चप्पल का करें दान

मार्गशीर्ष अमावस्या पर यदि आप जरूरतमंदों को जूते या चप्पल का दान करेंगी तो जीवन में आने वाले कई समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। यही नहीं इन चीजों के दान से आपके घर के पितृ दोषों को दूर किया जा सकता है। इन चीजों के दान से शनि दोषों को दूर करने में मदद मिलती है। यदि आपकी राशि में शनि की साढ़े साती चल रही है तो आप इन चीजों का दान जरूर करें।

इसे जरूर पढ़ें: Margashirsha Amavasya के दिन करें ये उपाय, ग्रह दोषों से मिलेगा छुटाकारा

मार्गशीर्ष अमावस्या पर धन का करें दान

यदि आप मार्गशीर्ष अमावस्या पर किसी जरूरतमंद को पैसों का दान करती हैं तो यह बहुत शुभ माना जाता है। ऐसे भी आपको सलाह दी जाती है कि यदि आप हमेशा अपनी आमदनी का कुछ हिस्सा जरूरतमंदों को दान करें तो इससे शुभ फल मिलते हैं, वहीं अमावस्या तिथि पर किया गया दान और ज्यादा फलदायी माना जाता है। इससे आपके घर के किसी भी दोष को दूर करने में मदद मिलती है।

यदि आप मार्गशीर्ष अमावस्या के दिन यहां बताई चीजों का दान करेंगी तो आपके जीवन में सदैव खुशहाली बनी रह सकती है। यही नहीं इन चीजों का दान आपके पितृ दोष भी दूर करने में मदद करता है।
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। 

Images: Shutterstock.com 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।

;