शरीर को दुरुस्त बनाए रखने के लिए पाचन-तंत्र का सही तरीके से काम करना बहुत जरूरी होता है। लेकिन कई बार कुछ कारणों के चलते हमारा डाइजेस्टिव सिस्टम खराब होने लगता है। इसी कड़ी में आज हम आपको बताएंगे की पाचन कमजोर होने पर क्या संकेत मिलते हैं। इस बारे में हमें पोषण विशेषज्ञ और प्रमाणित आयुर्वेदिक चिकित्सक सोनम के इंस्टाग्राम से जानकारी प्राप्त हुई है।
कब्ज की समस्या
लंबे समय से हो रही कब्ज की समस्या पाचन-तंत्र के खराब होने का संकेत हो सकती है। पाचन के सही होने पर मल त्यागने में परेशानी नहीं होती है।
बार-बार उल्टी आना
खाना खाने के बाद उल्टी जैसा मन होना या बार-बार उल्टी आने का अर्थ हो सकता है कि आपका पाचन सही तरीके से काम नहीं कर रहा है।
खाने के बाद अजीब महसूस करना
अगर कुछ चीजों को खाने के बाद आपको शरीर में अजीब महसूस होता है, तो यह पाचन खराब होने का संकेत हो सकता है। पेट में कुछ भी जाने पर फूड इनटॉलरेंस हो जाता है।
पेट में ऐंठन
कई लोगों को खाना खाने के बाद पेट में ऐंठन की समस्या होती है। ऐसा हमेशा होने पर इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह पाचन के खराब होने का संकेत हो सकता है।
मल में खून आना
पाचन खराब होने का यह एक गंभीर संकेत हो सकता है। अगर आपको मल में खून आने की समस्या है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
वजन कम होना
अचानक से ज्यादा वजन गिरना भी पाचन-तंत्र के सही से काम न करने का संकेत हो सकता है। ऐसे में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए।
गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज
अगर आपको सीने में बेचैनी, खाना निगलने में परेशानी, सूखी खांसी या मुंह से खट्टा स्वाद आने की समस्या है, तो यह पाचन खराब होने का संकेत हो सकता है।
शरीर में ये लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। स्टोरी अच्छी लगी हो, तो शेयर करें। इस तरह की अन्य जानकारी के लिए क्लिक करें herzindagi.com पर।