हलीम के बीज पोषक तत्‍वों से भरपूर होते हैं और आयरन की मौजूदगी के कारण इन्‍हें डाइट में शामिल किया जाता है। हालांकि, सिर्फ हलीम खाना ही काफी नहीं है बल्कि इसे किस तरह खाना चाहिए? यह भी काफी मायने रखता है। भिगाने और उबालने जैसे प्रोसेस से बीज के पोषक तत्‍वों पर असर पड़ता है। ऐसे में अगर आप हलीम के बीजों को अपनी डाइट का हिस्‍सा बनाना चाहती हैं, तो जानिए इसे भिगोकर या उबालकर खाने का सही तरीका क्‍या है और आयरन के बेहतर अवशोषण के लिए किन बातों का ध्‍यान रखना चाहिए?

हलीम के बीज कैसे खाने चाहिए?

एक रिसर्च में हलीम के बीजों को भिगोकर, उबालकर और भूनकर तैयार किया गया और देखा गया कि इन तरीकों से खाने से बीजों के पोषक तत्वों में क्या बदलाव आते हैं। शोध में पाया गया कि उबालने से आयरन शरीर के लिए सबसे ज्यादा उपलब्ध होता है। इसके अलावा, इन तरीकों से फाइटेट और ऑक्सालेट जैसे एंटीन्यूट्रिएंट्स की मात्रा भी कम हुई, जिससे आयरन जैसे मिनरल्स के शरीर में अवशोषण में मदद मिल सकती है। इस अध्ययन का नाम ''गार्डन क्रेस के बीजों को अलग-अलग तरीकों से तैयार करने का पोषक तत्वों और फैटी एसिड पर प्रभाव'' है। यह रिसर्च 2016 में Food Chemistry नामक शोध पत्रिका में प्रकाशित हुई थी। सबसे पहले हम यह जान लेते हैं कि हलीम के बीजों में कौन से पोषक तत्‍व मौजूद होते हैं?

हलीम के बीजों में मौजूद पोषक तत्व

पोषक तत्व शरीर के लिए फायदे
आयरन हीमोग्लोबिन बनाने और ऑक्सीजन पहुंचाने में मददगार 
प्रोटीन मसल्‍स और टिशू के निर्माण में सहायक
फाइबर डाइजेशन को बेहतर रखने में मददगार  
कैल्शियम हड्डियों और दांतों के लिए जरूरी 
विटामिन C आयरन के अवशोषण में मदद करता है 
विटामिन E एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है
फोलेट कोशिकाओं के विकास और निर्माण में जरूरी  
ओमेगा-3 फैटी एसिड  शरीर की हेल्‍थ के लिए उपयोगी

 

हलीम के बीजों का कैसे करें सेवन?

  • 1 चम्मच हलीम के बीजों को रातभर पानी में भिगोएं।
  • सुबह पानी फेंककर बीजों को अच्छी तरह धो लें।
  • फिर 1 गिलास ताजे पानी में डालकर तब तक हल्का उबालें, जब तक बीज नरम न हो जाएं।
  • बीजों को पानी के साथ ही पिएं।
  • मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर नींबू डालें। इसमें मौजूद विटामिन C नॉन-हीम आयरन के अवशोषण में मदद करता है।
  • आप 1/2 चम्मच घी या किसी अन्य फैट सोर्स को भी शामिल कर सकती हैं।

आपको इस बात का ध्‍यान रखना होगा कि चाय और कॉफी का सेवन हलीम के बीज लेने से कम से कम 1 घंटे पहले या बाद में करें। आप रोस्ट किया हुआ हलीम भी खा सकती हैं, लेकिन अध्‍ययन के मुताबिक शरीर को मिलने वाले आयरन की मात्रा के लिहाज से इसे उबालकर खाना ज्‍यादा बेहतर होता है।

हलीम के बीज खाने का अन्‍य तरीका

रातभर पानी में भीगा हुआ हलीम खाना आसान और हेल्‍दी विकल्प है। इसे खाने से पहले नींबू, आंवला या संतरे जैसे विटामिन C वाले फूड्स के साथ लिया जा सकता है। विटामिन C शरीर में आयरन के अवशोषण को बेहतर करता है। इसके साथ थोड़ी मात्रा में फैट सोर्स, जैसे बादाम या तिल के बीज शामिल किए जा सकते हैं। इससे यह कॉम्बिनेशन ज्यादा हेल्‍दी बन जाता है।

यह भी पढ़ें- Health Tips: हलीम के चुटकीभर बीज से महिलाओं को होंगे सेहत से जुड़े 5 बड़े फायदे

शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाने के लिए इस तरह से हलीम के बीजों को डाइट में शामिल किया जा सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: Shutterstock & magnific

क्या हलीम के बीज आयरन से भरपूर होते हैं?

हलीम के बीज आयरन सहित कई पोषक तत्वों के स्रोत हैं। इन्हें संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।

हलीम के बीजों के साथ क्या खाना चाहिए?

हलीम के बीजों को दूध, दही, स्मूदी या दलिया में मिलाकर लिया जा सकता है। आयरन के अवशोषण के लिए नींबू, आंवला या अन्य विटामिन C युक्त फूड्स भी शामिल किए जा सकते हैं।

क्या हलीम के बीज रोज खा सकते हैं?

आमतौर पर हलीम के बीजों को सीमित मात्रा में डाइट में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, किसी हेल्‍थ प्रॉब्‍लम्‍स में डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना बेहतर होता है।