Forest Fruits Pickles: खाने के साथ अगर अचार मिल जाए, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। आम का सीजन आते ही लोग बाजार से कच्ची कैरी लाकर इसका अचार बनाते हैं। अचार की शौकीन महिलाएं अलग-अलग तरह के अचार खाना और बनाना पसंद करती हैं। इसमें फल से लेकर सब्जियां, हर तरह की वैरायटी शामिल होती हैं, लेकिन क्या आपने कभी जंगली फलों का अचार बनाया और खाया है।

अगर नहीं, तो आज के इस लेख में हम आपको 7 ऐसे वाइल्ट फॉरेस्ट फ्रूट के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका अचार आपको बाकी अचार को भूलने के लिए मजबूर कर देगा। आइए फिर देर किस बात की चलिए जानते हैं इनके नाम-

करौंदा (Karonda)

झाड़ियों में उगने वाला यह छोटा सा फल स्वाद में बहुत खट्टा होता है। जब इसे हरी मिर्च, सौंफ, कलौंजी और राई के साथ सरसों के तेल में पकाया जाता है, तो इसका चटपटा और तीखा अचार तैयार होता है। यह खाने का स्वाद दोगुना कर देता है। इतना ही नहीं बल्कि लोग इसकी चटनी बनाकर भी बड़े चाव से खाते हैं।

कैथ या कबीट (Wood Apple)

बाहर से पत्थर जैसा सख्त और अंदर से गूदेदार यह फल जंगलों में खूब पाया जाता है। इसके पके हुए गूदे में गुड़, काला नमक, भुना जीरा और लाल मिर्च मिलाकर एक बेहतरीन खट्टा-मीठा अचार या चटनी बनाई जाती है, जो पाचन के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है।

इसे भी पढ़ें- नींबू के छिलकों को फेंके नहीं, बंद करके रख दें इस स्पेशल डिब्बे में; बिना मेहनत तैयार होगा अचार

लसोड़ा या गुंदा (Glue Berry/Gunda)

राजस्थान और मध्य प्रदेश के शुष्क जंगलों व ग्रामीण इलाकों में लसोड़ा खूब मिलता है। इसके अंदर एक चिपचिपा बीज होता है, जिसे निकालकर इसमें कच्चा आम, सौंफ, मेथी और मसालों की स्टफिंग करके अचार बनाया जाता है। मारवाड़ी घरों में यह बेहद लोकप्रिय है।

बेर (Wild Berries /Jujube)

जंगली छोटे बेर जब थोड़े कच्चे-पक्के होते हैं, तब इनका अचार बनाया जाता है। सूखे या हल्के गीले बेरों को गुड़ की चाशनी, पंचफोरन मसाले और सूखी लाल मिर्च के साथ पकाकर एक ऐसा खट्टा-मीठा अचार तैयार होता है, जिसे बच्चे और बड़े सभी चाव से खाते हैं।

हरड़ या हर्रे (Haritaki)

आमतौर पर हरड़ को एक आयुर्वेदिक औषधि माना जाता है, लेकिन इसके कच्चे फलों का अचार बहुत स्वादिष्ट होता है। नमक, हल्दी, राई और हींग के साथ बना इसका पारंपरिक अचार पेट के लिए रामबाण इलाज माना जाता है और इसका कसैला-खट्टा स्वाद बहुत अनोखा होता है।

चालता या हाथी सेब (Elephant Apple)

पूर्वोत्तर भारतऔर ओडिशा के जंगलों में पाया जाने वाला यह फल बाहर से सख्त परतों से ढका होता है। इसके अंदर के हिस्से को काटकर सरसों के तेल, पंचफोरन और गुड़ के साथ पकाया जाता है। असम और बंगाल में इसका खट्टा-मीठा अचार बेहद पसंद किया जाता है।

अंबाड़ा या अमड़ा (Hog Plum)

अंबाड़ा या अमड़ा फल दिखने में छोटे कच्चे आम जैसा लगता है, लेकिन इसका स्वाद थोड़े अलग किस्म का खट्टा होता है। इसके बीच में एक जालीदार गुठली होती है। सरसों के मसाले और तीखी मिर्च के साथ बना इसका अचार दाल-चावल के साथ अमृत जैसा लगता है।

इसे भी पढ़ें- क्या आपने कभी खाया है बीजों से भरा केला, जानें नॉर्मल केले से कितना होता है अलग और क्या है खासियत?

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।

Image Credit- freepik