राधा अष्टमी 2026 कब है? व्रत रख रही हैं, तो जरूर पढ़ें यह पौराणिक कथा

हिंदू धर्म में राधा अष्टमी का पर्व बहुत ही खास माना जाता है। यह दिन राधा रानी के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण की पूजा राधा रानी के बिना पूरी नहीं होती, इसलिए जन्माष्टमी के बाद आने वाली राधा अष्टमी का महत्व बहुत है।
इस दिन जो लोग भी सच्चे मन से व्रत रखते हैं और राधा-कृष्ण की पूजा करते हैं, उनके घर में सुख और समृद्धि बनी रहती है। साथ ही उनकी कामनाएं भी पूरी होती हैं, लेकिन कई लोगों को राधा अष्टमी की तारीख को लेकर कन्फ्यूजन है। ऐसे में हम आपकी दुविधा दूर कर रहे हैं। इसके अलावा आपको व्रत की विधि और कथा के बारे में भी जानकारी देंगे। आइए जानते हैं-
-1789706103964.webp)
Image Credit- magnific
राधा अष्टमी की सही तिथि और समय
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को राधा अष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस साल 2026 में अष्टमी तिथि 18 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे शुरू होगी और 19 सितंबर को दोपहर 3:26 बजे खत्म होगी। ऐसे में उदयातिथि के हिसाब से राधा अष्टमी का व्रत 19 सितंबर 2026 को ही रखा जाएगा। इस दिन मंदिरों और घरों में राधा रानी के जन्मोत्सव पर बहुत धूमधाम से पूजा-पाठ की जाती है।
यह भी पढ़ें- Radha Ashtami 2026 Wishes And Quotes: श्री राधा रानी की कृपा से महकेगा जीवन, अपनों को भेजें ये 30 खास विशेज
राधा अष्टमी की पूजा विधि
ये रही राधा अष्टमी की सही पूजा विधि, जिसे हर किसी को अपनाना चाहिए-
- स्नान और साफ-सफाई: राधा अष्टमी के दिन सुबह जल्दी उठकर नहा लें और साफ-सुथरे कपड़े पहन लें।
- चौकी सजाएं: इसके बाद पूजा की जगह को अच्छे से साफ करके एक चौकी पर साफ कपड़ा बिछाएं और वहां राधा-कृष्ण की मूर्ति या तस्वीर रखें।
- जरूरी चीजें अर्पित करें: पूजा के दौरान राधा रानी और भगवान कृष्ण को चंदन, अक्षत, फूल और रोली लगाएं।
- भोग लगाएं: घी का दीया और धूप जलाकर नियम से पूजा करें। राधा रानी को फल, मिठाई और खीर का भोग बहुत पसंद है। ऐसे में आप उन्हें इन चीजों का भोग लगा सकती हैं।
- मंत्र जाप: पूजा करते समय राधा रानी के नाम का जाप करें और परिवार की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना करें। आप 'ऊं ह्रीं श्री राधिकायै नमः' मंत्र का जाप भी कर सकती हैं।
Image Credit- Magnific
व्रत के जरूरी नियम
अगर आप राधा अष्टमी का व्रत रख रहीं हैं, तो कुछ नियम आपको जरूर मानने चाहिए। जैसे-
- इस दिन जो लोग भी व्रत रखते हैं, उन्हें अपने मन, बोलचाल और कामों में शुद्धता का खास ख्याल रखना चाहिए।
- आप अपनी सेहत के हिसाब से बिना कुछ खाए (निराहार) या फल खाकर (फलाहार) व्रत रख सकती हैं। अगर तबीयत ठीक न हो, तो कड़े उपवास की जगह सादा खाना खा सकती हैं।
- व्रत के दौरान झूठ बोलने, गुस्सा करने, किसी से लड़ाई करने और बुरे विचारों से दूर रहना चाहिए।
- इस दिन धैर्य रखना और सादा जीवन जीना बहुत शुभ माना जाता है।
- भगवान के नाम का स्मरण करते हुए पूरा दिन बिताना बहुत फल देता है।
राधा अष्टमी की पौराणिक व्रत कथा
ब्रह्मवैवर्त पुराण की कथा के अनुसार, एक बार देवर्षि नारद ने भगवान सदाशिव (शिवजी) के चरणों में प्रणाम करके पूछा कि हे प्रभु, बताइए श्री राधा देवी कौन हैं? क्या वे लक्ष्मी हैं, सरस्वती हैं या कोई वेदकन्या हैं? नारद जी की बात सुनकर शिवजी ने कहा कि हे मुनिवर, मैं श्री राधा के रूप और गुणों का बखान करने में खुद को असमर्थ पाता हूं। तीनों लोकों में कोई ऐसा नहीं है जो उनकी सुंदरता का पूरा वर्णन कर सके। उनकी सुंदरता तो खुद भगवान कृष्ण को भी मोहने वाली है।
यह भी पढ़ें- Radha Ashtami Vrat Paran Vidhi: कैसे करें राधा अष्टमी के व्रत का पारण? जानें सही विधि
इसके बाद नारद जी ने उनके जन्म के बारे में पूछा, तो शिवजी ने बताया कि वृषभानुपुरी के राजा वृषभानु बहुत ही उदार, ज्ञानी और धनी थे। वे हमेशा संयम से रहते थे और कृष्ण की भक्ति करते थे। उनकी पत्नी का नाम कीर्तिदा था, जो बहुत ही सुंदर, गुणवान और पतिव्रता थीं। उन्हीं के घर भाद्रपद महीने की शुक्लाष्टमी को दोपहर के समय श्री राधा रानी प्रकट हुईं।
शिवजी ने आगे बताया कि राधा अष्टमी के दिन व्रत रखकर राधा-कृष्ण के मंदिर को फूलों और सुंदर वस्त्रों से सजाना चाहिए। मंदिर के बीच में पांच रंगों के चूर्ण से मंडप बनाकर कमल का फूल बनाएं। उस कमल के बीच में राधा-कृष्ण की मूर्ति रखकर अपनी क्षमता के अनुसार और पूरी भक्ति के साथ उनकी पूजा-अर्चना करनी चाहिए।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
डिस्क्लेमर (Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, पंचांग और पौराणिक कथाओं पर आधारित है। इसका उद्देश्य केवल धार्मिक संदर्भ और जानकारी प्रदान करना है। हमारा प्लेटफॉर्म इसमें निहित किसी भी तथ्य, तिथि या कथा के पूर्ण दावों की सत्यता का समर्थन नहीं करता है। अपनी स्थानीय परंपराओं, पंचांग गणनाओं और व्रत नियमों के सटीक पालन के लिए कृपया अपने पंडित या ज्योतिषाचार्य से परामर्श लें।
Image Credit- Magnific
- राधा अष्टमी व्रत का पारण कब करें?
- राधा अष्टमी का व्रत अगले दिन नवमी तिथि के सूर्योदय के बाद पारण किया जाता है। व्रत खोलने से पहले सात्विक भोजन या फलाहार का ही सेवन करें।
- क्या कुंवारी लड़कियां राधा अष्टमी का व्रत रख सकती हैं?
- हां, कुंवारी लड़कियां मनचाहा और योग्य वर पाने के लिए यह व्रत रख सकती हैं। राधा रानी की कृपा से वैवाहिक जीवन में प्रेम और सुख-समृद्धि बनी रहती है।
- राधा जी के जन्मस्थान का क्या नाम है?
- पौराणिक मान्यताओं के अनुसार राधा रानी का प्राकट्य मथुरा के पास स्थित 'रावल' गांव में हुआ था। इसके बाद उनका बचपन बरसाना में बीता था।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।