Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:53 PM IST

Astrologer Tips: 'तुलसी के पानी' से ये उपाय करने पर घर में आएगी सुख-शांति

तुलसी की पत्ती ही नहीं बल्कि तुलसी का पानी भी आपके जीवन में सुख- समृद्धि लाएगा, पंडित जी से जानें कैसे। 
Updated:- 2021-11-22, 12:59 IST
image

तुलसी के पौधे को हिंदू धर्म में देव तुल्य माना गया है। ऐसी मान्‍यता है कि तुलसी के पौधे में देवी लक्ष्मी जी का वास होता है। इसलिए घर में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने के लिए हिंदू परिवारों में घर में तुलसी का पौधा जरूर लगाया जाता है। तुलसी का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी इसे बहुत ही फायदेमंद माना गया है। 

तुलसी की पत्तियों को निगलने मात्र से सेहत से जुड़ी कई तरह की दिक्कतें दूर हो जाती हैं। अगर आप तुलसी के पत्ते को निगलना नहीं चाहते हैं, तो तुलसी की पत्ती का पानी भी आपको बहुत लाभ पहुंचा सकता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि तुलसी का पानी केवल सेहत के लिए ही अच्‍छा नहीं होता है बल्कि ज्‍योतिष शास्‍त्र में इसके और भी कई फायदे बताए गए हैं। 

इस विषय पर हमने भोपाल निवासी पंडित विनोद सोनी जी से बात की। पंडित जी कहते हैं, 'तुलसी का पौधा और उसकी पत्‍ती दोनों ही सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न करते हैं। वहीं नकारात्मक ऊर्जा तुलसी की उपस्थिति से दूर हो जाती है। मगर कई बार लोग किसी कारण वश घरों में तुलसी का पौधा नहीं लगा पाते हैं। ऐसे में अगर आपको कहीं से तुलसी के पौधे की पत्तियां ही प्राप्त हो जाएं, तो उसे पानी में भिगो दें। तुलसी का पानी बहुत ही पवित्र होता है और उसे ग्रहण करने या फिर उसके छिड़काव भर से उस स्थान और मानव शरीर में सकारात्मकता का प्रवेश होता है।'

इसे जरूर पढ़ें: गृह शांति के लिए तुलसी के उपाय

पंडित जी तुलसी के पानी के कुछ उपाय भी बताते हैं- 

tulsi  water  making

तुलसी के पानी को ग्रहण करने के फायदे 

तुलसी की 5 से 7 पत्तियों को साफ जल में भिगो दें। इस पानी को रात भर के लिए आप तांबे के लोटे या बर्तन (तांबे के बर्तन साफ करने के तरीके) में ढक कर रख दें। दूसरे दिन आप इस जल को ग्रहण करें। यह जल आपकी सेहत के लिए भी अच्‍छा है और इससे आपका मन शांत रहेगा। पंडित जी कहते हैं, 'इस बात का ध्यान रखें कि तुलसी की जो पत्तियां आपने जल में भिगो कर रखी हैं, उन्हें दांतों से चबाकर खाएं नहीं बल्कि निगल लें। तुलसी में पारा होता है, यह सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इतना ही नहीं, आप 7 से 8 तुलसी की पत्तियों को रोज निगल सकते हैं।'

तुलसी के पानी का छिड़काव करने के फायदे 

तुलसी के पानी को पीने के साथ ही आप इस पानी का छिड़काव अपने पूरे घर में भी कर सकती हैं। यह कार्य आप सुबह और शाम की पूजा के बाद जरूर करें। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। इतना ही नहीं, अगर आपके घर में कोई लंबे वक्त से बीमार है, तो आप उस पर भी तुलसी के पानी का छिड़काव कर सकती हैं।  

tulsi  water  in  morning

तुलसी के पानी से स्नान करने के फायदे 

तुलसी के पानी से स्नान करने के अनेक फायदे हैं। यह सेहत के लिए तो फायदेमंद तो होता ही है, साथ ही इससे दरिद्रता दूर होती है। पंडित जी कहते हैं, 'कार्तिक मास के बाद अगहन मास आता है। इस दौरान आप रोज तुलसी के पानी से स्नान कर सकते हैं। ऐसा करने से जीवन में सुख-शांति तो आती ही है, साथ ही माता लक्ष्‍मी की कृपा भी प्राप्त होती है।'

इसे जरूर पढ़ें: तुलसी का पानी पीने से क्या-क्या मिल सकते हैं फायदे, आप भी जानें

तुलसी के पानी से लड्डू गोपाल को स्नान कराने के फायदे 

अगर आपके घर में लड्डू गोपाल हैं, तो जाहिर है आप उनकी नियमित सेवा करते होंगे। कुछ भक्त नियमित लड्डू गोपाल को विधिपूर्वक स्नान कराते हैं और उनकी पूजा करते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो तुलसी के पानी से आपको लड्डू गोपाल को स्नान (लड्डू गोपाल को स्नान कराने की विधि जानें) कराना चाहिए। आपको बता दें कि श्रीकृष्ण को तुलसी अति प्रिय है और यदि आप लड्डू गोपाल को तुलसी के पानी से स्नान कराते हैं, तो इससे आपको श्री हरि विष्णु भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।  

उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक करें, साथ ही ऐसे और लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।  

Image Credit: Shutterstock

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।